चटनी में लगा लें ये तड़के, स्वाद में आ जाएगा दोगुना निखार

चटनी को अक्सर खाने के साथ खाया जाता है, लेकिन कई बार एक जैसी चटनी खाकर भी आप बोर हो सकती हैं। ऐसे में आप उसका स्वाद निखार सकती हैं, वो भी उसमें तड़का लगाकर। आइए आपको बताएं ऐसे स्वादिष्ट तड़के, जो चटनी के स्वाद को एन्हांस कर सकते हैं।
image

चटनी खाने का स्वाद बढ़ाती है, उसमें कोई शक नहीं है। मगर कई बार ऐसा होता है कि मेहनत के बाद भी चटनी ब्लैंड लग सकती हैं। चटनी को पीसना ही काफी नहीं है। इसक असली स्वाद निखारने के लिए आप उसमें तड़का भी लगा सकती हैं। किसी भी तरह का तड़का चटनी की खुशबू, रंग और टेक्सचर को भी एन्हांस करता है।

अब देखिए राई और करी पत्ते का तड़का तो बड़ा आम है। इसे दाल, सांभर और कई तरह की डिशेज में डाला जाता है। इसी तरह कई तड़के हैं, जो आपकी चटनी के स्वाद को बढ़ा सकते हैं। अगर आप अपनी रोजमर्रा की चटनी को बेहतर बनाना चाहती हैं, तो तैयार हो जाइए, क्योंकि हम आपको चटनी में जान डालने वाले कुछ ऐसे लाजवाब तड़कों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें लगाकर आपकी चटनी का स्वाद दोगुना नहीं, बल्कि चौगुना हो जाएगा।

चटनी में तड़के का क्या है महत्व?

तड़का चटनी में एक एक्स्ट्रा लेयर जोड़ता है। इससे वह और अधिक स्वादिष्ट बनती है। गरम मसालों की खुशबू चटनी को ज्यादा अपीलिंग बनाती है। इसकी खुशबू से भूख भी बढ़ जाती है। तड़के में इस्तेमाल होने वाली लाल मिर्च या करी पत्ता चटनी को सुंदर रंग और कुरकुरी बनावट देते हैं। हींग और जीरा जैसे मसाले पाचन में भी मदद करते हैं।

tadka for imli ki chutney

इमली की चटनी में लगाएं तड़का

इमली की चटनी अपनी खटास और मीठे स्वाद के लिए जानी जाती है, खासकर समोसे, पकौड़े या चाट के साथ। इसमें तड़का लगाने से इसका स्वाद और भी निखर जाता है।

इसे भी पढ़ें: पांच भारतीय चटनियों के नाम हुए दुनिया के बेस्ट डिप्स की लिस्ट में शामिल

1. ट्रेडिशनल मीठा और नमकीन तड़का:

आवश्यक सामग्री: 1 बड़ा चम्मच तेल, 1/2 चम्मच राई, 1/2 चम्मच जीरा, चुटकी भर हींग, 2-3 सूखी लाल मिर्च, 5-6 करी पत्ता

बनाने का तरीका: एक छोटे पैन में तेल गरम करें। सरसों के दाने डालें, जब वे तड़कने लगें तो जीरा, हींग, सूखी लाल मिर्च और करी पत्ता डालें। करी पत्ता कुरकुरा होने तक भूनें। इस तड़के को गरमागरम इमली की चटनी में डालें और तुरंत ढंक दें ताकि खुशबू अंदर बनी रहे। यह तड़का चटनी में स्मोकी फ्लेवर भी देगा। इससे इमली की मिठास और खटास को संतुलित करता है।

हरी चटनी में स्वाद भरा तड़का-

पुदीना, धनिया और हरी मिर्च से बनी हरी चटनी सिर्फ स्नैक्स के साथ अच्छी नहीं लगती, बल्कि पराठे और मील्स के साथ भी अच्छी लगती है। इसे और बेहतर बनाने के लिए आप यह तड़का तैयार कर सकते हैं।

tadka for green chutney

1. साउथ इंडियन स्टाइल में लगाएं तड़का:

आवश्यक सामग्री: 1 बड़ा चम्मच नारियल तेल, 1/2 चम्मच राई, 1/2 चम्मच उड़द दाल, 1/4 चम्मच हींग, 7-8 करी पत्ता, 1-2 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)।

बनाने का तरीका: नारियल तेल गर्म करें। उसमें राई डालें और जब वे चटकने लगें तो उड़द दाल डालें। इसे सुनहरा होने तक भूनें। फिर हींग, करी पत्ता और कटी हुई हरी मिर्च डालें। मिर्च के हल्के सिक जाने पर इस तड़के को ताजी पीसी हुई हरी चटनी में मिला दें।

उड़द दाल कुरकुरी होकर चटनी में एक अलग टेक्सचर देती है, जबकि नारियल तेल और करी पत्ता इसे एक अलग साउथ इंडियन खुशबू भी देता है। यह हरी चटनी के तीखेपन को बढ़ाता है और उसे अधिक स्वादिष्ट बनाता है।

2. जीरा-हींग का तड़का लगाएं:

आवश्यक सामग्री: 1 बड़ा चम्मच घी या तेल, 1 चम्मच जीरा, चुटकी भर हींग।

बनाने का तरीका: घी गरम करें। पैन में जीरा और हींग डालें। जीरा सुनहरा होने और खुशबू आने तक भूनें। इस तड़के को हरी चटनी में मिलाएं। यह तड़का हरी चटनी में एक अलग स्वाद देगा।

तिल की चटनी में लगाएं तड़का

तिल की चटनी अक्सर मूंगफली या नारियल के साथ बनाई जाती है, जो इसे एक नटी स्वाद देती है। इसमें तड़का लगाने से आपके इसके फ्लेवर को थोड़ा और बढ़ा सकती हैं।

1. मूंगफली-तिल तड़का:

आवश्यक सामग्री: 1 बड़ा चम्मच तेल, 1 चम्मच सरसों के दाने, 1/2 चम्मच जीरा, 1 बड़ा चम्मच भुनी हुई मूंगफली (क्रश की हुई), 1 चम्मच सफेद तिल, 5-6 करी पत्ता, 2-3 सूखी लाल मिर्च।

बनाने का तरीका: तेल गरम करें। सरसों और जीरा डालें। जब वे तड़कने लगें, तो भुनी हुई मूंगफली और सफेद तिल डालें। तिल के सुनहरा होने और खुशबू आने तक भूनें। फिर करी पत्ता और सूखी लाल मिर्च डालकर भूनें। इस तड़के को तिल की चटनी में मिलाएं।

til chutney tadka

यह तड़का चटनी में एक कुरकुरापन जोड़ता है, जो तिल के स्वाद बढ़ात है मूंगफली और तिल का मिश्रण चटनी को और भी स्वादिष्ट और पौष्टिक बनाता है।

2. लहसुन-लाल मिर्च तड़का:

आवश्यक सामग्री: 1 बड़ा चम्मच तेल, 4-5 कली लहसुन (बारीक कटा हुआ), 1/2 चम्मच राई, 1/2 चम्मच जीरा, 1/2 चम्मच लाल मिर्च पाउडर।

बनाने का तरीका: तेल गरम करें। लहसुन डालें और सुनहरा होने तक भूनें। फिर राई और जीरा डालें। जब वे चटकने लगें, तो गैस बंद करें और तुरंत लाल मिर्च पाउडर डालकर मिलाएं। इस तड़के को तिल की चटनी में मिलाएं।
लहसुन और लाल मिर्च का यह तीखा तड़का तिल की चटनी में स्पाइसीनेस देगा, खासकर यदि आप इसे इडली, डोसा या रोटी के साथ खा रहे हों।

इसे भी पढ़ें: भोजन के स्वाद को बढ़ाने के लिए शामिल करें ये 3 तरह की साउथ इंडियन चटनी

चटनी में तड़का लगाते हुए ध्यान रखें ये बातें-

  • वैसे तो तड़के को तेल में भी तैयार कर सकते हैं, लेकिन घी का उपयोग स्वाद को ज्यादा बढ़ाता है।
  • तेल को सही तापमान पर गरम करना जरूरी है। बहुत ठंडा तेल मसालों को भूनेगा नहीं और बहुत गरम तेल उन्हें जला देगा।
  • तड़के को चटनी में डालने के तुरंत बाद ढंकने से उसकी खुशबू चटनी में समा जाती है।
  • इन तड़कों के अलावा, आप अपनी पसंद के अनुसार हींग, मेथी दाना, प्याज या लहसुन का उपयोग भी कर सकते हैं।
  • हमेशा ताजे मसाले और करी पत्ता इस्तेमाल करें ताकि तड़के की खुशबू बेहतरीन हो।

हमे उम्मीद है कि यह लेख आपको पसंद आया होगा। इसे लाइक करें और फेसबुक पर शेयर करना न भूलें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।

Image Credit: Freepik

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP