शाम के नाश्ते में जब कुछ हल्का फुल्का, लेकिन टेस्टी खाने का मन होता है तो अक्सर हम बाजार से ढोकला लेकर आते हैं। यह एक गुजराती स्नैक है, लेकिन इसे पूरे देश में लोग खाना पसंद करते हैं। चाहे घर में मेहमान आ जाएं, तब भी चाय के साथ ढोकला जरूर सर्व किया जाता है। आपको भी शायद ढोकला काफी अच्छा लगता होगा, लेकिन क्या आपने कभी इसे घर पर बनाकर ट्राई किया है। घर पर ढोकला बनाना इतना भी मुश्किल नहीं है, लेकिन फिर भी अक्सर यह बाजार जैसा टेस्टी नहीं बनता है।
कई लोगों की यह शिकायत होती है कि जब भी वे घर पर ढोकला बनाते हैं तो उसमें पानी डाल देने के बाद भी वह सूखा-सूखा ही बनता है। जिसकी वजह से खाते समय वह गले में लगता है। ऐसा अमूमन तब होता है, जब आप ढोकला बनाते समय अनजाने में कुछ छोटी-छोटी गलतियां कर बैठते हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको घर पर ढोकला बनाते समय की जाने वाली कुछ गलतियों के बारे में बता रहे हैं, जिनसे आपको वास्तव में बचना चाहिए-
बैटर बहुत ज़्यादा थिक होना
ढोकला बनाने की शुरुआत अमूमन बैटर तैयार करने के साथ होती है। अगर आपका बैटर ही सही नहीं होगा तो ऐसे में आपका ढोकला भी अच्छा नहीं बनेगा। कई बार ऐसा होता है कि अनजाने में हम ढोकले के बैटर को थोड़ा थिक बना देते हैं। जिसकी वजह से स्टीम करते समय उसके अंदर नमी नहीं बन पाती। ऐसे में ढोकला सूखा और सख्त हो जाता है। इसलिए, हमेशा इस बात का ध्यान रखें कि आपका बैटर न बहुत ज्यादा पतला हो और ना ही बहुत गाढ़ा। चम्मच से गिराते वक्त उसमें हल्का बहाव होना चाहिए।
ओवर स्टीम करना
ढोकले को स्टीम करके बनाया जाता है, लेकिन आप इसे कितनी देर के लिए स्टीम कर रहे हैं, इससे भी उसके स्वाद पर असर पड़ता है। अक्सर लोग सोचते हैं कि अगर वे ढोकले के बैटर को थोड़ा और पकाएंगे तो इससे वह ज्यादा अच्छा बनेगा। जबकि ऐसा करने से पानी उड़ जाता है और ढोकला सूख जाता है। हमेशा ढोकले को मध्यम आंच पर 15-20 मिनट के लिए पकाएं। इसके बाद एक बार उसे चाकू डालकर चेक करें। अगर वह साफ निकल जाता है तो आपका ढोकला बनकर तैयार है।
इसे भी पढ़ें: बचे हुए ढोकले को इन तरीकों से बनाएं मजेदार
ईनो या बेकिंग सोडा में गड़बड़ी करना
ढोकला बनाते समय ईनो या बेकिंग सोडा को आप किस समय बैटर में मिक्स करते हैं, यह भी बहुत मायने रखता है। अगर आपने ईनो या सोडा को पहले डाल दिया और फिर बैटर को बहुत देर तक रखा या बार-बार मिलाया। तो ऐसे में बैटर में बनने वाली गैस निकल जाती है। जिसकी वजह से ढोकला सख्त हो जाता है। परफेक्ट ढोकला बनाने के लिए स्टीम करने से ठीक पहले ही ईनो या सोडा डालें और उसे हल्का मिक्स करें। इसके बाद आप इसे तुरंत स्टीमर में डाल दें।
तेल को लेकर कंजूसी करना
अक्सर लोग हेल्थ कॉन्शियस होने की वजह से तड़के में बहुत कम तेल या सिर्फ पानी डाल देते हैं। जबकि ऐसा करने से ढोकले पर नमी और नरमी नहीं बन पाती और ऐसे में वह सूखा-सूखा बनता है। इसलिए हमेशा तड़के में थोड़ा तेल, राई, हरी मिर्च और थोड़ा पानी डालकर गर्म करें और फिर ढोकले पर डालें। इससे आपको वही स्पॉन्जी टेस्ट मिलेगा।
इसे भी पढ़ें: Spongy Dhokla Tips: अब घर पर भी बना सकते हैं मार्केट जैसा स्पंजी ढोकला, नोट करें ये सीक्रेट टिप्स
इस आर्टिकल के बारे में अपनी राय भी आप हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं। साथ ही, अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit- freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों