जब तड़के में लहसुन पड़ता है, तो खुशबू ही नहीं बढ़ती। भूख भी दोगुनी हो जाती है। उसका एरोमा खाने को ज्यादा ऐपेटाइजिंग बना देता है। लोग अक्सर प्याज के साथ लहसुन को भूनते हैं, ताकि सब्जियों और ग्रेवी का बढ़िया बेस तैयार हो सके। लेकिन कई बार लहसुन को फ्राई करते समय एक छोटी-सी गलती पूरी डिश का स्वाद बिगाड़ सकती है।
जला हुआ लहसुन कड़वा हो जाता है, जिससे आपकी करी, सब्जी या दाल में एक कड़वा स्वाद आ जाता है। कई बार लोग तेल में लहसुन को ज्यादा देर भून दें, तो भी वो जल जाता है।
लहसुन को सही तरीके से भूनना एक कला है जो हर कुक को आनी चाहिए। अगर आप भी हर बार लहसुन जलने से परेशान रहती हैं, तो यह लेख आपके लिए है। हम यहां आपको बताएंगे कुछ आसान लेकिन असरदार ट्रिक्स जिनसे आप लहसुन को सही तरीके से भून पाएंगे सकेंगी।
1. धीमी आंच पर भूनें
लहसुन बहुत संवेदनशील होता है और तेज आंच पर जलने की संभावना बढ़ जाती है। इसलिए हमेशा मीडियम या लो फ्लेम पर ही लहसुन को भूनें। तेज आंच पर यह बाहर से भूरा तो हो जाता है, लेकिन अंदर से कच्चा रह सकता है या एकदम जलकर कड़वा हो सकता है। धीमी आंच पर भूनने से लहसुन अंदर तक पकता है, उसकी खुशबू और स्वाद दोनों बरकरार रहते हैं।
2. तेल गरम होने के बाद लहसुन डालें
कई बार हम लहसुन को तेल में तभी डाल देते हैं जब तेल अभी गरम भी नहीं हुआ होता। इससे लहसुन लंबे समय तक तेल में रहता है और अधिक पककर जलने लगता है। बेहतर होगा कि आप पहले तेल को हल्का गरम कर लें, फिर उसमें लहसुन डालें। इससे लहसुन जल्दी कुरकुरा और सुनहरा भुनता है और उसका स्वाद भी सही रहता है।
इसे भी पढ़ें: लहसुन का कुकिंग में करती हैं उपयोग तो इन बातों का रखें ध्यान
3. बारीक की बजाय स्लाइस में काटें
लहसुन को बारीक काटने या कद्दूकस करने से वो बहुत जल्दी पकता है और जल जाता है। इसलिए कोशिश करें कि आप लहसुन को पतले स्लाइस या मोटे टुकड़ों में काटें। स्लाइस में कटे लहसुन को भूनने में समय लगता है, जिससे वह ठीक से पकता है और उसका जायका पूरी तरह से डिश में घुल जाता है।
4. लहसुन को प्याज के बाद डालें
अगर आप ग्रेवी या सब्जी में प्याज और लहसुन दोनों का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो सबसे पहले प्याज को भूनें और उसके बाद लहसुन डालें। प्याज की नमी लहसुन को जलने से बचाती है और उसे धीरे-धीरे भूनने का समय देती है। इससे लहसुन का स्वाद बरकरार रहता है और वो कड़वा नहीं होता।
5. थोड़ा पानी या टमाटर डालें
अगर आपको लगे कि लहसुन जल्दी भुनकर जल सकता है, तो उसमें थोड़ा पानी या कटे टमाटर डाल दें। इससे लहसुन की भूनाई वहीं रुक जाती है और वह ज्यादा पककर कड़वा नहीं होता। यह ट्रिक खासतौर पर दाल, रसम या ग्रेवी में तड़का लगाते समय बेहद काम की है।
6. गोल्डन ब्राउन होने तक भूनें
लहसुन को भूनते समय ध्यान रखें कि उसका रंग सिर्फ हल्का सुनहरा यानी गोल्डन ब्राउन हो। एक बार जब उसका रंग गहरा होने लगे या जलने की गंध आने लगे, तो समझ लें कि उसका स्वाद बदलने वाला है। ज्यादा भूना लहसुन कड़वा हो जाता है और डिश का मजा खराब कर देता है।
इसे भी पढ़ें: लहसुन को 15 मिनट जलाने से निपट सकते हैं कुकिंग के अनगिनत काम, आप भी आजमाएं ये हैक्स
7. गरम तवे में अलग से भूनें
यदि आप लहसुन को पेस्ट बनाने या गार्निश के लिए इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो उसे बिना तेल के गरम तवे या नॉन-स्टिक पैन पर ड्राय रोस्ट करें। धीमी आंच पर उसे पलटते हुए भूनें। इससे उसका फ्लेवर निखरता है और वह जलने से बचा रहता है, साथ ही सेहतमंद भी बनता है।
अबकी बार जब लहसुन भूनने लगें, तो इन ट्रिक्स को जरूर आजमाएं। अपने अनुभव हमारे साथ शेयर करना न भूलें। इस लेख को लाइक करें और दोस्तों के साथ साझा करें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: Freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों