देसी घी को जलाने से क्या होगा? जानें असली और नकली घी में कैसे करें पहचान

शुद्ध देसी घी अपनी खास खुशबू, स्वाद और पौष्टिक तत्वों के लिए जाना जाता है। लेकिन आजकल बाजार में मिलावटी घी की भरमार है, जिससे असली और नकली घी की पहचान करना एक चुनौती बन गया है। चलिए इस लेख में बताएं आपको असली और नकली घी की पहचान कैसे की जा सकती है।
image

घर में रोटी के ऊपर घी लगाते हुए या दाल में एक चम्मच घी का तड़का डालते हुए जो सुगंध आती है, वो किसी भी खाने को स्वादिष्ट बना देती है। देसी घी सेहत के लिहाज से भी बेहद फायदेमंद माना जाता है।

यह पाचन को दुरुस्त रखने से लेकर त्वचा और दिमाग की सेहत तक में अहम भूमिका निभाता है। लेकिन आज बढ़ती महंगाई के कारण हर चीज में मिलावट होने लगी है। बाजार में मिलने वाले घी की शुद्धता पर भी सवाल उठने लगे हैं।

नकली या मिलावटी घी का न सिर्फ स्वाद फीका होता है, बल्कि यह सेहत के लिए भी हानिकारक हो सकता है। ऐसे में सवाल उठता है कि असली और नकली घी में फर्क कैसे किया जाए? क्या कोई ऐसा घरेलू तरीका है जिससे हम खुद यह पहचान सकें कि हमारे किचन में रखा घी शुद्ध है या नहीं?

दरअसल, घी को जलाकर उसकी असलियत पहचानी जा सकती है। इसके अलावा भी कुछ आसान से घरेलू टेस्ट हैं जो बिना किसी लैब टेस्ट के, आपको सच्चाई बता सकते हैं। चलिए जानते हैं कि घी को जलाने से क्या होता है और कौन-से हैं वो आसान घरेलू तरीके जिनसे आप असली देसी घी की पहचान कर सकती हैं।

देसी घी को जलाने से क्या होता है?

what happen when you burn the ghee

यह एक तरह का टेस्ट है, जिसे आप घर पर कर सकती हैं। इससे घी की शुद्धता का पता आसानी से चल सकता है। देसी घी जब जलाया जाता है, तो उसकी खुशबू आती है। उसकी खुशबू से उसे पहचाना जा सकता है। साथ ही, शुद्ध घी जलकर कभी भी धुआं नहीं छोड़ता, लेकिन नकली या मिलावटी घी को जलाने पर एक तेज, तीखी और केमिकल जैसी गंध आती है। वह जलते समय धुआं ज्यादा देता है। नकली घी से जले दीपक की लौ पीली या काली हो जाती है, जबकि असली घी की लौ चमकदार होती है।

इसे भी पढ़ें: Kitchen Tips: गर्मियों में घी निकालने के आसान टिप्स

असली और नकली घी की पहचान करने के आसान घरेलू टेस्ट

1. फ्रिज टेस्ट

असली और नकली घी की पहचान का यह एक आसान और प्रभावी तरीका है। इसके लिए आपको बस थोड़ी-सी मात्रा में घी को एक छोटे साफ बर्तन में डालकर 5 से 6 घंटे के लिए फ्रिज में रखना है। अगर घी शुद्ध देसी है, तो वह ठंडा होने पर हल्के पीले या सफेद रंग में पूरी तरह से एकसमान जम जाएगा। इसमें कोई परत या अलगाव नहीं दिखेगा। लेकिन अगर घी में मिलावट है या वह वनस्पति घी से बना है, तो जमने के बाद उसमें दो परतें साफ नजर आएंगी। अगर ऐसा आपको नजर आए, तो समझ लें कि आपका घी नकली है या उसमें मिलावट की गई है।

2. पानी में ड्रॉपलेट टेस्ट

water droplet test for testing ghee

यह टेस्ट भी असली और नकली घी की पहचान के लिए बेहद आसान और कारगर तरीका है। इसके लिए एक साफ गिलास में पानी भरें और उसमें घी की कुछ बूंदें डालें। अगर घी शुद्ध और असली है, तो उसकी बूंदें पानी में सीधे नीचे बैठ जाएंगी या एक जगह पर इकट्ठा होकर तैरती नजर आएंगी। वे जल्दी पानी में नहीं घुलेंगी। इसके विपरीत, नकली या मिलावटी घी की बूंदें पानी की सतह पर फैलने लगती हैं और एक परत जैसी बना लेती हैं। यह संकेत होता है कि घी में कुछ ऐसा मिलाया गया है जो उसकी शुद्धता को प्रभावित करता है।

3. पिघलने का टेस्ट

यह टेस्ट खासतौर पर तब उपयोगी होता है जब आपके पास घी को जांचने के लिए कोई और साधन न हो। इसके लिए बस थोड़ी-सी मात्रा में घी अपनी हथेली पर लें और कुछ सेकंड रुकें। अगर घी शुद्ध देसी है, तो वह शरीर की गर्मी से धीरे-धीरे पिघलने लगेगा और आपकी हथेली पर हल्की सी चिकनाहट छोड़ते हुए आसानी से फैल जाएगा। वहीं, नकली या मिलावटी घी जल्दी नहीं पिघलेगा और हाथ में चिपचिपी, भारी परत जैसी बना देगा। यह मिलावट या वनस्पति तत्वों की मौजूदगी का साफ संकेत होता है।

इसे भी पढ़ें: मलाई में मिलाएं बस ये एक चीज, 1 लीटर दूध में भी मिलेगा भरपूर घी

4. असली और नकली घी का दीया जलाकर पहचानें

how to identify fake ghee

यह एक पारंपरिक लेकिन बेहद भरोसेमंद तरीका है। इसके लिए आपको घी का दीया जलाना होगा। अगर घी शुद्ध देसी है, तो दीये से निकलने वाली लौ स्थिर, साफ और खुशबू वाली होगी। जलते समय यह आंखों में जलन नहीं करेगा और धुआं भी बहुत कम निकलेगा। वहीं, नकली या मिलावटी घी से बना दीया जलाने पर तेज, तीखी और केमिकल जैसी गंध आ सकती है। लौ अस्थिर होगी, ज्यादा धुआं निकलेगा और कभी-कभी आंखों में जलन भी महसूस हो सकती है। इसके अलावा दोनों की बत्ती में भी आपको फर्क नजर आएगा।

अगर आप भी बाजार से घी लेकर आई हैं, तो उसका सेवन करने से पहले उसे एक बार टेस्ट करके जरूर देखें। हमें उम्मीद है कि ये ट्रिक्स आपके काम आएंगे। अगर आपको यह लेख अच्छा लगा, तो इसे लाइक करें और फेसबुक पर शेयर करना न भूलें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।

Image Credit: Freepik

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP