अब तक आपने सब्जियों, फलों या दूध में मिलावट के बारे में सुना था, फिर मार्केट में नकली पनीर को लेकर भी हाहाकर शुरू हुई, लेकिन क्या आपको पता है कि बाजार में नकली अंडे भी बिकने लगे हैं? जी हां, खाने की चीजों में मिलावट का खेल अब इतना आगे बढ़ चुका है कि आम दिखने वाले अंडे भी असली नहीं होते।
प्लास्टिक और केमिकल की मदद से बनाए गए नकली अंडे न सिर्फ सेहत के लिए खतरनाक होते हैं, बल्कि पेट से जुड़ी बीमारियों, फूड पॉइजनिंग और हार्मोनल असंतुलन जैसी गंभीर समस्याओं का कारण भी बन सकते हैं।
अगर आप अंडा खाती हैं या अपने बच्चों को नाश्ते में देती हैं, तो जरूरी है कि आप असली और नकली अंडों के फर्क को पहचानें। अच्छी बात ये है कि कुछ आसान घरेलू तरीकों से आप नकली अंडे की पहचान खुद कर सकती हैं। चलिए जानते हैं वे आसान टिप्स और ट्रिक्स जिनसे आप घर बैठे अंडे की असलियत जान सकती हैं।
अंडे में कैसे की जा रही है मिलावट?
बाजार में आ रहे नकली अंडे के शेल को बनाने के लिए चूने और प्लास्टिक जैसे पदार्थों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इन्हें मिलाकर एक सख्त, लेकिन हल्का छिलका बनाया जाता है, जो देखने में असली अंडे जैसा दिखता है।
वहीं, अंडे के अंदर के हिस्से, यानी योक और व्हाइट को असली अंडे की तरह बनाने के लिए जिलेटिन, केमिकल रंग और अन्य इंग्रीडिएंट्स का उपयोग किया जाता है। जिलेटिन में रंग मिलाकर उसे पीले या नारंगी रंग में बनाया जाता है, जिससे वह असली योक जैसा दिखे। व्हाइट भाग के लिए पानी, गोंद या अन्य सिंथेटिक पदार्थ मिलाकर पतला और ट्रांसपेरेंट हिस्सा तैयार किया जाता है।
इसे भी पढ़ें: क्या अंडे की भी होती है एक्सपायरी डेट? जानें किन तरह के Eggs नहीं खाने चाहिए
1. एग शेल देखकर कर सकती हैं पता
असली और नकली अंडे में फर्क सबसे पहले उसके छिलके से पहचाना जा सकता है। असली अंडे का छिलका थोड़ा खुरदुरा, मैट फिनिश वाला और प्राकृतिक एहसास देने वाला होता है। वहीं नकली अंडे का छिलका अक्सर बहुत चिकना, असामान्य रूप से चमकदार और प्लास्टिक जैसा दिखाई देता है। जब आप इसे हाथ में लेंगे, तो उसमें एक नकली और सख्त बनावट महसूस हो सकती है, जो सामान्य अंडे से अलग होती है। यह सबसे आसान तरीका है नकली अंडे को पहचानने का।
2. अंडे को हिलाकर देखें
जब आप असली अंडे को धीरे-धीरे हिलाते हैं तो अंदर का सफेद और पीला भाग आपस में अच्छी तरह बंधा होता है, जिससे कोई खास आवाज नहीं आती। लेकिन नकली अंडे में अक्सर अंदर के हिस्सों में केमिकल या जेल भरे होते हैं, जो प्राकृतिक तौर पर नहीं जुड़े होते। इसलिए जब आप ऐसे अंडे को हिलाते हैं, तो उसमें से पानी जैसी आवाज सुनाई दे सकती है। यह संकेत हो सकता है कि अंडा असली नहीं है। बिना फोड़े अंडे की जांच करने का यह एक आसान घरेलू तरीका है।
3. अंडे का योक और व्हाइट जांचें
जब आप अंडे को फोड़ते हैं, तो उसका योक (पीली जर्दी) और व्हाइट (सफेद भाग) असली या नकली होने का साफ संकेत दे सकते हैं। असली अंडे का योक गोल, थोड़ा गाढ़ा और फर्म होता है, जबकि व्हाइट भाग साफ, थोड़ा चिपचिपा और आसानी से फैलने वाला होता है। वहीं नकली अंडे का योक बहुत ज्यादा चटख पीले या नारंगी रंग का हो सकता है और उसे छूने पर उसमें रबर जैसी इलास्टिसिटी महसूस हो सकती है। व्हाइट हिस्सा पानी जैसा पतला और अलग तरह से बहेगा। नकली योक को दबाने पर वह टूटने के बजाय खिंच सकता है, जो इसकी नकली बनावट को दर्शाता है।
इसे भी पढ़ें: खराब अंडे की ऐसे करें पहचान, जानें स्टोर करने का सही तरीका
4. अंडे को पकाकर देखें
अगर आपको फिर असली अंडे की पहचान न हो, तो उसे पकाने से अच्छा टेस्ट नहीं हो सकता। अंडे का ऑमलेट बनाते हुए असली अंडा धीरे-धीरे पकता है और उसमें से अच्छी खुशबू आती है। वहीं नकली अंडा तवे पर डालते ही अजीब तरह का झाग छोड़ सकता है और उससे केमिकल या प्लास्टिक जैसी तीखी गंध आने लगती है। साथ ही, वह ठीक तरह से सिकता नहीं और उसका रंग भी असमान रूप से बदल सकता है। अगर अंडा जलते वक्त प्लास्टिक जैसी महक दे, तो समझ जाइए कि वो नकली हो सकता है।
ऐसे अंडे खाने का क्या फायदा, जो आपकी सेहत को नुकसान दें। बेहतर कि आप उनका सेवन करने से पहले इन तरीकों से उनकी जांच करें। हमें उम्मीद है कि ये ट्रिक्स आपको पसंद आएंगे। अगर आपको लेख अच्छा लगा, तो इसे लाइक करें और फेसबुक पर शेयर करना न भूलें।
Image Credit: Freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों