मटके में पानी ही नहीं... दही और छाछ भी बनती है स्वादिष्ट, जानें बनाने का तरीका

हमने मटके को ठंडे करने के बारे में कई लेख पढ़ लिए। मटके को साफ करने के बारे में भी जाना, मगर आज इस लेख में हम आपको बताएंगे कि आप मटके में पानी के अलावा और किन चीजों को बना सकती हैं। ऐसी कई पारंपरिक रेसिपीज हैं, जो मटके में अच्छी बनती हैं।
image

कहते हैं कि गर्मी में ठंडा पानी पीने के लिए मटके से बेहतर कुछ नहीं हो सकता है। मटका फ्रिज के मुताबिक पानी को नेचुरल तरीके से ठंडा करता है। लेकिन क्या आप जानती हैं कि यह साधारण दिखने वाला देसी बर्तन सिर्फ पानी ठंडा रखने का काम नहीं करता, बल्कि यह स्वाद और सेहत दोनों को बढ़ा सकता है?

मटके में बनने वाली दही, छाछ, अचार या कोई भी फर्मेंटेड चीज न सिर्फ जल्दी तैयार होती है, बल्कि उसमें एक खास मिट्टी की खुशबू और नेचुरल स्वाद भी शामिल होता है, जो किसी भी स्टील या प्लास्टिक के कंटेनर में संभव नहीं।

हमने सोचा आपने मटके को ठंडा रखने और साफ करने के कई लेख पढ़ लिए हैं, तो क्यों न अब इसमें बनने वाली रेसिपीज के बारे में बताएं।

आज हम आपको बताएंगे कि कैसे आप घर पर ही मटके का इस्तेमाल करके दही, छाछ और अचार जैसे पारंपरिक व्यंजन बना सकती हैं। चलिए, इस मिट्टी के बर्तन को तमाम रेसिपीज बनाने के लिए इस्तेमाल कैसे करना है, जानें।

1. मटके में जमने वाली मलाईदार दही

मटके में दही जमाना एक बढ़िया विकल्प है। मटके की मिट्टी नेचुरली ठंडी होती है और वह दही जमाने में काफी मदद करती है।

matka dahi

सामग्री-

  • फुल क्रीम दूध- 1 लीटर
  • दही का जामन- 2 टेबलस्पून
  • मिट्टी का छोटा मटका

दही बनाने का तरीका-

  • दूध को उबालकर गुनगुना ठंडा कर लें।
  • मटके में दूध डालें और ऊपर से दही का जामन मिलाएं।
  • ढककर गर्म जगह (रसोई की शेल्फ में) 6–8 घंटे या रातभर रखें।
  • सुबह आपकी मोटी, मलाईदार और ठंडी दही तैयार है।

2. मटके में दम बिरयानी बनाएं

मटके में बनी बिरयानी में मिट्टी की सौंधी खुशबू, धीमी आंच पर पकने का आनंद और दम का असली स्वाद मिलता है, जो प्रेशर कुकर या नॉन-स्टिक पैन में संभव नहीं होता।

सामग्री-

  • बासमती चावल- 2 कप
  • पनीर या अपनी पसंद की सब्जियां- 250 ग्राम
  • दही-½ कप
  • बिरयानी मसाला- 1 टेबलस्पून
  • 1 बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
  • 2 बड़ा चम्मच प्याज (तले हुए)
  • 1 छोटी कटोरी केसर दूध,
  • 1 बड़ा चम्मच पुदीना और हरा धनिया
  • घी और तेल- 2–3 टेबलस्पून
  • नमक स्वादानुसार

मटके में बिरयानी बनाने का तरीका-

  • मिट्टी का मटका साफ और सूखा होना चाहिए। इसे धीमी आंच पर पहले से थोड़ा गर्म कर लें ताकि बाद में बिरयानी बनाते वक्त वो फट न जाए।
  • प्याज को तलकर रख लें। इसके बाद पहले मटके में घी डालें फिर तले हुए प्याज और पनीर या सब्जियों की परत बिछाएं।
  • अब चावल, दही, बिरयानी मसाला, पुदीना, धनिया और केसर वाला दूध डालते हुए 2–3 परतों में बिरयानी सेट करें।
  • मटके का ढक्कन आटे से सील करें ताकि भाप बाहर न निकले। तवे पर रखकर 20–25 मिनट धीमी आंच पर पकाएं। फिर 10 मिनट बगैर आंच के ऐसे ही रखें।
  • ढक्कन हटाएं और मिट्टी की महक के साथ एकदम देसी स्टाइल दम बिरयानी का आनंद लें।

3. मटके में बनने वाली ठंडी छाछ

दही बना ली, तो इसमें छाछ बनाना भी बहुत ज्यादा मुश्किल नहीं है। मटके में छाछ बनाने के बाद, उसे आपको ठंडा करने की चिंता नहीं होगी, क्योंकि मटका उसे नेचुरल तरीके ठंडा करेगा।

matka chaas or chaach

सामग्री-

  • दही-1 कप
  • ठंडा पानी- 2 कप
  • नमक- स्वादानुसार
  • भुना जीरा पाउडर- ½ टीस्पून
  • हरा धनिया (कटा हुआ)- 1 टीस्पून

छाछ बनाने का तरीका-

  • मटके में दही डालें, उसमें पानी मिलाएं और मथनी से अच्छे से मथ लें।
  • नमक, भुना जीरा पाउडर और धनिया डालकर मिलाएं।
  • मटका छाछ को ठंडा बनाए रखता है और इसका स्वाद रेगुलर बॉटल में बनी छाछ से कहीं बेहतर होता है।

मटके में खाना बनाते हुए ध्यान रखें ये बातें-

  • नया मटका इस्तेमाल करने से पहले उसे पानी में 8–10 घंटे के लिए भिगोकर रखें। फिर उसे अच्छी तरह सुखाकर अंदर से घी या तेल लगाएं और कुछ देर हल्की आंच पर गर्म करें। इससे मटका मजबूत बनता है और पकाते वक्त नहीं फटता।
  • मिट्टी के बर्तन तेज गर्मी को झेल नहीं पाते। खाना पकाते समय हमेशा धीमी आंच का ही इस्तेमाल करें ताकि मटका सुरक्षित रहे और खाना धीमी आंच पर स्वादिष्ट बने।
  • बिरयानी या ग्रेवी वाली चीजें बनाते समय मटके को सीधा आंच पर न रखें। नीचे एक लोहे का तवा रखकर उस पर मटका रखें। इससे आंच समान रूप से बंटती है और मटका नहीं फटता।
  • मटके को बिना साबुन के गर्म पानी और नींबू/बेकिंग सोडा से साफ करें। अच्छी तरह धूप में सुखाएं ताकि उसमें नमी न रहे। इस्तेमाल न होने पर इसे कपड़े में लपेटकर सूखी जगह रखें।

अब आप भी मटके को सिर्फ ठंडे पानी के लिए नहीं बल्कि रेसिपीज बनाने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। हमें उम्मीद है कि यह लेख आपको पसंद आया होगा। इसे लाइक करें और फेसबुक पर शेयर करना न भूलें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।

Image Credit: Freepik

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP