Sat Sep 12, 2026 | Updated 02:07 AM IST

Expert Tips: माइग्रेन के दर्द से राहत पाने के लिए इन बातों का रखें ध्यान

माइग्रेन के दर्द से परेशान रहती हैं तो एक्सपर्ट द्वारा बताए गयी इन बातों का हमेशा ध्यान रखें।
Updated:- 2021-06-08, 11:49 IST
migraines pain relief

हेक्टिक लाइफ़स्टाइल की वजह से माइग्रेन का दर्द एक आम समस्या बन गई है। कई लोगों के यह समस्या आए दिन बनी रहती है, जिसकी वजह से उनकी सेहत पर गहरा असर पड़ता है। माइग्रेन के दर्द को कंट्रोल किया जा सकता है, अगर अपनी लाइफ़स्टाइल में कुछ बदलाव किए जा सकें। विशेषज्ञों के अनुसार माइग्रेन दर्द हमारी बदलती और अनहेल्दी लाइफ़स्टाइल का नतीजा है, ऐसे में आप सिर दर्द की दवा या फिर अन्य कोई घरेलू तरीक़ा आज़मा कर इसे ठीक नहीं कर सकतीं हैं।

जानी मानी डायटीशियन संध्या के अनुसार माइग्रेन एक गंभीर बीमारी है, जो ठीक होने में समय लेती है। माइग्रेन और सिरदर्द दोनों में अंतर होता है। माइग्रेन का दर्द सिर के दाएं या फिर बाएं हिस्से में होता है। कभी यह दर्द 2 घंटे में ठीक होता है, लेकिन कई बार यह दर्द दिनभर बना रहता है। कई बार माइग्रेन ट्रिगर करता है तो इससे सिर दर्द के अलावा उल्टी, आंख और कान के पीछे भी दर्द होने लगता है। यही नहीं लाइट और आवाज़ से भी परेशानी होने लगती है। जिन लोगों को माइग्रेन के दर्द की समस्या है उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति अधिक सजग होने की ज़रूरत है। संध्या ने आगे बताया कि माइग्रेन के दर्द से राहत पाने के लिए कुछ बातें हैं, जो हमेशा ध्यान में रखनी चाहिएं।

सुबह का नाश्ता स्किप करने की ग़लती ना करें

healthy breakfast

सुबह का नाश्ता किसी भी व्यक्ति को स्किप नहीं करना चाहिए। अगर आपको माइग्रेन की समस्या है तो सुबह का नाश्ता ज़रूर करें, कई बार भूखे रहने से भी दिक्कतें बढ़ जाती हैं। इसके अलावा अगर आप शाम में स्नैक्स खाना पसंद करती हैं तो फ़्राइड या फिर ऑयली की जगह हेल्दी चीज़ों का सेवन करें। जैसे मखाना, मूंगफली, और नट्स आदि।

इसे भी पढ़ें:नोज़ पियर्सिंग के बाद हो जाए एलर्जी, तो ये घरेलू नुस्खे दिलाएंगे आराम

फल और सब्ज़ियों के अलावा ओमेगा रिच फूड को डाइट में करें शामिल

डाइट में मौसमी फलों और हरी पत्तेदार सब्ज़ियों को शामिल करें। इसके अलावा ओमेगा रिच फूड को भी शामिल करें, यह दिमाग़ को हेल्दी बनाने में मदद करेगा। फ्लैक्स सीड्स, चिया सीड्स, और नट्स आदि हैं जो आप अपनी डाइट में ज़रूर शामिल करें। खानपान पर ध्यान न देना माइग्रेन की समस्या को बढ़ाने में बड़ा कारण हो सकता है। इसलिए इस दर्द से बचने के लिए ज़रूरी है कि सही समय पर हेल्दी खाना खाया जाए।

जंक फूड से बनाएं दूरी

junk food

कई बार पीरियड्स के दौरान भी माइग्रेन का दर्द ट्रिगर करता है। इस दौरान हार्मोन्स को बैलेंस बनाए रखने वाले आहार का सेवन करें। हालांकि कई लोगों को इस दौरान कुछ मसालेदार और अनहेल्दी खाना खाने का मन करता है। जैसे जंक फूड या प्रॉसेस्ड फूड, इसका अधिक सेवन करने से शरीर में फैट बढ़ता है और इससे शरीर में एस्ट्रोजन हार्मोन का बैलेंस बिगड़ता है। इसलिए जंक फूड के बजाय प्रोटीन और साबुत अनाज का पर्याप्त मात्रा में सेवन करें।

इसे भी पढ़ें:सिर्फ 2 मिनट में ही आ जाएगी नींद अगर आप आजमाएंगे ये मिलिट्री तकनीक

टाइम पर सोना है बहुत ज़रूरी

अगर माइग्रेन की समस्या है तो सबसे ज़रूरी है टाइम पर सोना। अगर आपको नींद आने में दिक्कत होती है तो हल्दी वाला दूध, या फिर ऐसी हेल्दी बेड टी का सेवन करें जो नींद के लिए मददगार हो। यही नहीं रात में सोते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल बिल्कुल ना करें, यह आपकी आंखों को प्रभावित नहीं करता बल्कि इससे आपको नींद नहीं आएगी। नींद पूरी नहीं होने की वजह से अक्सर सुबह उठते समय माइग्रेन का दर्द बढ़ जाता है।

दिनभर खुद को हाइड्रेट रखें

hydrate yourself

विशेषज्ञों के अनुसार धूप के डायरेक्ट कॉन्टेक्ट में आने की वजह से अक्सर माइग्रेन का दर्द ट्रिगर करता है। इसलिए धूप में अधिक देर तक ना रहें, इसके अलावा यह बहुत ज़रूरी है कि हर वक़्त खुद को हाइड्रेट रखें। कोशिश करें कि जब भी बाहर जाएं तो चीनी और नमक का घोल बनाकर अपने साथ रखें। इसके सेवन से शरीर हाइड्रेट रहेगा और शरीर में पानी की कमी नहीं होगी।

अगर आपको यह आर्टिकल अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।