सेहतमंद रहने के लिए आप क्या खाते हैं, इससे कहीं महत्वपूर्ण सवाल यह है कि आप किस तरह से खाते हैं? असल में आप जो भी आहार लेते हैं उसकी पौष्टिकता पूरी तरह से आपको मिल पाए, इसके लिए जरूर है कि आप उसे सही तरीके से खाएं। वहीं बात अगर पौष्टिकता की हो तो ज्यादातर खाद्य पदार्थ कच्चे रूप में ही पौष्टिक माने जाते हैं।
खासकर सब्जियों और फलों का पूरा पोषण तभी मिलता है, जब हम उन्हें बिना पकाए कच्चा खाते हैं। इनमें से फलों का सेवन तो आमतौर पर सभी कच्चे रूप में ही करते हैं, पर जब बात सब्जियों की आती है तो लोग उसे पकाना पसंद करते हैं। हमारे भारतीय भोजन शैली में तो मसाले के साथ सब्जियां पकाई जाती हैं, जिससे कारण काफी हद तक इन सब्जियों की पौष्टिकता कम हो जाती है।
यह भी पढ़ें- सिर्फ पके केले ही नहीं, कच्चे केले भी सेहत के लिए हैं फायदेमंद
सब्जियों की पौष्टिकता का पूरा लाभ पाने के लिए सलाद के रूप में सेवन बेहतर माना जाता है। इसके अलावा कुछ सब्जियों का जूस निकालकर भी सेवन किया जा सकता है। जैसे कि कच्ची गोभी का रस सेहत के लिए बेहद लाभकारी होता है, इससे पेट से जुड़ी समस्याओं के साथ ही त्वचा संबंधी विकारों से भी निजात मिलता है।
बता दें कि फूलगोभी में कैल्शियम, आयरन और फास्फोरस जैसे खनिज तत्वों के साथी प्रोटीन और शरीर के लिए जरूरी विटामिन भी भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। ऐसे में इसका सेवन शरीर को सेहतमंद बनाए रखने में काफी हद तक मददगार होता है। खासकर जब आप कच्चे रूप में सेवन करते हैं, तो इसकी पूरा लाभ आपके शरीर को मिल पाता है। चलिए आपको कच्ची गोभी के रस के सेवन से होने वाले सेहत लाभ के बारे में विस्तार से बताते हैं।
एंटी ऑक्सीडेंट की मौजूदगी के कारण कच्ची गोभी का रस नेचुरल ब्लड प्यूरीफायर का काम करता है। यह खून में मौजूद अशुद्धियों को बाहर निकालकर उसे साफ करता है। ऐसे में अगर आप नियमित रूप गोभी के रस का सेवन करते हैं तो इससे त्वचा संबंधी समस्याओं से भी निजात मिलती है।
कच्ची गोभी का सेवन लिवर में मौजूद एंजाइम्स को सक्रिय करने में सहायक होता है। इससे लिवर सही ढंग से काम करता है और उस पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ता है। ऐसे में लिवर को सेहतमंद बनाए रखने में कच्ची गोभी का सेवन लाभकारी साबित होता है।
यह विडियो भी देखें
कच्ची गोभी का सेवन जोड़ों के दर्द से राहत दिलाने में सहायक होता है। खासकर फूलगोभी का गाजर के साथ मिलाकर सेवन किया जाए तो यह जोड़ो के लिए काफी लाभकारी साबित होता है। इसके लिए फूलगोभी और गाजर दोनों की बराबर मात्रा लेकर उनका रस तैयार करें और उस रस का नियमित रूप से सेवन करें।
कच्ची गोभी का रस अपच, एसिडिटी, पेट दर्द और पेट से जुड़ी दूसरी समस्याओं से निजात दिलाने में मददगार होता है। इसलिए जिन लोगों को पेट या पाचन से जुड़ी समस्याएं रहती हैं उनके लिए कच्ची गोभी का रस खास तौर पर लाभकारी हो सकता है।
गले में दर्द या सूजन की समस्या के लिए भी कच्ची गोभी के रस का सेवन लाभकारी होता है। इसके लिए गोभी के हरे डंठल और पत्तियों का रस निकालकर उसका सेवन लाभकारी माना जाता है।
दांतों के दर्द से राहत दिलाने में कच्ची गोभी काफी फायदेमंद मानी जाती है। असल में कच्ची गोभी के पत्ते के रस से अगर नियमित रूप से कुल्ला किया जाए तो पैराथाइरॉइड ग्रंथि सक्रिय होती है। इससे कैल्शियम की मात्रा बढ़ने से दांतों को मजबूती मिलती है और दांतों में दर्द की समस्या से निजात मिलती है।
कच्ची गोभी का रस वजन कम करने में भी मददगार होता है। असल में कच्ची गोभी में विटामिन सी काफी अच्छी मात्रा में पाया जाता है जो शरीर में जमा फैट को कम करने में कारगर होता है। ऐसे में कच्ची गोभी के रस का नियमित रूप से सेवन वजन कम करने में सहायक साबित होता है।
उम्मीद करते हैं कि सेहत से जुड़ी यह जानकारी आपके लिए उपयोगी साबित होगी। अगर यह जानकारी आपको अच्छी लगी हो तो इसे अपने दोस्तों और परिचितों के साथ शेयर करना न भूलें।
यह भी पढ़ें- क्या पत्तागोभी खाने से दिमाग में सच में कीड़ा घुस जाता है? जानें
आपकी राय हमारे लिए महत्वपूर्ण है! हमारे इस रीडर सर्वे को भरने के लिए थोड़ा समय जरूर निकालें। इससे हमें आपकी प्राथमिकताओं को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी। यहां क्लिक करें-
Image Credit- freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।