अचार को अपनी थाली का हिस्सा बनाने का कोई सीजन नहीं होता। मसालों से भरपूर अचार आपके ब्लैंड खाने को स्वाद से भर देता है। मगर यह स्वाद तभी होगा जब अचार अच्छा बनेगा।
अचार बनाने की प्रक्रिया में सही सामग्री का उपयोग करना महत्वपूर्ण होता है। इन्हीं सामग्रियों में से एक है पिकलिंग सॉल्ट। लेकिन यह सवाल उठता है कि पिकलिंग सॉल्ट क्या होता है, क्या यह अचार बनाने के लिए जरूरी है और इसके विकल्प क्या हो सकते हैं।
हम जो नमक अपने खाने में उपयोग करते हैं, वही अचार में डालते हैं। फिर पिकलिंग सॉल्ट क्या होता है? चलिए इस लेख में विस्तार से पिकलिंग सॉल्ट के बारे में जानें।
क्या होता है पिकलिंग सॉल्ट?
पिकलिंग सॉल्ट को प्रिजर्विंग या कैनिंग सॉल्ट भी कहा जाता है। यह एक अलग और खास तरह का नमक है जो अचार बनाने के लिए उपयोग किया जाता है। यह बारीक, रिफाइन्ड और बिना किसी ऐडिटिव्स के होता है। इसकी शुद्धता इसे अचार के लिए आदर्श बनाती है क्योंकि इसमें कोई ऐसी सामग्री नहीं होती जो अचार के स्वाद, रंग या बनावट को प्रभावित करे।
अचार बनाने में पिकलिंग सॉल्ट का महत्व-
पिकलिंग सॉल्ट का उपयोग अचार को लंबे समय तक प्रिजर्व करने के लिए किया जाता है। इससे अचार ताजा भी रहता है। इसके क्या महत्व है आइए जानें-
अचार का स्वाद बनाए रखना:
पिकलिंग सॉल्ट अचार में एक समान स्वाद प्रदान करता है। यह अचार में किसी प्रकार का कड़वापन या अजीब स्वाद उत्पन्न नहीं करता, जैसा कि कभी-कभी आयोडाइज्ड नमक के उपयोग से हो सकता है।
इसे भी पढ़ें:ये 9 तरह के अचार आपके खाने का बढ़ाएंगे स्वाद
अचार की बनावट:
पिकलिंग सॉल्ट की शुद्धता यह सुनिश्चित करती है कि अचार में सब्जियों या फलों की बनावट बनी रहे। उदाहरण के लिए, खीरे या नींबू के अचार में इसका इस्तेमाल उनके कुरकुरेपन को बनाए रखता है।
प्रिजर्विंग के लिए आवश्यक:
यह नमक बैक्टीरिया और फफूंद के विकास को रोकता है, जो अचार को खराब कर सकते हैं। इसके कारण अचार लंबे समय तक सुरक्षित और खाने योग्य रहता है।
क्या अचार डालने के लिए पिकलिंग सॉल्ट का होना जरूरी है?
पिकलिंग सॉल्ट अचार बनाने की प्रक्रिया को आसान और प्रभावी बनाता है, लेकिन यह जरूरी नहीं है। यदि पिकलिंग सॉल्ट उपलब्ध नहीं है, तो कुछ अन्य प्रकार के नमकों का उपयोग किया जा सकता है।
पिकलिंग सॉल्ट के विकल्प
कॉशर सॉल्ट:
कॉशर सॉल्ट पिकलिंग सॉल्ट का सबसे अच्छा विकल्प है। यह भी शुद्ध नमक है और इसमें ऐडिटिव्स नहीं होते। हालांकि, इसके दाने थोड़े मोटे होते हैं, इसलिए मापते समय इसकी मात्रा को ध्यान में रखना चाहिए।
टिप: यदि किसी रेसिपी में 1 चम्मच पिकलिंग सॉल्ट की जरूरत है, तो 1.5 चम्मच कॉशर सॉल्ट का उपयोग करें।
नॉन-आयोडाइज्ड टेबल सॉल्ट:
नॉन-आयोडाइज्ड टेबल सॉल्ट भी एक विकल्प हो सकता है, लेकिन इसमें एंटी-कैकिंग एजेंट होते हैं जो अचार के पानी को हल्का धुंधला बना सकते हैं। स्वाद पर इसका बहुत अधिक प्रभाव नहीं पड़ता।
इसे भी पढ़ें: Food Hacks: अचार में खट्टापन लाने के लिए इस्तेमाल करें ये चीजें
सी सॉल्ट :
सी सॉल्ट भी एक अच्छा विकल्प है, लेकिन यह सुनिश्चित करें कि यह बारीक हो और इसमें कोई अतिरिक्त खनिज या ऐडिटिव्स न हो।
हिमालयन पिंक सॉल्ट:
यह पिकलिंग सॉल्ट के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन यह अचार के स्वाद को थोड़ा बदल सकता है और कभी-कभी अचार का रंग प्रभावित कर सकता है।
पिकलिंग सॉल्ट अचार बनाने के लिए एक बढ़िया सामग्री है, लेकिन इसका उपयोग जरूरी नहीं है। आप जैसे अब तक अचार बनाते आए हैं, वैसे ही आगे भी अचार बना सकते हैं।
हमें उम्मीद है कि यह लेख आपको पसंद आया होगा। इसे लाइक करें और फेसबुक पर शेयर करना न भूलें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: Freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों