कोरोना वायरस अब पूरी दुनिया के लिए एक बड़ी परेशानी के रूप में सामने आ गया है। पूरी दुनिया के कई देश लॉक डाउन की स्तिथि में हैं। भारत में भी यही हालात हैं। लॉक डाउन में सभी अपने-अपने घरों में हैं और कोरोना वायरस का लिंक तोड़ने का अहम काम कर रहे हैं। इसी बीच घर में खाली बैठे-बैठे अगर आप भी ये सोच रही हैं कि क्या किया जाए तो हर जिंदगी की पहल है आपके लिए ऐसी खबरें तैयार करने की जो इन दिनों में आपके लिए पॉजिटिव और प्रोडक्टिव रहेंगी। इसी कड़ी में हम आज आपको बताने जा रहे हैं 21 तरह के हैंडीक्राफ्ट आइडिया जो आप अपने घर के लिए बना सकती हैं। ये हैंडीक्राफ्ट बहुत ही कम सामान में बना सकती हैं और लॉक डाउन के इस पीरियड में आपके घर के लिए सजावट का अच्छा सामान बन सकता है। ये न सिर्फ आपके घर की सजावट में थोड़ा बदलाव लाएगा बल्कि घर में परिवार के साथ किसी ऐसे प्रोजेक्ट में काम करने से थोड़ा क्वालिटी समय उनके साथ भी आप बिता पाएंगी। तो चलिए जानते हैं कि हर दिन आप किस तरह से प्रोडक्टिव बना सकती हैं।
पहला हफ्ता- बच्चों से जुड़े क्राफ्ट
बच्चे इन दिनों में ज्यादा बोर हो रहे होंगे, लेकिन उनकी मदद आप क्राफ्ट बनाकर कर सकती हैं। उनके स्कूल प्रोजेक्ट और आर्ट प्रोजेक्ट के लिए भी आपको कई क्राफ्ट आइडिया मिल जाएंगे। ये सभी क्राफ्ट्स आप और आपके बच्चे एक साथ मिलकर बना सकते हैं। इसके लिए आप अपने घर में मौजूद सामान का इस्तेमाल कर सकती हैं।
पहला दिन- मोजे वाला pet
अगर आपके बच्चों को पेट्स चाहिए तो आप उन्हें कुछ दिनों के लिए हैंड मेड पेट दे सकती हैं। इससे उन्हें जिम्मेदारी का अहसास होगा और साथ ही साथ वो आपके साथ काम भी कर पाएंगे।
क्या चाहिए?
एक पुराना मोजा, एक प्लास्टिक का कप, एक नॉर्मल कप, मिट्टी और थोड़े से घास के बीज या फिर गार्डन की घास
क्या करना है-
सबसे आसान है ये सॉक्स पेट। इसके लिए आप एक मोजा लें, उसे प्लास्टिक कप में उल्टा करके डाल दें। अब अगर घास के बीज (ग्रास सीड्स) या ऐसा कुछ भी है तो उसे डालें या फिर गार्डन से घास उखाड़कर उसकी जड़ें इसमें डालें। इसके ऊपर से थोड़ी सी मिट्टी डालें। इसे बांध दें। प्लास्टिक कप हटा दें और उसके साथ ही आप एक नॉर्मल कप में इसे उल्टा करके रख दें यानी जिस साइड बांधा है उसे नीचे की ओर। आप चाहें तो इस मोजे में नकली आंख, नाक मुंह बटन की मदद से बना सकती हैं। थोड़े दिनों में घास उगने लगेगी और ऐसा लगेगा जैसे इसके हरे रंग के बाल उग रहे हों। चाहें तो बच्चों के इस नए खिलौने को एक नाम भी दे दें।
इसे जरूर पढ़ें- Home Decor Tips: इंटीरियर में ये थोड़े से बदलाव आपके घर को देंगे ‘कूल लुक’
दूसरा दिन- पेन-पेंसिल होल्डर
अगर आपके घर में पुराने कप, टिन कैन आदि रखे हैं तो आप पेन-पेंसिल होल्डर आसानी से बच्चों के लिए बना सकती हैं।
क्या चाहिए-
पुराना कप, टिन कैन या होल्डर, चिपकाने के लिए ग्लू, फनी बटन, रैपिंग पेपर
क्या करना है-
इसे बनाने के लिए बस अपनी क्रिएटिविटी को उड़ान भरने दीजिए। बच्चों के लिए पेंसिल होल्डर कई तरह से बनाए जा सकते हैं। आप इसे किसी भी तरह से सजा सकती हैं। इसमें बच्चों को साथ रखना न भूलें।
तीसरा दिन- कार्टन वाला बर्ड बॉक्स
इन दिनों अधिकतर लोग घर में मिल्क कार्टन रख रहे हैं। खाली कार्टन का इस्तेमाल बर्ड बॉक्स बनाने के लिए किया जा सकता है।
क्या चाहिए-
दूध का पुराना कार्टन, ग्लू चिपकाने के लिए, कलरफुल पेपर, एक लकड़ी या प्लास्टिक का चम्मच दाना डालने के लिए, अगर मुमकिन हो तो स्प्रे पेंट
क्या करना है-
सबसे पहले अपने कार्टन को धोकर साफ कर लीजिए। इसके बाद उसमें पेंट कर लीजिए। उसे ध्यान से ऐसे काटना है कि चौकोर गड्ढा बने। ये सिर्फ एक ही तरफ से होना चाहिए। इसके अलावा, आप इसमें ग्लू की मदद से कई सारे पेपर चिपकाएं। इसके साथ ही आप इसमें चम्मच रखने की एक जगह भी बनाएं। स्पून का सामने वाला हिस्सा बाहर उसी तरह से होना चाहिए जिस तरह से ऊपर दी गई तस्वीर में दिया गया है। इसे पूरी तरह से सजा कर आपको बालकनी या छत पर ऐसी जगह रखना या टांगना है जहां चिड़िया आकर दाना खा सकें। अगर आप चाहें तो चम्मच वाला ऑप्शन स्किप भी कर सकती हैं और ऐसे ही इसे टांग सकती हैं। ये आपके घर की सजावट के लिए भी बहुत जरूरी है।
चौथा दिन- पेपर इंच वर्म
अगर आपके पास नॉर्मल फोल्डिंग पेपर है तो आप उसकी मदद से पेपर इंच वर्म बना सकती हैं। ये बहुत ही आसान है और बच्चों को प्रैक्टिस करवाने का बहुत अच्छा तरीका है।
क्या चाहिए-
बटन जो आंखों की तरह इस्तेमाल करें, व्हाइट पेपर, ग्रीन पेपर, टेप, ग्लू, कैंची और पेंसिल और स्ट्रॉ
क्या करना है-
ग्रीन पेपर को 3 स्ट्राइप्स में काट लें। अब व्हाइट पेपर पर ग्रीन स्ट्राइप्स रखें और वेव (wave) वाले आकार में बनाएं। इसे टेप और ग्लू की मदद से चिपका दें। ऐसा दो स्ट्रिप्स के साथ करें और आखिरी स्ट्रिप को रोल कर चेहरा बनाने के लिए रख दें।
अब पेंसिल से रिंग में छेद करें। स्ट्रॉ को रोल कर उसमें लगा दें। आप चाहें तो बटन लगाकर आंखें भी बना सकती हैं।
पांचवा दिन- विंटर स्नो मैन
पांचवा दिन बच्चों की ड्रॉइंग टेस्ट करने के साथ-साथ उन्हें कुछ क्रिएटिव सिखाने का भी है।
क्या चाहिए-
ग्लू, रुई, कलर करने के लिए क्रेयॉन, पेंसिल, बटन नाक और आंख के लिए, रिबन
क्या करें-
अपने बच्चों से बोलें कि वो स्नो मैन की ड्रॉइंग बनाएं। इसके बाद उसे सजाने के लिए हैट, बॉडी आदि में जहां-जहां रंग भर सकते हैं भरें और उसके बाद रुई की मदद से उसे सजाएं। जितनी क्रिएटिविटी दिखा सकती हैं उतनी दिखाएं।
छठवां दिन- पेपर स्पिनर
बच्चों को स्पिनर बहुत पसंद होते हैं और लगभग हर उम्र के बच्चे इससे खेलना पसंद करते हैं। आप धागे और कार्डबोर्ड की मदद से पेपर स्पिनर बना सकती हैं।
क्या चाहिए-
मोटा धागा, कैंची, कार्डबोर्ड, प्रिंटेड पेपर, ग्लू
कैसे बनाएं-
कार्डबोर्ड पेपर को बिलकुल गोल आकार में काट लें। इसके लिए बच्चों के जियोमेट्री बॉक्स का भी इस्तेमाल कर सकती हैं। इसमें प्रिंटेड पेपर चिपकाएं। आप कोई जियोमेट्री का पैटर्न ले सकती हैं।
दो कार्डबोर्ड को एक साथ ग्लू की मदद से चिपकाएं। उसके बीचों-बीच पेंसिल की मदद से दो छेद करें और मोटा धागा उसमें डालें। दोनों छेदों में मोटा धागा डालना है और इसके बाद ये बच्चों को खेलने के लिए दे दें।
सातवां दिन- हैंडमेड ब्रेसलेट बनाएं
सबसे आसान तरीका हो सकता है गुंथे हुए ब्रेसलेट बनाने का। अगर आपके पास मोटा धागा है और कलरफुल वैक्स है तो ये बहुत आसानी से बन जाएगा।
क्या चाहिए-
कलरफुल धागा या मोटा धागा, बच्चों के क्रेयॉन्स, कुछ बटन या बीड्स
क्या करना है-
अगर कलरफुल धागा नहीं है तो वैक्स पिघला कर आप मोटे धागे को कलर कर सकती हैं। इसके बाद आप इसे गूंथना शुरू करें ठीक वैसे ही जैसे आप नॉर्मल चोटी गूंथती हैं। इसके बीच में आप कुछ बटन या सजावट का सामान भी लटका सकती हैं। इसके बाद अगर इसे मोटा बनाना चाहें तो दो-तीन ऐसे ही चोटियां बनाकर एक साथ सिल लें। साथ में सजाएं और बच्चों का DIY ब्रेसलेट तैयार है।
दूसरा हफ्ता- घर की सजावट से जुड़े क्राफ्ट्स
अब दूसरा हफ्ता आप अपने घर को दे सकती हैं। पूरा हफ्ता आप अपने घर की सजावट को दे सकती हैं। दूसरे हफ्ते यानी आठवें दिन से लेकर चौदहवें दिन तक आप यही काम कर सकती हैं।
आठवां दिन- मैग्जीन टी कोस्टर
घर में पुरानी मैग्जीन या पेपर हैं तो आप आसानी से उसकी मदद से कोस्टर बना सकती हैं।
क्या चाहिए-
पुरानी मैग्जीन या न्यूजपेपर के पन्ने, ग्लू
कैसे करना है-
अगर आप मैग्जीन का इस्तेमाल कर रही हैं तो एक पन्ने के चार लंबाई में टुकड़े करें और उसे एक साथ पतली स्ट्रीप में फोल्ड करें। किसी लकड़ी या पत्थर की मदद ले सकती हैं फ्लैट करने के लिए। अब धीरे-धीरे करके इसे मोड़ने की कोशिश करें। राउंड बनाना है। साथ ही साथ ग्लू से चिपकाती जाएं। अगर ऐसा नहीं किया तो ये राउंड खुलने लगेंगे। अब इसे इतना बड़ा बनाएं कि आपका कोस्टर बन जाए। ये काफी यूनीक डिजाइन वाला कोस्टर लगेगा।
नौंवा दिन- बटन बाउल
बटन की मदद से कितनी चीज़ें बनाई जा सकती हैं।
क्या चाहिए-
बहुत सारे कलरफुल बटन, ग्लू चिपकाने के लिए और एक बाउल । एल्यूमीनियम फॉयल
क्या करना है-
सबसे पहले बाउल में एल्यूमीनियम फॉयल डालें। उसके बाद उसमें ग्लू लगाएं और एक-एक करके बटन चिपका दें। अब इसके सूखने का इंतजार करें और उसके बाद एल्यूमीनियम फॉयल हटा दें।
दसवां दिन- कार्डबोर्ड वॉल ऑर्गेनाइजर
कार्डबोर्ड की मदद से आप अपने घर के लिए वॉल ऑर्गेनाइजर बना सकती हैं। इसके लिए आपको बहुत ज्यादा मेहनत भी नहीं करनी होगी।
क्या चाहिए-
कार्डबोर्ड ट्यूब्स अगर हों तो, या फिर कार्डबोर्ड जिसे मोड़ा जा सके, क्राफ्ट पेंट, ग्लू चिपकाने के लिए, पेंट ब्रश, कैंची
क्या करना होगा-
अगर कार्डबोर्ड ट्यूब ले रही हैं तो बस उसे पेंट करके सूखने के लिए रख दें। अगर नॉर्मल कार्डबोर्ड ले रही हैं तो उसे गोल आकार में चिपकाएं। इसमें थोड़ी मेहनत लगेगी, लेकिन इतना मुश्किल भी नहीं है। इसके बाद उसे पेंट करके सूखने के लिए रख दें। जब ये हो जाए तो एक बड़े से कार्डबोर्ड में इस सभी को चिपकाएं चाहें तो पहले बेस को डेकोरेट कर लें। इसके बाद आप अपनी दीवार पर इसे लगा सकती हैं। चाभियां या ऐसी ही कोई हल्की फुल्की चीज़ रखने के काम आएगा।
ग्यारवां दिन- फ्रेम्ड प्लांट
पेड़ों की पत्तियों से अच्छा क्या ही लगता है। इसे आप अपनी दीवार सजाने के काम भी ला सकती हैं।
क्या चाहिए-
ग्लिसरीन, पेड़ों की पत्तियां, पेपर टॉवल, प्लास्टिक प्लेट, ग्लू, एक छोटा कंटेनर, फोटो प्रेम
क्या करें-
एक कंटेनर में 1 कप ग्लीसरीन और दो कप पानी डालें और इसमें पत्तियों को डालें। अब इनके ऊपर प्लास्टिक प्लेट रख दें और दो तीन दिन तक इसे रखे रहने दें। ऐसा हम पत्तियों को प्रिजर्व करने के लिए कर रहे हैं। अब इन्हें निकालें और पेपर टॉवल की मदद से पोछें। ग्लीसरीन के कारण इनका रंग थोड़ा सा बदल गया है। इसके बाद आप इन्हें फ्रेम कर सकती हैं।
इसे जरूर पढ़ें- इस साल ये 7 इंटीरियर्स डिजाइन आपके घर को देंगे एक क्लासिक लुक
बारवां दिन- ग्लास जार डेकोरेशन
आप पेड़ों की गिरी हुई पत्तियों से ग्लास कैंडल जार भी बना सकती हैं।
क्या चाहिए-
ग्लास जार, ग्लू, पत्तियां, कैंडल, पेंट ब्रश।
क्या करें-
सबसे पहले ग्लास जार के बाहर की ओर बहुत सारा ग्लू लगा लें। इसके बाद आप पत्तियां चिपकाएं। ध्यान रहे पत्तियां पूरी तरह से चिपकानी है। इसके सूखने के बाद आप इसके ऊपर से भी ग्लू लगाएं। इसके लिए आप पेंट ब्रश की मदद ले सकती हैं। इसे सूखने दीजिए। आप चाहें तो इसे और सजा सकती हैं या फिर ऐसे ही इस्तेमाल कर सकती हैं। बस अंदर की तरफ कैंडल रख लें।
तेरवां दिन- इयरबड्स प्रिंसेज
अगर आपकी ड्रॉइंग अच्छी है तो आप इस तरह से इयरबड्स प्रिंसेज बना सकती हैं। अगर नहीं भी है तो आप ऐसा स्केच प्रिंटर की मदद से ऑनलाइन निकाल सकती हैं।
क्या चाहिए-
कलर पेंसिल, इयरबड्स का डिब्बा, कार्डबोर्ड, व्हाइट पेपर।
क्या करें-
सबसे पहले आप पेपर में स्केच बना लें। उसमें रंग भी आपको ही भरने हैं। इसे आप अपनी पसंद से कितना भी बड़ा बना सकती हैं। इसके बाद आप इसमें रंग भरें और इसे ग्लू की मदद से कार्डबोर्ड पर चिपकाएं। इसके बाद शुरू होगा असली काम। धीरे-धीरे कर इयरबड्स को दो हिस्सों में काट लें। सभी साइज एक जैसे नहीं होने चाहिए। इसके बाद आप इन्हें ड्रेस का शेप दें।
चौदवां दिन- पेंटिंग
इस दिन खुद को थोड़ा क्रिएटिव बनाएं और पेंट करें। चाहें तो आप व्हाइट टी-शर्ट पेंट कर सकती हैं, या फिर आप व्हाइट मग पेंट कर सकती हैं। इस दिन अपनी क्रिएटिविटी झलकने दीजिए।
तीसरा हफ्ता- रीसाइकल क्राफ्ट्स
हमने बच्चों के साथ सभी क्राफ्ट्स बना लिए, हमने साथ ही साथ घर सजाने के लिए भी क्राफ्ट्स बना लिए।अब जरा हम घर में रखे हुए पुराने सामान से भी कुछ नया कर लें। इस हफ्ते हम सब कुछ ऐसा करेंगे कि पुरानी चीजें रीसाइकल हो जाएं।
पंद्रहवां दिन- पुराने जूतों का इस्तेमाल
वैसे तो आप ऐसे किसी भी जूते को गार्डन के लिए इस्तेमाल कर सकती हैं, लेकिन अगर आप चाहें तो आप प्लास्टिक के जूतों में पेड़ उगा सकती हैं।
क्या चाहिए-
मिट्टी, पौधों के बीज, पुराने जूते
क्या करना है-
आप चाहें तो पहले जूतों को डेकोरेट कर सकती हैं या ऐसे ही अपने पुराने जूतों में मिट्टी भरकर उसे फ्लॉवर पॉट की तरह इस्तेमाल कर सकती हैं। ध्यान रहे कि कपड़ों के जूते अगर इस्तेमाल कर रही हैं तो उन्हें घर के बाहर ही रखें क्योंकि उनमें से बदबू आ सकती है। इसके अलावा, इनमें आप सक्युलेंट जैसे प्लांट भी लगा सकती हैं।
सोलवां दिन- वाइन बॉटल क्राफ्ट
ये बहुत ही आसान सा क्राफ्ट है और आपको देखकर ये काफी अच्छा भी लगेगा। इसके लिए आपको अपनी क्रिएटिविटी दिखानी है।
क्या चाहिए-
वाइन बॉटल, ग्लू, रस्सी, पेंट (ऑप्शनल)
क्या करना है-
बस वाइन बॉटल में ग्लू लगाइए और रस्सी को किसी पैटर्न का आकार दीजिए। इसी के साथ, इस रस्सी को सूखने के लिए थोड़ा समय भी दीजिए। अगर लग रहा है कि ग्लू थोड़ा और चाहिए तो रस्सी के ऊपर से ग्लू लगा सकती हैं। इसके बाद अगर आप चाहें तो पेंट ब्रश की मदद से पैटर्न को रंग सकती हैं या फिर ऐसे ही रस्सी को लगा सकती हैं। इसके अंदर फेयरी टेल लाइट लगाएं और इसे नाइट लैम्प की तरह इस्तेमाल करें।
सत्रहवां दिन- प्लास्टिक बॉटल प्लांटर
पुरानी प्लास्टिक की बॉटल को आप बहुत अच्छा शेप दे सकती हैं। ये आपके गार्डन की शोभा बढ़ाएगी।
क्या चाहिए-
कैंची, प्लास्टिक की बॉटल, पेंट, सजावट का सामान
क्या करें-
प्लास्टिक बॉटल को आप मनचाहे आकार में काट सकती हैं। इसे काटने के लिए आप कैंची या फिर किसी पेपर कटर का इस्तेमाल भी कर सकती हैं। शेप क्या देना है वो आप पर निर्भर करता है। आप कई जानवरों का आकार भी दे सकती हैं। इसके बाद इसे पेंट करिए। पेंट की मदद से ही आप इसमें नाक,मुंह,आंख बना सकती हैं। इसके बाद आप इसमें मिट्टी और पौधों के बीज डालिए और अपने घर को सजाइए।
अठारवां दिन- स्पून क्राफ्ट
आप घर में रखी हुई प्लास्टिक की स्पून से मोर या ऐसी ही कोई डिजाइन बना सकती हैं।
क्या चाहिए-
बहुत सारी प्लास्टिक स्पून, इयरबड्स, पेंट, ग्लू, कार्डबोर्ड
क्या करना है-
सबसे पहले एक प्लास्टिक की चम्मच का सिरा तोड़ लें और उसे पेंट कर दें। इसे नीले रंग में पेंट करना है। इसपर धीरे-धीरे ग्लू की मदद से पेंट किए हुए इयरबड्स लगाना शुरू करें। सिर्फ इयरबड्स का सिरा लगाना है। इसके बाद इसे सूखने के लिए रख दें। जब ये सूख जाए तो आप कार्डबोर्ड पर गोल्डन पेंट की हुई चम्मचों को रखें और ग्लू की मदद से उन्हें ऐसे चिपकाएं जैसे ये मोर पंख हों। अब इसके ऊपर पहले से बनाई हुई मोर की बॉडी रखें।
उन्नीसवां दिन- प्लास्टिक बॉटल बर्ड फीडर
ये बनाने में बहुत आसान है और आप इसकी मदद से चिड़िया को दाना ही देंगे।
क्या चाहिए-
प्लास्टिक की बॉटल, कैंची, रस्सी और चिड़िया के दाने, चाहें तो पेंट भी कर सकती हैं।
क्या करना है-
प्लास्टिक की बॉटल को इस तरह से काटें कि एक तरफ से तो उसमें प्लास्टिक बचे और दूसरी तरह से पूरा खाली हो, सिर्फ नीचे की ओर दाना रखने की जगह रहे। इसके बाद इसे पेंट कर लें। रस्सी की मदद से अपने घर की ऐसी जगह पर टांगें जहां आपको लगता है कि चिड़ियां आती हैं। अब इसमें दाना डालकर रख दें।
बीसवां दिन- बॉटल कैप कोस्टर
इसे बनाना और भी ज्यादा आसान है। बस आपके पास ढेर सारे बॉटल कैप होने चाहिए।
क्या चाहिए-
ढेर सारे बॉटल कैप, पेंट, ग्लू
क्या करना है-
जैसा तस्वीर में दिखाया गया है बॉटल कैप को एक साथ रखकर ग्लू कीजिए। इसके बाद इसे आप पेंट कर सकती हैं। इसे सूखने के बाद इस्तेमाल कीजिए। पेंट ऑप्शनल है।
इक्कीसवां दिन- घर सजाएं
क्या चाहिए-
जितने भी क्राफ्ट्स आपने बनाए हैं वो सब
ये हमारे 21वें दिन के चैलेंज का आखिरी दिन है और आप यहां अपना घर सजाएं। जितने भी क्राफ्ट्स आपने बनाए हैं उन्हें आराम से और अच्छे से समय लेकर घर में सजाएं। होम डेकोर का ये बहुत ही अच्छा आइडिया है।
21 दिनों तक आपने बहुत मेहनत की है और इसका फल तो मिलना ही चाहिए। कोरोना वायरस संक्रमण के इस समय में आप घर पर रहें और सुरक्षित रहें। ऐसी ही अन्य खबरें पढ़ने के लिए जुड़े रहें हर जिंदगी से।