Thick Gravy: क्या आपको पता है 1/2 कप चावल का पानी सब्जी में डालने से क्या होगा?

कुछ दिनों पहले मैंने बड़े मन से छोले और चावल बनाए। अब छोले बने तो स्वादिष्ट थे लेकिन उसमें पानी थोड़ा ज्यादा हो गया था। मुझे अंदाजा नहीं रहा और प्याज और टमाटर का मसाला कम बना। 3-4 लोगों के हिसाब से उसमें पानी करना था, तो डिश जब तैयार हुई तो पानी ज्यादा हो गया। जैसे-तैसे खाना खा तो लिया, लेकिन फिर भी कमी लग रही थी। ऐसा आपके साथ भी कभी न कभी हुआ होगा। जल्दबाजी में हम अक्सर कुछ ऐसी गलती कर देते हैं, जो खाने के स्वाद को बिगाड़ देती है।
ग्रेवी वाली रेसिपीज के साथ ऐसा ज्यादा होता है। अक्सर कभी मसाला कम हो जाता है, तो कभी गलती से पानी बढ़ जाता है। ऐसे में आपको धीमी आंच पर 20-25 मिनट रेसिपी को पकाना पड़ता है, ताकि उसका पानी कम हो जाए। अब ग्रेवी वाली रेसिपी को गाढ़ा करने के तरीके तो हम आपको पहले भी कई बार बता चुके हैं।
इस बार फिर से ट्राई और टेस्ट किए हुए तरीके बताने वाले हैं। मैंन जब भी किचन में कोई नहीं ट्रिक आजमाती हूं, तो कोशिश करती हूं कि उसे अपने रीडर्स के साथ भी शेयर करूं।
चावल के पानी से करें ग्रेवी को गाढ़ा
चावल का आटा आपकी रेसिपीज में गाढ़ेपन को बढ़ाने का काम करता है। अगर आपके पास कॉर्नस्टार्च नहीं है, तो आप इस प्रभावी तरीके का इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं, पानी के साथ मिलाने पर इसका कोई रंग नहीं होता है, जिसके कारण इसे क्लीयर सूप आदि में भी मिलाया जा सकता है।
क्या करें-
- एक पैन में 1 बड़ा चम्मच घी या बटर डालकर उसे पिघला लें। इसके बाद, इसमें 2 बड़े चम्मच चावल का आटा डालकर अच्छी तरह से भून लें।
- आटे को तब तक भूनें जब तक कि उसका रंग हल्का भूरा न हो जाए।
- इसके बाद पानी को गर्म करें और उसमें भुना हुआ चावल का आटा मिलाकर इसे मिला लें।
- अब आपकी जो भी ग्रेवी तैयार हो रही है, उसकी आंच धीमी करके धीरे-धीरे यह घोल डाल लें और 5-7 मिनट पका लें।
इसे भी पढ़ें: DIY Cooking Tips: ग्रेवी को गाढ़ा करने के लिए इन तीनों चीजों का करें उपयोग
भुट्टे के पानी से करें ग्रेवी गाढ़ी
कॉर्नस्टार्च के बारे में तो आपको पता होगा। एक चम्मच कॉर्नस्टार्च (क्या होता है कॉर्नस्टार्च) को पानी में मिलाने से यह गाढ़ा घोल बना जाता है, जिसे आप ग्रेवी में डाल सकते हैं। रेसिपीज को गाढ़ा करने के लिए यह एक अच्छा ऑप्शन है, लेकिन अगर आपके पास यह नहीं है, तो भुट्टे के पानी को भी स्टोर करके रख सकते हैं।
क्या करें-
- सर्दियों में भुट्टे खाए जाते हैं। आप भी घर लाकर उन्हें स्टीम करके खाते होंगे। आप भुट्टे के पानी का इस्तेमाल ग्रेवी को गाढ़ा करने के लिए करें।
- एक पैन में पानी डालकर उसे एक उबाल आने तक गर्म कर लें। उसमें 3-4 भुट्टे डालकर अच्छी तरह से पकाएं।
- पानी जब आधा हो जाए, तो भुट्टे निकाल लें और पानी को छानकर रख लें। इसे 20 मिनट के लिए ऐसे छोड़ दें।
- आप देखेंगे कि भुट्टे का पानी भी गाढ़ा हो गया है। अब जब भी ग्रेवी बनाएं, तो उसमें सादा पानी न डालकर इसे मिलाएं।
- भुट्टे के तमाम विटामिन्स और मिनरल्स आपके खाने को पौष्टिक बनाएंगे और स्वाद भी बढ़ाएंगे।
क्रीम चीज़ से करें ग्रेवी गाढ़ी
क्रीम चीज का इस्तेमाल स्नैक्स, सलाद और सैंडविच आदि में किया जाता है। यह थिक सॉस होता है और क्या आपको पता है कि इससे आप अपनी रेसिपी का स्वाद कितना बढ़ा सकते हैं। आजकल ज्यादातर लोग मेयोनेज की जगह इसी का इस्तेमाल करते हैं। इतना ही नहीं, पैनकेक बैटर को गाढ़ा करने के लिए भी इसकी मदद ली जा सकती है।
क्या करें-
- चिकन, पास्ता सॉस या पनीर बनाने के लिए क्रीम चीज़ का इस्तेमाल करें। इसके लिए पहले इसे पिघला लें।
- एक पैन को धीमी आंच पर रखकर गर्म करें और उसमें क्रीम चीज़ (क्रीम चीज़ रेसिपी) डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें।
- आपका मिश्रण धीरे-धीरे गाढ़ा होने लगेगा। इसे 2 मिनट तक धीमी आंच पर ही रखें।
- इसके बाद, अपनी ग्रेवी में इसे मिलाकर अच्छी तरह से मिक्स करें और आपकी स्वादिष्ट डिश तैयार है।
इसे भी पढ़ें: बिना प्याज के करना है ग्रेवी को थिक तो करें ये काम
अब अगर आपने कुछ बनाया हो और उसमें पानी ज्यादा हो जाए, तो इन तीन तरीकों को आजमाकर देखिएगा। आपकी रेसिपी स्वादिष्ट बनेगी। अगर आपने कोई ऐसे टिप्स आजमाएं हैं, तो अपने अनुभव हमारे साथ शेयर करें।
हमें उम्मीद है कि यह कुकिंग टिप्स आपके काम आएंगे। अगर आपको यह लेख पसंद आया, तो इसे लाइक और शेयर करना न भूलें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।