Sat Sep 12, 2026 | Updated 03:03 AM IST

Navratri Recipe Tips: गोल और फूली हुई 'कुट्टू की पूड़ी' बनाने के 3 आसान टिप्‍स

नवरात्रि के व्रत में गोल और फूली हुई कुट्टू की पूड़ी बनाने के लिए अपनाएं ये आसान टिप्‍स। 
Updated:- 2021-04-13, 12:33 IST
tips to make round and perfect kuttu ki puri

हिंदू धर्म में चैत्र नवरात्रि का पर्व बेहद शुभ माना गया है और इसलिए कुछ लोग नवरात्रि के पूरे नौ दिन देवी दुर्गा का व्रत रखते हैं और फलाहार भोजन करते हैं। जब बात फलाहार भोजन की आती है तो उसमें शामिल कुट्टू की पूड़ी और आलू की सब्‍जी का ख्‍याल भी जहन में आता है। कुट्टू की पूड़ी खाने में बेहद स्‍वादिष्‍ट होती हैं, मगर इसे बनाने की विधि थोड़ी चुनौतीपूर्ण है।

आमतौर पर लोगों से कुट्टू की पूड़ी गोल और फूली हुई नहीं बनती है। इससे न केवल उसकी बनावट खराब होती है बल्कि उसका स्‍वाद भी खराब हो जाता है। ऐसे में आप कुछ बातों का यदि ध्‍यान रखें तो आपकी कुट्टू की पूड़ी गोल और फूली हुई बन जाएगी।

चलिए हम आपको कुट्टू की पूड़ी को बनाने के कुछ आसान टिप्‍स बताते हैं।

इसे जरूर पढ़ें: Navratri 2020: खिली-खिली साबूदाने की खिचड़ी बनाने के 3 आसान टिप्‍स

kuttu ki puri for navratri vrat

आलू से माढ़ें पूड़ी का आटा

कुट्टू की पूड़ी बनाने के लिए सबसे पहली टिप यही है कि आपको कुट्टू का आटा सही विधि से गूंथना चाहिए। कई घरों में कुट्टू का आटा गूंथने के लिए पानी का प्रयोग किया जाता है। इससे आटा अधिक गीला हो जाता है और पूड़ी को बेलने और तलने में दिक्‍कतें आती हैं। बेस्‍ट है कि आप आलू से कुट्टू का आटा गूंथें। कुट्टू के साथ थोड़ा सा सिंघाड़े का आटा मिला लें। ऐसा करने से आपका आटा टाइट भी गुंथेगा और इससे आपकी पूड़ियां फटेंगी भी नहीं। आप चाहें तो कटी हरी मिर्च और हरी धनिया पत्‍ती को भी कुट्टू के आटे में गूंथते वक्‍त मिला सकती हैं। इससे पूड़ियों में अच्‍छा फ्लेवर भी आ जाता है।

इसे जरूर पढ़ें: Navratri Recipe: 3 तरह से बनाएं नवरात्रि व्रत के लिए आलू की चाट

सेट होने के लिए रखें कुछ देर आटा

कुट्टू की पूड़ी का आटा साधारण आटे की पूड़ी के आटे से काफी अलग तरह से गूंथा जाता है। माढ़ने के बाद इसे सेट होने में थोड़ा वक्‍त लगता है। इसलिए जब भी आप कुट्टू का आटा गूंथें तो लगभग 10 मिनट के लिए उसे सेट होने के लिए रख दें। इस बाद का ध्‍यान रखे कि आपको ज्‍यादा देर के लिए आटे को सेट होने के लिए नहीं रखना है। यदि आप ऐसा करेंगी तो आटा गीला हो जाएगा और पूड़ी बनाने में दिक्‍कतें आएंगी। इसलिए 10 मिनट बाद ही आप गुथे हुए कुट्टू के आटे से पूड़ी बना लें।

इस तरह से बेलें

कुट्टू की पूड़ी को बेलने का भी एक तरीका होता है। आप इसे बिना परथन की मदद लिए नहीं बेल सकती हैं।अगर आप बेल भी लेती है तो वह गोल और फूली हुई नहीं बनती है। ऐसे में व्रत वाली कुट्टू की पूड़ी को बेलने के लिए आप सिंघाड़े के आटे का परथन के रूप में इस्‍तेमाल कर सकती हैं। इसके साथ ही इस बात का भी ध्‍यान रखें कि अगर आपको गोल और फूली हुई पूड़ी चाहिए तो पूड़ी को बीच से बेलने की जगह उसके किनारों को बेलें। इसके बाद पूड़ी को गरम आंच में कढ़ाई पर तलें। इससे आपकी पूड़ी गोल और फूली हुई बनेगी।

अब आप जब भी कुट्टू की पूड़ी बनाएं तो एक बार इन टिप्‍स को जरूर ध्‍यान में रखें। यदि आपको यह आर्टिकल पसंद आया हो तो इसे शेयर और लाइक जरूर करें और इसी तरह और भी आर्टिकल्‍स पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिदंगी से।

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।