Navratri Recipe: 3 तरह से बनाएं नवरात्रि व्रत के लिए आलू की चाट

नवरात्रि के व्रत में सब से ज्यादा चटपटा खाने का मन होता है। मगर फलाहार में कहां चटपटा स्वाद होता है। लेकिन थोड़ा सा एक्सपेरिमेंट किया जाए तो आप नवरात्रि के व्रत में भी चटपटा खाने की इच्छा को पूरा कर सकती हैं।
आज हम आपको बताएंगे कि कैसे आप नवरात्रि के व्रत में घर पर ही आलू की चाट बना कर अपनी चटपटा खाने की क्रेविंग को शांत कर सकती हैं।
बेस्ट बात तो यह है कि घर पर व्रत वाली आलू की चाट बनाना बेहद आसान है और यह बहुत कम समय में ही तैयार हो जाती है।
दही और धनिया के आलू
सामग्री
- 1 कटोरी धनिया की चटनी
- 3 बड़े चम्मच दही
- 1 छोटा चम्मच भुना पिसा जीरा
- व्रत वाला नमक
विधि
- सबसे पहले धनिया की चटनी तैयार कर लें। आप इस चटनी में अमचूर पाउडर और नींबू का प्रयोग कर सकती हैं, क्योंकि व्रत में दोनों का ही सेवन किया जा सकता है।
- इसके बाद आलू को वॉश करके उबाल लें। उबालने के बाद आलू को ठंडा होने के लिए रख दें।
- इसके बाद एक बाउल लें और उसमें धनिया की हरी चटनी डालें और फिर चटनी में दही डाल कर अच्छे से मिक्स कर लें।
- अब इसमें उबले हुए आलू को चौकोर टुकड़ों में काट कर डालें और अच्छे से मिक्स कर लें।
- इसके बाद भुना पिसा जीरा डालें। आपकी दही और धनिया की आलू चाट सर्व करने के लिए तैयार हो जाएगी।
इसे जरूर पढ़ें: नवरात्रि स्पेशल: नवरात्र थाली में आपको कौन से पकवान परोसे जाते हैं?
आलू और मूंगफली की कुरकुरी चाट
सामग्री
- 5 उबले आलू
- 1 छोटी कटोरी मूंगफली
- 1 बड़ा चम्मच हरी धनिया पत्ती
- 1 नींबू का रस
- 1 बड़ा चम्मच हरी चटनी
- 1 बड़ा चम्मच दही
- 1 बड़ा चम्मच अनारदाना की चटनी
- 1 छोटा चम्मच भुना पिसा जीरा
- व्रत वाला नमक स्वादानुसार
विधि
- सबसे पहले हरी धनिया की चटनी और अनारदाना की चटनी बना कर तैयार कर लें।
- फिर आलू उबालें और उन्हें ठंडा होने के लिए अलग रख दें।
- इसके बाद एक कढ़ाई में मूंगफली को फ्राई कर लें।
- अब आलू को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटें और कढ़ाई में फ्राई कर लें।
- इस बात का ध्यान रखे कि आलू को इतना फ्राई करें कि वह कुरकुरा हो जाए।
- इसके बाद एक बाउल में आलू और मूंगफली लें। इसमें हरी चटनी और अनारदाना की खट्टी-मीठी चटनी डालें।
- फिर इसमें दही डालें और इसे अच्छे से मिक्स करें।
- आखिर में धनिया पत्ती, भुना पिसा जीरा और नमक डालें और सर्व करें।
इसे जरूर पढ़ें: Expert Tips: नवरात्रि व्रत में भूल कर भी न करें ये गलतियां, सेहत पर पड़ सकता है असर
कुट्टू की आलू टिक्की चाट
सामग्री
- 1 छोटी कटोरी कुट्टू का आटा
- 4-5 उबले हुए आलू
- 2 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
- 1 बड़ा चम्मच हरी धनिया बारीक कटी हुई
- 1 बड़ा चम्मच हरी चटनी
- 1 बड़ा चम्मच अनारदाना चटनी
- 2 बड़े चम्मच मीठा दही
- 1 छोटा चम्मच भुना पिसा जीरा
- व्रत वाला नमक स्वादानुसार
विधि
- सबसे पहले मीठा दही, अनारदाना चटनी और हरी चटनी तैयार कर लें।
- इसके बाद कुट्टू के आटे को भून लें। इससे उसकी कड़वाहट और कच्चापन दूर हो जाएगा।
- फिर आलू को उबाल कर ठंडा करें और उन्हें अच्छे से मैश कर लें।
- इसके बाद मैश किए हुए आलू में कुट्टू का आटा, हरी मिर्च, धनिया और व्रत वाला नमक मिलाएं।
- इस मिश्रण से छोटी-छोटी टिक्की बनाएं और उसे घी में सेक कर कुरकुरा बना लें।
- अब इस टिक्की में मीठा दही, हरी चटनी, अनारदाना चटनी और भुना जीरा डालें।
- आपकी आलू-कुट्टू की टिक्की सर्व करने के लिए तैयार है।
अगर आपका भी नवरात्रि में व्रत रख रही है तो आप भी इन 3 रेसिपीज को ट्राई कर सकती हैं। इसी तरह और भी आसान रेसिपीज जानने के लिए पढ़ती रहें हरजिंदगी।
Image Credit: uttamtr/ instagram, flavourstreat, thecuminstory/ instagram
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।