एक बेकर की पैंट्री में आपको बेकिंग टूल्स से लेकर जरूरी इंग्रीडिएंट सब मिलेंगे। एक ऐसा इंग्रीडिएंट भी मिलेगा, जो चीजों को गोल्डन रंग देने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। इसे एग वॉश कहते हैं। पाई और पेस्ट्री के ऊपर से सुंदर सुनहरा रंग मिलता है, वो यही इंग्रीडिएंट देता है।
एग वॉश अंडे से बनाया जाता है और बेकिंग में इस्तेमाल करने के लिए आप इसे 2 मिनट में तैयार कर सकते हैं। यह क्या है, इसे कैसे बनाया जाता है और इसका इस्तेमाल कैसे किया जाता है, जानना एक बिगिनर बेकर के लिए आवश्यक है। आइए आपको बताएं कि बेकिंग में इस्तेमाल किया जाने वाला यह इंग्रीडिएंट आखिर क्या होता है?
क्या होता है एग वॉश?
एग वॉश अंडे से तैयार किया जाता है। इसे बनाने के लिए एक होल एग, अंडे की जर्दी या उसकी सफेदी को थोड़ी मात्रा में पानी, दूध या क्रीम के साथ मिलाया जाता है। कुछ लोग फेंटा हुआ अंडा भी इसमें इस्तेमाल करते हैं, लेकिन एग वॉश से जो चमक और रंग मिलता है, वो फेंटे हुए अंडे से मिलना थोड़ा-सा मुश्किल होता है।
इस वॉश को ब्रेड, पेस्ट्री और पाई के ऊपर ब्रश किया जाता है और फिर उन्हें ओवन में बेक किया जाता है। इससे एक ग्लॉस और गोल्डन कलर मिलता है। यह पेस्ट्री और पाई के किनारों को सील करने में भी मदद करता है। अगर आपने ऊपर से कोई टॉपिंग डाली है, तो यह उसे इधर-उधर फिसलने से बचाता है। यह मीठे और नमकीन दोनों तरह की चीजों को बनाने में उपयोग किया जाता है।
इसे भी पढ़ें: Master Chef Pankaj Bhadouria Tips: घर में ही केक बनाने जा रही हैं आप, तो ये 5 बेकिंग टिप्स आएंगे काम
कैसे बनाया जाता है एग वॉश?
इसे बनाना आसान है। इसके लिए एक कटोरे में एक अंडा और 1 बड़ा चम्मच पानी, दूध या क्रीम कुछ भी मिलाएं। फोर्क की मदद से इसे तब तक मिलाएं, जब तक कि दोनों सामग्रियां अच्छी तरह से कंबाइन नहीं हो जातीं। आप अंडे की जगह उसकी जर्दी या सफेदी का इस्तेमाल भी कर सकते हैं।
आपका एग वॉश तैयार है। इसे पेस्ट्री या पाई के आटे पर लगाएं और बेक कर लें। इससे आपके डेजर्ट में चमक और सुंदर गोल्डन रंग मिलेगा।
पानी, दूध या क्रीम किस चीज को मिलाने से बढ़िया आता है कलर?
आप अंडे में जिस भी चीज का इस्तेमाल करते हैं, उसके रंग और ग्लॉस में अंतर हो सकता है। ध्यान रखिए कि ज्यादा फैट और प्रोटीन से रंग अधिक गहरा और ग्लॉस आती है। अगर आप अंडे के साथ पानी का इस्तेमाल करेंगे, तो इससे सुनहरा रंग मिलेगा और ग्लॉस कम होगा। अंडे को हैवी क्रीम (व्हिप्ड क्रीम बनाने का तरीका) के साथ मिलाकर इस्तेमाल करने से रंग ज्यादा गहरा होता है और बेक्ड गुड्स में चमक भी ज्यादा होगी। आपको जिस भी तरह का रंग और चमक चाहिए, आप उसी प्रकार के इंग्रीडिएंट्स का उपयोग कर सकती हैं।
एग व्हाइट या एग योक में से क्या है ज्यादा बेहतर?
एग वॉश बनाने के लिए आप अंडा, अंडे की सफेदी और जर्दी का इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन यहां भी सवाल है कि जर्दी और सफेदी में ज्यादा क्या सही रहता है। एग व्हाइट और पानी के मिक्स से आपको अच्छा ग्लॉस मिलता है। इससे आपकी पेस्ट्री या पाई में गोल्डन रंग आएगा। अगर आप एक योक को पानी के साथ मिलाकर लगाते हैं, तो रंग और चमक दोनों गहरी होंगी और परिणाम अच्छा मिलेगा। पानी की जगह अगर आप दूध या क्रीम का इस्तेमाल करते हैं, तो आपको परिणाम अच्छा मिलेगा।
आप अपने स्वाद और प्राथमिकता के हिसाब से एग वॉश तैयार कर सकते हैं। आपके पास बेकिंग करते वक्त जो भी इंग्रीडिएंट मौजूद है, उससे भी एग वॉश बना सकते हैं।
इसके अलावा लोग मेयोनेज का इस्तेमाल भी करते हैं। जी हां, अगर आपके पास अंडा नहीं है, तो थोड़ी-सी मेयोनेज सॉस (मेयोनेज और क्रीम के बीच का अंतर) को वॉश की तरह बेक्ड गुड्स पर लगाया जा सकता है। इससे भी एग वॉश जैसा ही रिजल्ट मिलता है।
क्या एग वॉश वाकई जरूरी है?
कई रेसिपीज में एग वॉश की आवश्यकता पड़ती ही है। इसका मकसद यह होता है कि यह प्रोडक्ट को गोल्डन रंग देता है। एक बेकर के नजरिए से देखा जाए, तो फूड प्रोडक्ट को अधिक अट्रैक्टिव दिखाने के लिए एग वॉश का इस्तेमाल किया जाता है। यह बेक्ड गुड्स को क्रिस्पी और शाइनी बनाने के साथ उसे बाइंडर की तरह जोड़ता भी है।
इसे भी पढ़ें: कुकीज को बनाना चाहती हैं सॉफ्ट तो इन टिप्स को करें फॉलो
क्या एग वॉश स्टोर किया जा सकता है?
यदि बेकिंग के बाद आपके पास एग वॉश बच गया है, तो आप इसे दो दिनों के लिए रेफ्रिजरेटर में रख सकते हैं। ध्यान रखें कि इसे दो दिन से ज्यादा स्टोर नहीं किया जा सकता है। बेकिंग के लिए बेहतर है कि आप फ्रेश एग वॉश का ही इस्तेमाल करें। हालांकि, अगर आप रोजाना कुछ बेक करते हैं, तो उसमें इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। अगर आप कोई फ्राइड आइटम भी बना रहे हैं, तो उसे गोल्डन रंग देने के लिए भी एग वॉश का इस्तेमाल करना अच्छा विकल्प है।
इसे कई रेसिपीज में इस्तेमाल किया जाता है। अगली बार आपको प्रोफेशनल बेकर जैसे रिजल्ट पाने हों, तो आप भी एग वॉश का उपयोग करके देखें। अगर इस लेख को लेकर आपके कोई सवाल हैं, तो हमें जरूर बताएं। हम सही जानकारी आप तक पहुंचाने में मदद करेंगे। इस लेख को लाइक करें और फेसबुक पर शेयर करें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: Freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों