बर्तनों को साफ करने के लिए नायलॉन और स्टील के फाइबर से तैयार स्क्रबर होते हैं। ये स्क्रबर खाना, चिकनाई और हर तरह की गंदगी को निकाल सकते हैं। इन स्क्रबर की भी एक शेल्फ लाइफ होती है। इनमें भी गंदगी और बैक्टीरिया पनप सकते हैं, इसलिए समय-समय पर इन्हें भी बदलने की सलाह दी जाती है।
मगर सोचिए आपका सिंक बर्तनों से भरा हुआ हो और आपके पास स्क्रबर न हो। बर्तन साफ करने वाला स्क्रबर खराब हो जाए और आपको तुरंत बर्तन साफ करने हों, तो काम छोड़कर स्क्रबर लेने तो जाएंगे नहीं। बर्तनों को भी ऐसे ही पड़े रहने नहीं दे सकते हैं। ऐसे में जरूरी है कि आपको ऐसे ट्रिक्स या कहिए ऐसे जुगाड़ मालूम हों, जिनसे आप बर्तन साफ कर सकते हैं। ये तरीके पर्यावरण अनुकूल भी हो सकते हैं। आइए आपको बताएं कि आप स्क्रबर के अलावा किन चीजों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
नेचुरल लूफा
सूखे लौकी से बने लूफा सॉफ्ट होते हैं, लेकिन इनसे अच्छी स्क्रबिंग होती है। पहले के समय में इसका उपयोग बहुत किया जाता था। किचन से लेकर कपड़ों की धुलाई के लिए इसका उपयोग होता था। गीले होने पर ये नरम होते हैं लेकिन बर्तनों को साफ करने के लिए पर्याप्त बनावट प्रदान करते हैं। उपयोग के बाद, उन्हें खाद में बदला जा सकता है, जिससे वे बढ़िया विकल्प बनते हैं। ये किफायती भी होते हैं और इन्हें हर दूसरे दिन बदलकर नया लूफा इस्तेमाल किया जा सकता है।
इसे भी पढ़ें: Cleaning Tips: इस्तेमाल करने से पहले नए बर्तन को धो लेना चाहिए, जानें ये 5 वजह
आलू स्क्रबर
क्या आपको पता है कि आलू और आलू के छिलके भी बेहतरीन सफाई कर सकते हैं। कभी आप भी यह ट्रिक आजमाकर देखिएगा। आलू को आधा काटें, कटे हुए हिस्से पर थोड़ा बेकिंग सोडा या नमक छिड़कें और बर्तन साफ करने के लिए इसका इस्तेमाल करें। आलू का हल्का अम्लीय गुण और अब्रेसिव नेचर इसे बढ़िया स्क्रबर बनाता है। यह बर्तनों से ग्रीस और दागों को हटाने में मदद करता है।
बर्तन धोने के दस्ताने
आपने रेस्तरां में लोगों को सिलिकॉन के दस्ताने पहने देखा होगा। वे लोग बर्तन धोते वक्त इन दस्तानों का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, बर्तन को किसी स्क्रबर से नहीं धोते। इन दस्तानों में ही सॉफ्ट ब्रिसल लगे होते हैं, जो बर्तनों को अच्छी तरह से साफ करते हैं। बर्तन धोते समय दस्ताने पहनने से बेहतर पकड़ और नियंत्रण मिलता है। मुलायम स्पंज या कपड़े के साथ दस्ताने पहनने से स्क्रबर की जरूरत के बिना ही आपकी सफाई कर सकते हैं।
नारियल की भूसी से बने स्क्रबर
नारियल की भूसी से बने स्क्रबर एक प्रभावी विकल्प हैं। नारियल के आउटर शेल से बने ये स्क्रबर स्वाभाविक रूप से अब्रेसिव होते हैं, जो उन्हें बर्तनों और पैन से जिद्दी दागों को हटाने के लिए उपयुक्त बनाता है। इसकी खुरदरी बनावट नाजुक सतहों को खरोंचे बिना गंदगी को साफ करने में मदद करती है। इसके अलावा, नारियल की भूसी से बने स्क्रबर बायोडिग्रेडेबल हैं, जो पर्यावरण के अनुकूल हैं। एक बार जब इनका उपयोग अच्छी तरह से कर लिया जाए, तो आप इन्हें खाद में बदल सकते हैं। इस तरह से ये एक नहीं बल्कि दो उद्देशय को पूरा करते हैं।
मकई की भूसी
कॉर्न हस्क से बर्तन साफ करना एक अन्य अनूठा और टिकाऊ समाधान हैं। सूखी मकई की भूसी को इकट्ठा करके स्क्रबर बनाया जा सकता है। इससे बर्तनों को आसानी से साफ किया जा सकता है।ये पानी और बर्तन धोने के साबुन को प्रभावी ढंग से अवशोषित करते हैं, जिससे बिना लिंट छोड़े पूरी तरह से सफाई हो जाती है। मकई की भूसी काफी उपयोगी हो सकती है। इसे आप बर्तन धोने के लिए ही नहीं, बल्कि काउंटरटॉप्स को पोंछने, बर्तन सुखाने या कांच के बर्तनों को चमकाने के लिए भी इस्तेमाल कर सकते हैं। जब आप इनका उपयोग कर लें, तो भूसी को इधर-उधर फेंकने के बजाए खाद बनाएं।
इसे भी पढ़ें: Kitchen Tips: मसाले के डिब्बे और बर्तन हो गए हैं चिपचिपे, ऐसे चमकाएं
राख को करें इस्तेमाल
राख का इस्तेमाल ऐतिहासिक रूप से प्राकृतिक सफाई एजेंट के रूप में किया जाता रहा है, क्योंकि इसका अब्रेसिव नेचर होता है। जब राख को पानी या हल्के डिटर्जेंट के साथ मिलाया जाता है, तो यह एक ऐसा पेस्ट बन सकता है जो बर्तनों और कुकवेयर से ग्रीस और मैल को प्रभावी ढंग से हटाता है। राख का अल्कलाइन नेचर गंध को बेअसर करने और हार्श रसायनों के उपयोग के बिना सतहों को साफ करने में मदद करता है, इसलिए राख से भी बर्तनों को साफ किया जा सकता है।
आप भी इन जुगाड़ को आजमा सकते हैं। अगर इनमें से कोई तरीका कभी आपने ट्राई किया है, तो उसके बारे में हमें कमेंट करके जरूर बताएं। हमें उम्मीद है यह लेख आपको पसंद आया होगा। इसे लाइक और शेयर करें और ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: Freepik, amazon
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों