सिंक नहीं किचन की ये जगहें होती हैं सबसे ज्यादा गंदी, ऐसे करें साफ

क्या आपको लगता है कि किचन का सिंक ही सबसे ज्यादा गंदा होता है? ऐसा नहीं है सिंक के अलावा भी आपके किचन के ऐसे कई स्पेस हैं, जहां गंदगी रहती है। उन्हें आपने समय रहते साफ न किया, तो काम बढ़ जाता है।

dirtiest places in your kitchen and how to clean them

कोई भी पसंद नहीं करेगा यदि कोई आपकी रसोई को गंदा कहे। मान लीजिए, आपके यहां मेहमान आए हों और वे ही आपको बातों-बातों में बता दें कि आपको रसोई गंदी है। कितना शर्मनाक होगा! अब सफाई रखना तो सभी पसंद करते हैं और मुझे यकीन है कि हर हफ्ते डीप क्लीनिंग करने के लिए भी लोग अलग से एफर्ट लगाते हैं। फिर भी कई बार कुछ जगहें ऐसी होती हैं, जो हमसे छूट सकती हैं।

अगर आप सावधानी से किचन का कोना-कोना साफ करें भी तो संभावना है कि आप एक या दो जगह पर ध्यान नहीं दे पाते होंगे। क्या आपको भी लगता है कि रसोई में सिंक और उसके आसपास ही सबसे ज्यादा गंदगी होती है? क्या आपका सारा ध्यान बस उस जगह को साफ करने में रहता है? चलिए आज आपको इस आर्टिकल के जरिए बताएं किचन के वो कोने जो आपसे भी अनदेखी में रह जाते हैं।

1. गैस बर्नर के नीचे

gas burner spots cleaning

आजकल कुछ लोगों के यहां बिल्ट-इन गैस बर्नर देखा जा सकता है। वहीं, अधिकतर घरों में आम गैस स्टोव का ही इस्तेमाल होता है। हम सभी किचन की सफाई करते वक्त गैस बर्नर और उसके आसपास की सफाई करते हैं, लेकिन कोने और किनारे अक्सर भूल जाते हैं। गैस बर्नर को सिर्फ ऊपर से साफ नहीं किया जाना चाहिए। आप इसके नीचे के स्पेस और बर्नर को हटाकर उसे भी साफ करें। बर्नर में खाना फंसने से उसे जलना मुश्किल हो सकता है, जिससे आपकी गैस बर्बाद होती है।

क्या करें-

  • गैस की सफाई करते वक्त स्क्रब पर डिश सोप लगाकर गैस के नीचे की सफाई करें।
  • चाय, दाल और अन्य फूड पार्टिकल्स के दाग हटाएं।
  • इसके बाद गीले कपड़े से गैस के नीचे और आसपास की जगह को पोंछ लें।
  • इसी तरह से बर्नर को निकालकर कुछ देर पानी में डुबोएं। उसके छेदों को टूथपिक का इस्तेमाल करके भी साफ कर सकते हैं।
  • बर्नर को सुखाकर उसकी जगह पर लगाएं और एक बार लाइटर से जलाकर देख लें।

2. किचन कैबिनेट्स

क्या आपको पता है कि आपके कैबिनेट्स कितने गंदे हो सकते हैं। बाहर से तो आप उन्हें चमका सकते हैं, लेकिन अंदर से भी उनकी सफाई करना बेहद जरूरी है। कैबिनेट्स में पीछे की ओर ज्यादा गंदगी हो सकती है और इसलिए उसे ढंग से साफ करना जरूरी होता है। आपकी दाल, चावल और मसालों के डिब्बों के नीचे धूल रह सकती है, जो आगे आपके काम को कई गुना बढ़ा देता है।

क्या करें-

  • किचन कैबिनेट्स में जितनी भी सामग्री है, उसे बाहर निकालें।
  • कपड़े से कैबिनेट्स को अच्छी तरह से पोंछ लें। यदि आपको दाग दिखे, तो उसे स्क्रब की मदद से हल्के हाथों से रगड़ लें।
  • एक बार फिर से कपड़े से कैबिनेट्स को साफ करें।
  • डिब्बे रखते हुए उन्हें भी साफ कपड़े से पोंछ लें और फिर तहजीब से कैबिनेट्स में रखें।

3. बर्तन रखने का रैक

utensils rack cleaning

हम सभी के घरों में बर्तन रखने का रैक होगा ही, जो बर्तन को सुखाने और मैनेजेबल तरीके से रखने में मदद करता है। बर्तन धोकर हम इसी रैक में रख देते हैं। इससे सारा पानी सिंक में निकल जाता है और बर्तन सूख जाते हैं। किसी के किचन में यह सिंक के पास होता है। कोई इसे दीवार से अटैच कर लेता है, तो कोई गैस स्टोव के करीब रखता है। क्या आपको पता है कि इसके आसपास कितनी गंदगी हो सकती है। कोशिश करें कि बर्तन के रैक और उसके आसपास की जगह को भी साफ रखें

क्या करें-

  • बर्तन के रैक से सारे बर्तन हटाकर अलग रख लें।
  • अगर आपका रैक डिटैचेबल है, तो उसे अलग-अलग करके धो लें और फिर अच्छी तरह से सुखा लें।
  • जिन रैक को धोया नहीं जा सकता है, उन्हें बेकिंग सोडा और नींबू के घोल से पोंछकर साफ कर लें।
  • रैक के आसपास की जगह पर भी स्क्रब या कपड़े से सफाई करें।
  • बर्तन के रैक को सुखाने और साफ करने के बाद ही, उसकी जगह पर लगाएं।
  • एक-एक करके सारे बर्तन लगाएं और फिर से अपने रैक का इस्तेमाल करें।

4. सिलेंडर रखने की जगह

हममें से कई लोगों के घरों में सिलेंडर रखने के लिए एक अलग स्पेस होता है। वहां हम सिलेंडर और छोटे-मोटे टूल्स रख सकते हैं। क्या आपको पता है कि वो कोना कितना गंदा होता। उस जगह का इस्तेमाल नहीं होता, इसलिए वहां पर मकड़ी के जाले हो सकते हैं। वहीं, सिलेंडर के छाप से फर्श भी गंदा हो जाता है। कोशिश करें कि आप रोजाना झाड़ू लगाएं और पोंछे की मदद से दाग को हटाएं।

क्या करें-

  • सिलेंडर को पाइप से हटाटकर अलग कर लें।
  • झाड़ू की मदद से उस कोने को अच्छी तरह से साफ कर लें।
  • अगर सिलेंडर के दाग हैं, तो विनेगर वाले पानी से पोंछा लगाएं। यह बदबू और दाग दोनों को हटाने में मदद करेगा।
  • सिलेंडर को भी अच्छी तरह से साफ कर लें और जगह सूख जाने के बाद इसे फिट कर लें।

अब बताइए, आपमें से कितने लोग इन जगहों को अक्सर भूल जाते हैं। एक बार जाकर देखिए, आपके किचन के ये स्पॉट्स भी गंदे होंगे। घर के साथ-साथ किचन के हर कोने को साफ करना बिल्कुल न भूलें।

हमें उम्मीद है यह लेख आपको पसंद आया होगा। इसे लाइक करें और फेसबुक पर शेयर करें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिंदगी के साथ।

Image Credit: Freepik

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP