हम भारतीय लोग खाने के इतने शौकीन हैं कि खुद ही नए-नए एक्सपेरिमेंट करते रहते हैं। आपने सोशल मीडिया पर तो देखा ही होगा तरह-तरह के फूड कॉम्बिनेशन्स की बहार अक्सर आती रहती है। ऐसा ही एक कॉम्बिनेशन मैंने कुछ समय पहले ट्राई किया था। दही और जामुन को एक साथ मिलाकर खाने का, यह कॉम्बिनेशन मुझे बेहद अच्छा लगा, तो सोचा आपके साथ भी साझा करूं।
इन दिनों जामुन बाजार में उपलब्ध हैं और दही भी आसानी से मिल सकती है। ऐसे में इन दोनों को मिलाकर आप न सिर्फ कुछ बेहद स्वादिष्ट बल्कि बेहद पौष्टिक चीज़ें भी बना सकती हैं। जामुन एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन-सी से भरपूर होता है। यह ब्लड शुगर को कंट्रोल करने में सहायक है और पाचन को भी दुरुस्त रखता है।
वहीं, दही प्रोबायोटिक्स का खजाना है, जो हमारी आंतों के स्वास्थ्य के लिए अमृत समान है। यह हमारी इम्यूनिटी को बढ़ाता है और कैल्शियम से भरपूर होने के कारण हड्डियों को मजबूत बनाता है। घर बैठे-बैठे इन दोनों चीजों का इस्तेमाल करके आप चार मजेदार और आसान रेसिपीज बना सकती हैं। चलिए लेख में इन चीजों को विस्तार से जानें।
1. जामुन और दही से बनाएं स्वीट योगर्ट
आप बाजार से खरीदकर जिस जामुन योगर्ट का मजा लेती हैं, वो फ्रेश नहीं होती। आप भी योगर्ट घर पर बना सकती हैं। इसी रेसिपी भी बेहद आसान है।
सामग्री:
- 1 कप दही
- 1/2 कप पके जामुन
- 1-2 बड़े चम्मच शहद
- पुदीने के पत्ते गार्निश के लिए
जामुन योगर्ट बनाने की विधि:
- ध्यान रखें कि दही गाढ़ी होनी चाहिए। अगर दही में पानी है, तो पहले उसे निथारकर रख लें। जामुन के बीज अलग कर लें।
- अब एक ब्लेंडर में दही, जामुन और शहद डालकर पीस लें। जामुन अच्छी तरह से दही में मिल जाना चाहिए।
- इसे एक गिलास या कटोरी में निकालें और कुछ देर के लिए फ्रिज में ठंडा होने दें।
- ठंडा होने पर, पुदीने के पत्तों से गार्निश करके परोसें। होममेट फ्रेश योगर्ट तैयार है, इसे ब्रेकफास्ट में सीरियल के साथ मिलाकर खा सकते हैं।
2. जामुन फ्रोयो बाइट्स
यह रेसिपी आप एक बार बनाएंगे, तो 100 प्रतिशत इसे बार-बार ट्राई करेंगे। मैं अक्सर यह रेसिपी बनाकर स्नैक के रूप में खाती हूं।
सामग्री:
- 1 कप जामुन योगर्ट
- 2 बड़े चम्मच चॉकलेट चिप्स या कटे हुए नट्स
जामुन फ्रोयो बाइट्स बनाने की विधि:
- आप घर पर फ्रेश जामुन योगर्ट बना सकती हैं। चाहें, तो उसमें थोड़ी चॉकलेट चिप्स भी डाल सकती हैं।
- अब एक बेकिंग ट्रे पर पार्चमेंट पेपर सेट करें। जामुन योगर्ट को एक पाइपिंग बैग में भरें और ट्रे पर छोटे-छोटे बाइट्स के रूप में रखें।
- अगर आप चॉकलेट चिप्स या नट्स डालना चाहते हैं, तो योगर्ट बाइट्स के ऊपर नट्स को हल्का-सा छिड़क दें।
- ट्रे को फ्रीजर में कम से कम 2-3 घंटे के लिए रखें या जब तक बाइट्स पूरी तरह से जम न जाएं।
- जमने के बाद, इन्हें एयरटाइट कंटेनर में निकालकर फ्रीजर में स्टोर करें और जब मन करे तब ठंडा-ठंडा खाएं।
3. जामुन रायता
अगर आप बूंदी या खीरे का रायता खाकर बोर हो गई हैं, तो जामुन रायता बना सकती हैं। यह आपके खाने को एक नया और अनोखा स्वाद देगा। यह दाल-चावल या पुलाव के साथ बहुत अच्छा लगता है।
सामग्री:
- 1 कप दही
- 1/4 कप जामुन
- 1/2 छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
- 1/4 छोटा चम्मच काला नमक
- गार्निश के लिए धनिया पत्ती
जामुन का रायता बनाने की विधि:
- दही गाढ़ी होना जरूरी है। दही को कटोरे में डालकर अच्छे से फेंट लें।
- कटोरे में कटे हुए जामुन, भुना जीरा पाउडर और काला नमक डालकर अच्छे से मिला लें।
- इसे 30 मिनट के लिए फ्रिज में ठंडा होने दें ताकि जामुन का स्वाद दही में अच्छे से घुल जाए।
- धनिया पत्ती से गार्निश करके परोसें। आप इसे पराठे के साथ ट्राई करके जरूर देखिएगा।
4. जामुन लस्सी
पेट की गर्मी को निकालने का सबसे अच्छा तरीका लस्सी है। अगर आप बाजार वाली लस्सी पीना नहीं चाहती हैं, तो घर पर जामुन लस्सी ट्राई करके देखें।
इसे भी पढ़ें: धनिया-टमाटर से नहीं जामुन से बनाएं खट्टी-मीठी चटनी, हर बार बनाने का करेगा मन
सामग्री:
- 1 कप दही
- 1/2 कप पके जामुन
- 1 छोटा चम्मच गुड़
- 1/4 कप ठंडा पानी:
- आइस क्यूब्स
लस्सी बनाने की विधि:
- एक ब्लेंडर में दही, जामुन और गुड़ डालें।
- इस मिश्रण को तब तक ब्लेंड करें जब तक यह एकदम स्मूथ न बन जाए।
- अब इसमें ठंडा पानी और आइस क्यूब्स डालकर एक बार और ब्लेंड करें।
- सर्विंग गिलास में डालकर इसे परोसें। आप चाहें तो इसे पुदीने के पत्ते या जामुन के एक टुकड़े से सजा सकती हैं।
इन आसान और स्वादिष्ट चीजों को आप भी एक बार जरूर बनाइएगा और अपने अनुभव हमारे साथ शेयर जरूर कीजिएगा।
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा, तो इसे लाइक करें और फेसबुक पर शेयर करना न भूलें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: Freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों