उड़द की दाल के ये स्नैक्स बनाकर लें संक्रांति का आनंद, टी टाइम के लिए रहेंगे बेस्ट

मकर संक्रांति का त्योहार पारंपरिक व्यंजनों के बिना अधूरा माना जाता है। इस मौके पर उड़द की दाल का खास महत्व होता है। ऐसे में दाल से बने स्नैक्स आप बना सकते हैं और शाम की चाय का आनंद ले सकते हैं।
image

मकर संक्रांति का त्योहार पूरे भारत में विभिन्न रीति-रिवाजों और व्यंजनों के साथ मनाया जाता है। इस खास मौके पर पारंपरिक व्यंजनों की खुशबू और स्वाद हर घर में बसा होता है। उड़द की दाल, जो प्रोटीन और पोषक तत्वों से भरपूर होती है, इस त्योहार के दौरान कई स्वादिष्ट और अनोखे स्नैक्स बनाने में इस्तेमाल की जाती है।

उड़द की दाल से बने स्नैक्स न केवल स्वास्थ्यवर्धक होते हैं, बल्कि स्वादिष्ट भी होते हैं। इन्हें बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और ये आपके चाय के समय को खास बना सकते हैं। आइए जानते हैं उड़द की दाल के कुछ बेहतरीन स्नैक्स और उनकी रेसिपी जो इस संक्रांति पर आपके उत्सव में चार चांद लगा देंगे।

1. उड़द दाल की मगौड़ी

urad dal mangodi

मगौड़ी एक पारंपरिक भारतीय स्नैक है, जिसे उड़द की दाल से बनाया जाता है। इसे आप मकर संक्रांति के दिन हल्के और कुरकुरे स्नैक के रूप में बना सकते हैं।

सामग्री:

  • उड़द की दाल: 1 कप
  • अदरक: 1 इंच का टुकड़ा (कद्दूकस किया हुआ)
  • हरी मिर्च: 2 (बारीक कटी हुई)
  • नमक: स्वादानुसार
  • हींग: 1 चुटकी
  • तेल: तलने के लिए

मंगौड़ी बनाने का तरीका-

  • उड़द की दाल को 4-5 घंटे के लिए पानी में भिगो दें।
  • भीगी हुई दाल को मिक्सर में पीसकर गाढ़ा पेस्ट बना लें।
  • इसमें अदरक, हरी मिर्च, नमक और हींग मिलाएं।
  • गरम तेल में छोटी-छोटी मगौड़ी के आकार की गोलियां बनाकर सुनहरा होने तक तल लें।
  • इन्हें चाय या दही के साथ परोसें।

2. मसाला ढोकला

masala dhokla

मसाला ढोकला गुजरात का मशहूर स्नैक है, जिसे उड़द की दाल और सूजी के साथ तैयार किया जा सकता है। यह नरम, स्पंजी और बेहद स्वादिष्ट होता है।

सामग्री:

  • उड़द की दाल: 1/2 कप
  • सूजी: 1/4 कप
  • दही: 1/2 कप
  • अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट: 1 चम्मच
  • बेकिंग सोडा: 1 चुटकी
  • नमक: स्वादानुसार
  • तड़के के लिए तेल, सरसों, करी पत्ते और तिल

ढोकला बनाने का तरीका-

  • उड़द की दाल को 4-5 घंटे भिगोकर पीस लें।
  • पिसी हुई दाल में सूजी, दही, अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट और नमक मिलाएं।
  • बैटर को 15-20 मिनट के लिए रख दें।
  • ताजा बेकिंग सोडा डालकर इसे अच्छे से मिलाएं।
  • बैटर को ग्रीस किए हुए ढोकला प्लेट में डालें और भाप में 15-20 मिनट तक पकाएं।
  • तड़का तैयार करें और इसे ढोकला पर डालें।
  • इसे नारियल चटनी या हरी चटनी के साथ परोसें।

3. दाल के चीले

आप दाल के चीले बनाकर भी तैयार कर सकते हैं। ये चीलें शाम के स्नैक्स में ही नहीं बल्कि सुबह के नाश्ते के लिए भी अच्छा विकल्प है। इसे बिल्कुल वैसे ही बनाना है जैसे आप बेसन के चीले बनाते हैं।

सामग्री:

  • उड़द दाल: 1 कप
  • चावल: 1/4 कप
  • हरी मिर्च: 2 (बारीक कटी हुई)
  • अदरक: 1 चम्मच (कद्दूकस किया हुआ)
  • नमक: स्वादानुसार
  • तेल: सेंकने के लिए

चीले बनाने का तरीका-

  • सबसे पहले, दाल और चावल को साफ करके धो लें। इसके बाद उन्हें 20 मिनट के लिए भिगोकर पीस लें।
  • इस मिश्रण में बारीक कटी हरी मिर्च, कद्दूकस किया अदरक और नमक मिलाएं। मिश्रण को ढककर 10 मिनट के लिए छोड़ दें।
  • अब तवे पर थोड़ा तेल डालकर गर्म करें। चीले का मिश्रण फिर से मिक्स करें और फिर तवे पर डालकर फैलाएं।
  • दोनों तरफ से चीले सेंक लें और फिर नारियल चटनी या अचार के साथ परोसें।

4. मुरुक्कु

urad dal mururkku

मुरुक्कु दक्षिण भारतीय स्नैक है, जो उड़द की दाल और चावल के आटे से बनता है। यह कुरकुरे और मसालेदार स्नैक मकर संक्रांति के उत्सव में चार चांद लगा देता है।

सामग्री:

  • उड़द की दाल का आटा: 1.5 कप
  • चावल का आटा: 1 कप
  • जीरा: 1 चम्मच
  • तिल: 1 चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर: 1/2 चम्मच
  • हींग: 1 चुटकी
  • नमक: स्वादानुसार
  • पानी: आटा गूंथने के लिए
  • तेल: तलने के लिए

मुरुक्कु बनाने का तरीका-

  • उड़द की दाल और चावल के आटे को मिलाकर उसमें जीरा, तिल, लाल मिर्च पाउडर, हींग और नमक डालें।
  • इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर सख्त आटा गूंथ लें।
  • मुरुक्कु मेकर में आटा भरें और मनचाहे आकार में तेल में डालें।
  • इसे सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें।
  • गरमागरम मुरुक्कु को चाय या सॉस के साथ परोसें।

ये स्नैक्स बनाना आसान है और आप अपने टी टाइम को इनसे और भी खास बना सकते हैं। हमें उम्मीद है कि यह लेख आपको पसंद आया होगा। इसे लाइक करें और फेसबुक पर शेयर करना न भूलें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP