Janmashtmi Special: भगवान श्री कृष्ण को पसंद हैं दूध से तैयार ये चीजें, आप भी घर पर ऐसे बनाएं

हमने श्री कृष्ण के बाल रूप को भले ही टीवी में देखा और या बड़े पोस्टर्स में, एक बात जानी कि वह मक्खन कितना पसंद करते हैं। आज जन्माष्टमी का त्यौहार मनाया जा रहा है। यह त्यौहार बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। ऐसे में भगवान कृष्ण के लिए तरह-तरह के पकवान बनते हैं। लोग नंद गोपाल को दूध, शहद और पानी से स्नान कराने के बाद उन्हें तैयार करते हैं। उपवास रखते हैं और कान्हा के अभिषेक के बाद आधी रात को ही व्रत खोलते हैं।
हम सबको पता है कि भगवान कृष्ण को माखन कितना पसंद है। लोग उनकी फेवरेट माखन मिश्री जरूर तैयार करते हैं। कुछ भक्त भगवान कृष्ण के लिए एक विशेष 'छप्पन भोग' भी तैयार करते हैं, जिसमें 56 प्रकार के आइटम्स होते है। ऐसा माना जाता है कि भगवान कृष्ण को दूध से बनी हुई चीजें बहुत ज्यादा पसंद होती हैं। ऐसे में आप उनके लिए दूध से बने ये दो भोग प्रसाद जरूर बनाएं।
जन्माष्टमी पर बनाएं मिष्टी दोई
यह एक बंगाली मिष्ठान है, जिसे खूब चाव से खाया जाता है। इसका मतलब है मीठी दही, जो बहुत ही मलाईदार और गाढ़ी होती है। अगर आप जल्दी में हैं, तो यह एक भोग आसानी से तैयार किया जा सकता है।
मिष्टी दोई बनाने की सामग्री-
- 1 लीटर फुल फैट दूध
- 3/4 कप गुड़
- चुटकी भर इलायची का पाउडर
- 2 बड़े चम्मच दही
मिष्टी दोई बनाने का तरीका-
- सबसे पहले एक पतीले में दूध को उबाल लें। फ्लेम को लो या मीडियम में रख सकते हैं। इसके बाद उसे धीरे-धीरे चलाते रहें।
- दूध को धीमी आंच पर रखकर पकने दें। जब दूध की क्वांटिटी आधी हो जाए, तो गैस बंद करके उसे ठंडा होने दें।
- अब मिष्टी दोई बनाने के लिए गुड़ को बारीक टुकड़े कर लें। जब दूध गुनगुना हो जाए तो उसमें क्रश किया हुआ गुड़ डालें।
- अच्छी तरह से इसे मिलाकर आखिर में इलायची का पाउडर डालें और मिक्स करें। गुड़ अच्छी तरह से दूध में घुल जाना चाहिए।
- इस गुनगुने दूध में ही 2 बड़े चम्मच दही के डालें। ध्यान रखें कि दही एकदम गाढ़ी होनी चाहिए।
- एक व्हिस्क की मदद से दही को दूध में अच्छी तरह से मथ लें। आप दही को भी दूध में डालने से पहले बीट कर सकते हैं।
- एक मिट्टी का बर्तन लें और उसमें ये दही और दूध का मिश्रण डालें। लिड से कवर करने के बाद चारों ओर एल्युमीनियम फॉइल (कैसे बनती है एल्युमीनियम फॉइल) लगा लें।
- इसे सेट होने के लिए किसी गर्म जगह पर रख दें। ध्यान रखें कि इसे सेट होने में दही से ज्यादा वक्त लगेगा। इसे अच्छी तरह से जमाने के लिए 24-28 घंटे के लिए रखें।
- जब यह सेट हो जाए, तो इसे ठंडा करने के लिए फ्रिज में रखें। आपकी मिष्टी दोई तैयार है। इसे भगवान के भोग में चढ़ाएं।
इसे भी पढ़ें: Janmashtami Prasad Recipe 2023: श्री कृष्ण को भोग में चढ़ाएं ये 3 प्रसाद, जानें बेहद आसान रेसिपी
जन्माष्टमी पर बनाएं गोपालकाला
गोपालकाला भगवान कृष्ण का एक अन्य पसंदीदा भोजन है। इसका ताल्लुक दही हांडी से है। यह एक मीठी और नमकीन डिश होती है और इसे भी भगवान श्री कृष्ण के प्रसाद में रखा जाता है। इसमें घी का उपयोग करके तड़का लगाया जाता है।
गोपालकाला की सामग्री-
- 1 कप पोहा
- 1/2 कप दही
- 1/4 कप दूध
- 1 खीरा
- 2 बड़े चम्मच कसा हुआ नारियल
- 2 बड़े चम्मच अनार के दाने
- चुटकी भर सेंधा नमक
- 1.5 बड़े चम्मच चीनी
- 1 बड़ा चम्मच घी
- 1/4 छोटा चम्मच राई
- 1 हरी मिर्च, बारीक कटी हुई
इसे भी पढ़ें: जन्माष्टमी की पूजा के लिए प्रसाद मेकिंग टिप्स, दोगुना हो जाएगा आपके पंजीरी का स्वाद
गोपालकाला बनाने का तरीका-
- सबसे पहले पोहा में पानी के छींटे डालकर 1-2 मिनट के लिए भिगोकर रखें। पोहा पूरी तरह से सॉफ्ट हो जाना चाहिए।
- अगर पानी ज्यादा डाल दिया है, तो 2 मिनट बाद ड्रेन कर लें।
- अब एक कड़ाही में घी डालकर गर्म करें और उसमें राई डालकर फूटने दें। इसमें हरी मिर्च डालकर कुछ सेकंड सॉते करें और तड़का तैयार कर लें।
- अब एक कटोरे में पोहा, दही, बारीक कटा हुआ खीरा, कसा हुआ नारियल, चुटकी भर सेंधा नमक (कैसे बनता है सेंधा नमक) और चीनी डालकर अच्छी तरह से मिला लें। ऊपर से अनार के दाने डालें और फिर तड़का डालकर मिलाएं। आपका गोपालकाला भी तैयार है। भोग में चढ़ाने के बाद इसका आनंद लें।
अब आप भी इन दो डिशेज को बनाएं और कान्हा को प्रसन्न करें। हमें उम्मीद है यह लेख आपको पसंद आया होगा, इसे लाइक और शेयर करें। ऐसी ही स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।