Janmashtami Prasad Recipe 2025: श्री कृष्ण को भोग में चढ़ाएं ये 3 प्रसाद, जानें बेहद आसान रेसिपी

16 अगस्त 2025 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व पूरे देश और विदेशों में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस दिन भक्त व्रत-उपवास रखते हैं, मंदिरों में भव्य झांकियां और विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। भगवान श्रीकृष्ण को प्रिय भोग अर्पित कर उन्हें प्रसन्न किया जाता है।
अगर आप भी इस शुभ अवसर पर घर में भगवान श्रीकृष्ण के लिए खास प्रसाद बनाना चाहती हैं, तो यह जानकारी आपके लिए उपयोगी है। वैसे तो श्रीकृष्ण को मक्खन और मिश्री अत्यंत प्रिय हैं, लेकिन इनके अलावा कुछ पारंपरिक मिठाइयों और प्रसादों से भी आप भगवान का मन जीत सकती हैं।
यहां हम आपको 3 ऐसे आसान और पारंपरिक प्रसाद की रेसिपी बताएंगे, जिन्हें घर पर झटपट बनाया जा सकता है। ये प्रसाद न केवल भगवान को अर्पित करने योग्य हैं, बल्कि घर के सभी सदस्यों को भी बहुत पसंद आएंगे। इन प्रसादों से आपके घर में सुख-शांति और समृद्धि का वास होगा।
मक्खन मिश्री रेसिपी

मक्खन के बिना जन्माष्टमी का पर्व पूरा नहीं हो सकता है। भगवान श्री कृष्ण को मक्खन बहुत पसंद था और इसी कारण उन्हें प्यार से माखन चोर बुलाया जाता है। उसमें मिश्री मिलाकर भगवान को प्रसाद चढ़ाया जाता है। आप भी इसे घर में बना सकते हैं, आइए इसकी रेसिपी के बारे में जानें।
सामग्री-
- 1/2 कप घी
- 4-5 बर्फ के टुकड़े
- 3 बड़े चम्मच मिश्री
बनाने का तरीका-
- आप मक्खन मिश्री बनाने के लिए सफेद और ताजा मक्खन भी ले सकते हैं। लेकिन अगर मक्खन न हो तो घी में बर्फ डालकर उसे अच्छी तरह फेंट लें।
- घी फेंटते हुए आपको मक्खन अलग होता दिखेगा। इससे बर्फ निकाल लें और बने हुए मक्खन में मिश्री डालकर अच्छी तरह से मिलाएं (जानें क्या है ब्राउन मक्खन)।
- आपका प्रसाद तैयार है। इसे एक साफ सर्विंग बाउल में निकालकर भगवान को भोग लगाएं और जन्माष्टमी पूजा मंत्र जरूर पढ़ें।
इसे भी पढ़ें : Janmashtami Special: कान्हा को करना है प्रसन्न तो जन्माष्टमी में बनाएं 3 तरह की पंजीरी
धनिया पंजीरी रेसिपी

पंजीरी एक दूसरा ऐसा भोग है जिसे भगवान को भोग लगाया जाता है। पंजीरी बनाना बहुत आसान है लेकिन आप इस बार जन्माष्टमी के मौके पर धनिया पंजीरी बनाकर प्रसाद में थोड़ा ट्विस्ट दे सकते हैं। इसमें खूब सारे ड्राई फ्रूट्स और घी से मिलाकर बनाया जाता है। आइए जानें इसकी रेसिपी क्या है?
सामग्री-
- 1 कप धनिया पाउडर
- 1/2 कप चीनी का बूरा
- 1/2 कप बारीक कटे बादाम
- 1/2 कप बारीक कटे काजू
- 1 बड़ा चम्मच किशमिश
- 1/2 कप ग्रेट किया नारियल
- 2 बड़े चम्मच कप घी
- 1/2 कप मखाना
- 1/2 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
बनाने का तरीका-
- एक पैन में 1 चम्मच घी डालकर गर्म करें और उसमें काजू और बादाम डालकर हल्का भून लें। फिर इन्हें एक कटोरी में निकालकर अलग रखें।
- अब इसी पैन में मखाना डालकर उसे भी भून लें और फिर अलग निकालकर रखें।
- इसी पैन में बाकी घी डालकर गर्म कर लें और फिर इसमें धनिया पाउडर डालकर धीमी आंच पर 10 मिनट भून लें। ध्यान रखें कि धनिया अच्छी तरह रोस्ट होना चाहिए वरना यह कड़वा लगेगा। जब धनिया पाउडर में से खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें।
- अब इसमें मखाना, रोस्ट किए हुए बादाम-काजू, किशमिश, इलायची पाउडर और चीनी का बूरा डालकर मिला लें। इस फिर धीमी आंच पर रखकर चलाएं और 2 मिनट के बाद गैस बंद करके ठंडा करें।
- आपका पंजीरी प्रसाद भी तैयार है, इसे भोग लगाकर मेहमानों को बांट सकते हैं।
इसे भी पढ़ें : जन्माष्टमी के अवसर पर घर पर बनाएं 3 तरह के लड्डू
नारियल के लड्डू रेसिपी

नंद गोपाल को लड्डू भी बेहद पसंद होते हैं और ऐसे में बेसन, बूंदी, तिल आदि के लड्डू खूब बनाए जाते हैं। आप जन्माष्टमी में नारियल के स्वादिष्ट लड्डू बनाकर तैयार कर सकती हैं। इसकी रेसिपी कैसे तैयार करनी है आइए जानें।
सामग्री-
- 2 कप ग्रेट किया हुआ नारियल
- 1 कप दूध
- ½ कप चीनी
- ¼ कप मिल्क पाउडर
- 2 चम्मच बारीक कटे काजू
- ¼ छोटा चम्मच इलायची पाउडर
- 1 बड़ा चम्मच घी
बनाने का तरीका-
- एक पैन में घी डालकर गर्म करें और उसमें नारियल डालकर कुछ मिनट के लिए भूनें।
- इसमें दूध डालकर 5 से 7 मिनट के लिए चलाते हुए पकाएं। इसके बाद, इसमें चीनी और इलायची पाउडर डालकर मिलाएं।
- अब इसमें काजू और मिल्क पाउडर डालकर अच्छी तरह चलाएं। सारी सामग्री को मिलाकर इसे लगभग 1-2 मिनट पकाएं और गैस बंद कर दें।
- जब सामग्री ठंडी हो जाए तो इन्हें हाथों में लेकर मीडियम साइज लड्डू बनाकर तैयार कर लें। प्रसाद के लिए नारियल के लड्डू तैयार हैं।
देखा आपने कितना आसान है जन्माष्टमी में लड्डू गोपाल के लिए भोग तैयार करना। अब प्रसाद की ये रेसिपीज आप घर में तैयार करके भगवान को भोग लगा सकते हैं। साथ ही जन्माष्टमी पूजा विधि भी पढ़ें।
हमें उम्मीद है कि ये आसान रेसिपीज आपको पसंद आई होंगी। आप भी इन्हें तैयार करके जरूर देखें। अगर आपको यह लेख पसंद आया तो इसे लाइक और शेयर करें और ऐसी रेसिपीज जानने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit : latestly.com, indianveggiedelight, savibhojan, ruchiskitchen
- श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भगवान को कौन-कौन से प्रसाद चढ़ाना शुभ होता है?
- मक्खन, मिश्री, दूध से बनी मिठाइयां, पंचामृत, माखन-सागर, पोहा, लड्डू, और दूध से बनी खीर जैसे प्रसाद भगवान श्रीकृष्ण को अत्यंत प्रिय माने जाते हैं।
- क्या व्रत वाले दिन घर में प्रसाद बना सकते हैं?
- हां, व्रत में फलाहारी सामग्री से प्रसाद बनाए जाते हैं। इसमें सेंधा नमक, दूध, मावा, नारियल, साबूदाना, समा चावल आदि का प्रयोग किया जाता है।
- क्या मक्खन-मिश्री के अलावा कुछ और प्रसाद भगवान को पसंद है?
- जी हां। श्रीकृष्ण को दूध, दही, पंजीरी, खीर, गुड़, लड्डू और फल भी बहुत पसंद हैं। खासकर माखन और मुरली के साथ खीर या मेवे वाली पंजीरी।
- क्या जन्माष्टमी पर बनाए गए प्रसाद को परिवार के सभी लोग खा सकते हैं?
- हां, भगवान को अर्पित करने के बाद प्रसाद को पूरे परिवार और पड़ोसियों में बांटना पुण्य माना जाता है। यह शुद्ध और सात्विक भोजन होता है।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।