आलू का पराठा भला किसे पसंद नहीं होता होगा? बच्चे तो बच्चे बड़े भी इसका खूब आनंद लेते हैं। ऐसा भला हो क्यों न आलू का पराठा होता ही इतना स्वादिष्ट है। इसी तरह गोभी के, पनीर के, प्याज के पराठों का भी अपना अलग मजा है, लेकिन दाल के पराठे पर लोग कम ही जोर डालते हैं। जितने स्वादिष्ट बाकी पराठे होते हैं, उतना ही लजीज आप इसे भी बना सकते हैं। दल के गरमागरम पराठों के साथ सफेद मक्खन का क्यूब और साथ में हरी चटनी और आपकी पसंद वाली कड़क चाय, तो बात ही अलग होगी। दाल के पराठे की खासियत यह कि आप इसे बची हुई दाल से बना सकती हैं, इसके लिए अलग से मेहनत करने की आपको कोई खास जरूरत भी नहीं है।
हालांकि कई बार पराठे का मजा इसलिए नहीं आता, क्योंकि हम उसे बनाने का सही तरीका, सही ट्रिक्स और टिप्स जान ही नहीं पाते। आप दाल के पराठे का भी पूरा मजा ले सकें, इसके लिए हम आपको हरजिंदगी के 'फूड स्कूल सीरीज' में कुछ आसान टिप्स बताने जा रहे हैं। इनकी मदद से आप कुछ ही मिनटों में स्वादिष्ट पराठे बना सकेंगी।तो चलिए फिर बिना देर किए जान लें दाल के परफेक्ट पराठे बनाने का तरीका।
दाल के पराठे के लिए कैसे गूंथे आटा
- जब भी आप दाल का पराठा बनाएं तो एक बात का ध्यान रखें कि इसमें जितनी अच्छी फिलिंग होगी, आपको उतना ही अच्छा यह पराठा लगेगा। पराठा बनाते वक्त डाल को अच्छी तरह फिल करें।
- अगर आप बची हुई दाल से पराठे बना रही हैं, तो दाल को एक बार और गरम करके उसे गाढ़ा कर लें और फिर उसे आटे के साथ गूंथ लें। आटे में दाल की अच्छी क्वांटिटी हो इसका ख्याल रखें।
- आटा गूंथते वक्त उसमें पानी डालने की जरूरत नहीं है। वह दाल से ही गुंथ जाएगा। हां आप अपने टेस्ट के अनुसार मसाले या नमक उसमें डाल सकती हैं।
- जब आटा गूंथ लें तो उसे कम से कम 10-15 मिनट के लिए ढककर रख देना चाहिए। इसे आटा अच्छी तरह सेट हो जाएगा और आपके दाल के पराठे भी मजेदार बनेंगे।
आजमाएं दादी मां के टिप्स
- अगर आप चाहती हैं कि दाल का टेस्ट अच्छे से आए, तो फिर अपनी दाल को एक बार घी का तड़का लगा दें। इससे दाल में घी का अच्छा स्वाद आ जाएगा।
- दाल का आटा थोड़ा ज्यादा गीला हो जाए, तो उसे आप घी से या फिर रिफाइन्ड के तेल से गूंथ कर थोड़ी देर के लिए छोड़ सकती हैं।
- पराठे बेलने से पहले थोड़ा-सा सूखा आटा चकले पर छिड़कें। इसके बाद हाथों में लोई को हल्के हाथों से दबाते हुए बेलें।
न करें ये गलतियां
- जब आप तैयार लोइयों को बेलें तो जरूरत से ज्यादा आटा लगाने से बचें। इससे पराठा एकदम कड़क हो जाएगा।
- दाल को आटे में गूंथते वक्त मसालों का ध्यान रखें। दाल में पहले ही नमक और अन्य मसाले होंगे। ऊपर से इन्हें ज्यादा डालने से स्वाद खराब हो सकता है।
- पराठे को तवे में डालने से पहले थोड़ा घी लगा लें, इससे वह तवे पर चिपकेगा नहीं।
- पराठा सेकते वक्त शुरू से तेज आंच न रखें। इससे पराठा ढंग से सिकेगा नहीं और जल जाएगा।
डालें ये स्पेशल सामग्री
दाल और आटे को गूंथते वक्त (जानें आटा गूंथने के 4 सही तरीके) आप उसमें थोड़ी-सी कसूरी मेथी, हरा धनिया और आधा छोटा चम्मच भुना हुआ जीरा पाउडर डालें। इससे दाल के पराठे का स्वाद और बढ़ जाएगा।
इसे भी पढ़ें :परफेक्ट आलू पराठा बनाने के लिए फॉलो करें ये टिप्स
दाल का पराठा रेसिपी
सामग्री
- गेहूं का आटा- 2 कप
- बची हुई दाल- 11 /2 प्याली
- हरा धनिया- 1 बड़ा चम्मच बारीक कटा
- घी- 3 से 4 बड़े चम्मच
- नमक- स्वादानुसार
- भूना जीरा पाउडर- ½ छोटी चम्मच
- कसूरी मेथी- ½ छोटी चम्मच
विधि
- सबसे पहले एक परात में आटा डालें और उसमें बची हुई दाल (बची हुई दाल से बनाएं तीन टेस्टी डिशेज़) डालें। इसके बाद इसमें कसूरी मेथी, भुना जीरा पाउडर, हरा धनिया डालकर गूंथ लें।
- अब तैयार आटे को लगभग 10-15 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि आटा सेट हो जाए।
- जब आटा सेट हो जाए, तो उससे लोइयां बना लें और अपने पसंद के आकार में बेल लीजिए।
- तवे में थोड़ा सा घी लगाकर पराठा डालें और फिर उसे दोनों तरफ से घी लगाकर सेक लें।
- हरी चटनी, सफेद मक्खन और गरमा गरम कड़क चाय के साथ दाल के पराठों का आनंद लें।
Recommended Video
हमारी बताई गई आसान टिप्स को फॉलो करके आप भी अच्छे और स्वादिष्ट पराठे तैयार कर अपने बच्चों को खिला सकती हैं।
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit: vegrecipesofindia, cookclickndevour & freepik
क्या आपको ये आर्टिकल पसंद आया ?
आपकी स्किन और शरीर आपकी ही तरह अलग है। आप तक अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी लाना हमारा प्रयास है, लेकिन फिर भी किसी भी होम रेमेडी, हैक या फिटनेस टिप को ट्राई करने से पहले आप अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें। किसी भी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।