परफेक्ट 7 लेयर पराठा बनाने के लिए ये टिप्स अपनाएं

जब भी बात खाने की आते है गरमा-गरम पराठे मिल जाएं तो मज़ा ही आ जाए। वैसे पराठे चाहिए जिस भी चीज़ के हों उनका स्वाद ही निराला होता है। चाहे आलू टमाटर की रसे वाली सब्जी हो या फिर भिंडी मसाला, पराठे के साथ सब्जी का स्वाद कई गुना बढ़ जाता है। वैसे तो आप कई तरह के पराठे बनाती और उनका स्वाद उठाती होंगी लेकिन हम आपको बताने जा रहे हैं 7 लेयर पराठा बनाने की कुछ आसान टिप्स और ट्रिक्स जिन्हें फॉलो करके आप परफेक्ट पराठा कुछ ही मिनटों में बन सकती हैं और इसका मज़ा उठा सकती हैं। तो तैयार हो जाइए इस लेख के साथ परफेक्ट 7 लेयर पराठा बनाने के लिए।
7 लेयर पराठा बनाने के आसान ट्रिक्स और टिप्स
कैसे गूथें आटा

- किसी भी तरह का पराठा बनाने के लिए आपको सही ढंग से आटा गूंथना जरूरी होता है। इसके लिए आपको कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए जैसे
- पराठे के लिए गूंथा गया आटा कभी भी बासी नहीं होना चाहिए। बासी आटा फ्रिज में रखने से ज्यादा टाइट हो जाता है और ये पराठे को भी खराब कर सकता है।
- 7 लेयर पराठा के लिए आटा गूंथते समय इसमें थोड़ा नमक और तेल जरूर डालें। इससे आटा मुलायम बनता है।
- आटा गूंथने के बाद कम से कम 15 मिनट के लिए ढककर रखें।
- 15 मिनट बाद इसे एक बार फिर से अच्छी तरह से गूथें जिससे आटा मुलायम हो जाता है।
इसे जरूर पढ़ें:परफेक्ट आलू पराठा बनाने के लिए फॉलो करें ये टिप्स
दादी मां की आसान ट्रिक
7 लेयर पराठे में कम से कम 7 लेयर्स जरूर होती हैं इसलिए सारी लेयर्स आपस में चिपकें नहीं इसलिए उन्हें काटने के बाद हर लेयर में घी या तेल लगाएं और उसमें थोड़ा सूखा आटा छिड़कें। हमेशा पराठे बेलने से पहले ध्यान रखें कि थोड़ा सा सूखा आटा चकले पर छिड़कें। इसके बाद तैयार लोई को हलके हाथों से ही बेलें जिससे इसका आकार खराब न हो। अगर आप लेयर्स काटकर अलग नहीं करना चाहती हैं तो इन्हें 7 लेयर्स में मोड़कर इनकी लोई भी तैयार कर सकती हैं। इन पराठों के लिए यदि बराबर मात्रा में इसमें मैदा भी मिलाएंगी तो पराठे बहुत ज्यादा क्रिस्पी और टेस्टी बनते हैं। इसके अलावा आटा गूंथते (आटा गूंथने का सही तरीका) समय यदि आप थोड़ा दूध का इस्तेमाल करती हैं तो ये पराठों के स्वाद को बढ़ाता है।
न करें ये गलतियां

- 7 लेयर पराठा बनाते समय कभी भी आटे को बहुत ज्यादा सख्त नहीं गूंथना चाहिए नहीं तो बेलने में मुश्किल आ सकती है।
- पराठे को पूरे समय तेज आंच पर न पकाएं इससे पराठा जल सकता है।
- आटा गूथने के तुरंत बाद इसका इस्तेमाल न करें इसे रेस्ट के लिए जरूर रखें।
- कभी भी पराठे बेलते समय बहुत ज्यादा परथन यानी सूखे आटे का इस्तेमाल न करें।
- आटा गूंथने में बहुत ज्यादा पानी का इस्तेमाल न करें क्योंकि नमक से भी थोड़ा पानी निकलता है जो आटे को गीला करता है।
- अगर आप पराठे सेकने के लिए बटर का इस्तेमाल कर रही हैं तो इन्हें धीमी आंच पर ही पकाना बेहतर है क्योंकि बटर बहुत जल्द ही जलने लगता है जो स्वाद खराब कर सकता है।
- पराठे के लिए इस्तेमाल में लाया जाने वाला आटा ज्यादा से ज्यादा 2 घंटे पहले गूंथा हुआ होना चाहिए।
इसे जरूर पढ़ें:Kitchen Tips: इन 3 ट्रिक्स से बनाएं ऑयल फ्री पकौड़े
इन स्पेशल सामग्रियों से बढ़ाएं पराठे का स्वाद

दादी मां के स्पेशल नुस्खे के हिसाब से अगर 7 लेयर पराठे में स्वाद जोड़ना है तो आटे में थोड़ी अजवाइन मिलाना न भूलें। अजवाइन पराठे के स्वाद को बढ़ाने के साथ इन्हें जल्दी डाइजेस्ट करने में भी मदद करती है।
7 लेयर पराठा रेसिपी
आवश्यक सामग्री
- गेहूं का आटा- 1 कटोरी
- मैदा -1 कटोरी
- घी- 2-3 बड़े चम्मच
- नमक- एक चुटकी
- लाल मिर्च पाउडर -आवश्यकतानुसार
- अजवाइन -आवश्यकतानुसार
- पानी -आवश्यकतानुसार
बनाने का तरीका
- गेहूं के आटे, मैदे और पानी को मिलाकर आटा गूंथें और इसमें थोड़ा तेल या घी मिलाएं।
- इसे ढककर 15 मिनट के लिए अलग रख दें।
- आते की एक बड़ी लोई बेलें और इसकी 7 पतली लेयर्स काट लें।
- इन 7 लेयर्स में तेल और सूखा आटा लगाते हुए एक के ऊपर एक रखें और मोड़कर लोई बना लें।
- तैयार लोई को हल्के हाथों से बेलते हुए बढ़ाएं और पराठे (पराठे से बनाएं ये रेसिपीज़) का आकार दें।
- गैस में तवा रखकर गर्म करें और गर्म होने पर इसमें बेला हुआ पराठा डालें।
- पराठे को एक तरफ से सेंक लें और घी लगा कर पलट दें।
- पराठे को दूसरी तरफ से भी सेकें और घी लगाएं।
- दोनों तरफ से अच्छी तरह से सिक जाने पर इसे प्लेट में निकालें और इसका स्वाद उठाएं।
यहां बताई आसान ट्रिक्स से आप मिनटों में 7 लेयर परत तैयार करके अपने खाने के स्वाद को बढ़ा सकती हैं। अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit: freepik and shutterstock
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।