घरों में सब्जी बनाने का काम बहुत ज्यादा मेहनत वाला तो नहीं होता, लेकिन कई लोगों के लिए ये काफी ज्यादा भारी हो जाता है। आप घर पर कितनी भी मेहनत कर लें कई बार बाज़ार वाली सब्जी का स्वाद नहीं मिलता। लेकिन अगर आप कुछ ऐसे मसाले बना लें जिससे आपकी रोज़ाना वाली सब्जी बहुत ही अच्छी तरह से बन जाए और इसमें लाजवाब फ्लेवर आए।
आज हम आपको लहसुन, प्याज और टमाटर के मसाला पाउडर की विधि बताने जा रहे हैं। ये पाउडर बहुत ही जायकेदार होते हैं और इन्हें आप किसी भी चीज़ में डाल सकते हैं। तो चलिए आपको बताते हैं ये पाउडर बनाने की विधि।
1. लहसुन का पाउडर
लहसुन का पाउडर सब्जियों में फ्लेवर देने के लिए बहुत अच्छा साबित हो सकता है। अगर आपको ये पाउडर बाज़ार में आसानी से नहीं मिलता तो इसे घर पर बना लें।
सामग्री-
आधा किलो लहसुन
विधि-
सबसे पहले सूखा लहसुन लेना है और इसकी कलियों को अलग कर लेना है। करीब आधा किलो लहसुन लेना है। आप चाहें तो लहसुन पूरा छील लें या फिर इसकी कलियां अलग करके मोटा-मोटा कचरा निकाल कर लहसुन को अच्छे से पानी से धो लें और इसे छान लें। अगर आपको बीच में कोई खराब पीस दिखता है तो उसे हटा दें।
अब इसे दरदरा पीस लीजिए। ध्यान रहे बहुत महीन पीसना है। अब पहले दिन इसे धूप में थोड़ी देर के लिए रख दें। आपको पहले दिन इसे जरूर धूप में रखना है। बाकी इसे 3-4 दिन लगेंगें सूखने के लिए।
लहसुन सूखने के बाद आप इसे फटका सकते हैं जैसे चावल को करते हैं। ऐसा करेंगे तो थोड़ा सा लहसुन का छिलका बाहर आएगा।
बस इस सूखे हुए लहसुन को मिक्सी में पीसकर इसे छान लें। आपके पास महंगा वाला लहसुन पाउडर बन गया है।
इसे जरूर पढ़ें- 3 तरह से बनाएं गोलगप्पे, जानें आसान रेसिपी
2. प्याज का पाउडर
प्याज का पाउडर किसी खाने की चीज़ में डालने के साथ-साथ बालों के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
सामग्री-
1 किलो प्याज
विधि-
प्याज के लिए आपको ये करना है कि कोशिश करें कि गीले प्याज न हो। आपको इन्हें अच्छे से छीलकर, धोकर फिर इसका क्राउन एरिया हटा लें। अब इसे बड़े-बड़े पीस में काटकर इसे धूप में रख दें।
ध्यान रहे कि इसे छांव में नहीं रखना है, माइक्रोवेव नहीं करना है और न ही इसे उबालने की कोशिश करनी है। इसे कच्चा ही सुखाना है। अगर आप इसे पका लेंगी तो ये खराब भी हो जाएगा और अच्छा पाउडर नहीं बनेगा।
आप इसे सूखने के बाद मिक्सी में पीसें, लेकिन रोक-रोककर। अगर आप लगातार इसे चलाते रहेंगे तो इसमें मॉइश्चर आ जाएगा। इसलिए 5-7 सेकंड चलाएं और फिर रोक दें। फिर थोड़ा रुकने के बाद इसे चलाएं। अंत में इसे छान लें और आपका प्याज का पाउडर तैयार है।
इसे जरूर पढ़ें- 10 मिनट से भी कम समय में तैयार हो जाएंगे मखाने से बने ये 3 स्नैक्स
3. टमाटर का पाउडर
टमाटर का पाउडर आप किसी ग्रेवी वाली सब्जी के लिए इस्तेमाल कर सकती हैं या फिर किसी सूखी सब्जी में फ्लेवर देने के लिए भी इस्तेमाल कर सकती हैं।
सामग्री-
1 किलो टमाटर
विधि-
टमाटर का पाउडर बनाने के लिए आप सबसे पहले इसे धोकर पोंछ लें और इसका क्राउन एरिया हटा दें। अब आपको इसे बारीक काटना है। जिस तरह से सब्जी के लिए बारीक काटा जाता है उसी तरह से यहां भी करना है।
हमें इसे एक पैन में बिना तेल के पैन में डाल दें। आपको यहां तेल बिलकुल नहीं डालना है और इसका पानी आपको सुखाना है।
अब एक बड़ी थाली में थोड़ा ऑयल डालकर ग्रीस कर लें। अब इसमें टमाटर को पतली लेयर में वैसे ही सुखाना है जैसे आम पापड़ को सुखाया जाता है।
अब आपको इसे भी 3-4 दिन के लिए धूप में सुखाना है। ध्यान रहे कि टमाटर अकेला ही ऐसा है जिसे आपको पकाना है।
अगर आपने टमाटर को ठीक तरह से नहीं सुखाया तो टमाटर में फंगस भी लग सकती है। इसलिए इसे अच्छे से सुखाएं और फिर पीसें। अगर आपने सही से इसे सुखाया है तो लाल रंग आएगा नहीं तो इसका रंग फीका होगा। अगर आपके टमाटर का रंग फीका हो रहा है तो इसमें थोड़ा सा कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डाल दें।
तो अब आपको तीनों मसाले तैयार हैं जिनका इस्तेमाल आप बहुत अच्छे तरीके से कर सकते हैं। इसे सब्जी, ग्रेवी, चाट, घर के बने चिप्स आदि किसी भी चीज़ में डाला जा सकता है जो आपको बहुत ही अच्छा लुक और फ्लेवर देंगे। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।