10 मिनट से भी कम समय में तैयार हो जाएंगे मखाने से बने ये 3 स्नैक्स

मखाना भारतीय खाने में अक्सर पाया जाता है और इसकी खासियत ये है कि इसे व्रत में भी खाया जा सकता है और अगर आपको नॉर्मल फिटनेस रूटीन के लिए कोई खास स्नैक बनाना है तो उसमें भी मखाना खाया जा सकता है। मखाना स्वादिष्ट होता है और ये कई अलग-अलग तरह से खाया जा सकता है। न सिर्फ इसमें फाइबर भरपूर होता है बल्कि ये एंटीऑक्सिडेंट प्रॉपर्टीज के साथ आता है। मखाना वैसे तो आमतौर पर कच्चा भी कंज्यूम कर लिया जाता है, लेकिन इसके स्नैक्स बहुत ही पौष्टिक और लाभकारी होते हैं।
आज हम आपको बताने जा रहे हैं मखाने से बने 3 खास स्नैक्स के बारे में जो आप कम इंग्रीडियंट्स के साथ घर पर ही बना सकते हैं। इन्हें बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता है और ये बहुत ही स्वादिष्ट लगते हैं। ये सभी स्नैक्स 10 मिनट से कम समय में बन जाएंगे इसलिए आपको बहुत मेहनत करने की जरूरत नहीं है। तो चलिए जानते हैं मखाने से बने स्नैक्स की रेसिपी-
1. रोस्टेड मखाना-
ये सबसे आम स्नैक है जो मखाने से बनाया जाता है। ये खास इसलिए भी है क्योंकि इसे बनाने में बिलकुल भी समय नहीं लगता है और इसे अपने हिसाब से कस्टमाइज किया जा सकता है। चाहें ये बच्चों के लिए बनाया जा रहा हो या फिर बड़ों के लिए ये अलग तरह से बनाया जा सकता है। मसालों को भी बदला जा सकता है। या सिर्फ चाट मसाला या मैगी मसाले से भी इसे बनाया जा सकता है।

सामग्री-
200 ग्राम मखाना, 1 चम्मच मक्खन, 1 चम्मच चाट मसाला
पैन को गर्म कर उसमें मक्खन डालें और फिर मखानों को भूरा होने तक रोस्ट करें। मखाने की खुशबू से भी आपको समझ आ जाएगा।
इसे जरूर पढ़ें- Health Tips: सुबह खाली 4 मखाने खाने से ये 6 बीमारियां हो जाएंगी दूर
2. कैरेमलाइज्ड मखाना-
अगर आपको मखाने में थोड़ा सा मीठा फ्लेवर चाहिए तो कैरेमलाइज्ड पॉपकॉर्न की तरह आप कैरेमलाइज्ड मखाना भी बना सकते हैं। ये मखाना स्नैक बनाना भी आसान है और आपको ये काफी पसंद आएगा।

सामग्री-
200 ग्राम मखाना, 1 चम्मच घी, 2 चम्मच गुड़
मखाने को सबसे पहले घी में रोस्ट करें। दूसरे पैन में थोड़ा सा पानी लेकर उसे गर्म करें और गुड़ को पिघलाएं ताकि वो लिक्विड हो जाए। ध्यान रहे कि पानी बहुत ज्यादा नहीं होना चाहिए। 1 तार की चाशनी जैसी कंसिस्टेंसी होनी चाहिए। अब पिघले हुए गुड़ को रोस्टेड मखाने में डालें और कुछ मिनट में ये आपके लिए तैयार हो जाएगा। इसे स्टोर करके भी रखा जा सकता है बस एयरटाइट कंटेनर का इस्तेमाल करें।
3. मखाना चाट-
फ्लेवर्ड मखाना बहुत ही अच्छा लगता है और अगर इसे व्रत वाली चाट की तरह से खाया जाए तो यकीनन ये स्वाद में बहुत ही अच्छा होगा। आज हम आपको मखाना चाट बनाने के बारे में बताने जा रहे हैं। इसमें तेल की जरूरत नहीं होती।

सामग्री-
मखाना, उबले आलू, आधा कप दही, आधा कप अनारदाना, चुटकी भर काली मिर्च, रोस्टेड किशमिश (ऑप्शनल), चाट मसाला, नींबू का रस, धनिया पत्ता गार्निश के लिए
इसे जरूर पढ़ें- व्रत में ट्राई करें चटपटा आलू मखाना स्नैक, झटपट बन जाएगी ये रेसिपी
इसे बनाने के लिए मखाने को 30 मिनट के लिए आप भिगो दीजिए या फिर 2 मिनट के लिए गैस पर ड्राई रोस्ट कर लीजिए। क्रंची चाट चाहिए तो रोस्ट करें और अगर नॉर्मल चाट चाहिए तो पानी में मखाना डुबा कर रखें। इसके बाद इसका पानी निकाल कर एक बाउल में डाल दें। अन्य सभी इंग्रीडियंट्स भी इसमें मिलाएं। आपके बनाने के तरीके पर निर्भर करता है कि इसे कितना टाइम लगेगा। आप मसालों में भी वेराइटी ला सकते हैं और अगर चाट मसाले की जगह सेंधा नमक इस्तेमाल करते हैं तो ये व्रत वाली चाट बन जाएगी।
ये तीनों रेसिपी जरूर ट्राई करें और अपना एक्सपीरियंस हमें हरजिंदगी के फेसबुक पेज पर बताएं। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।