हर उम्र की महिलाओं को खूबसूरत बनाते हैं ये योग, रोजाना सिर्फ 10 मिनट करें

योग में आपको शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ और मजबूत करने की शक्ति है। चाहे आप कोई भी हों और आपकी उम्र कितने साल की हों, योग वास्तव में सभी के लिए है। इसके अलावा, योग आपकी त्वचा और बालों को खूबसूरत बनाने में भी मदद करता है।
इसलिए आज हम आपको कुछ ऐसे योगासन के बारे में बता रहे हैं जो किसी भी उम्र की महिला खूबसूरत दिखने के लिए कर सकती हैं। इन योग की जानकारी सेलेब्स योगा इंस्ट्रक्टर अंशुका परवानी ने अपने इंस्टाग्राम के माध्यम से फैन्स के साथ शेयर की है। शुरुआत करने के लिए यहां कुछ योग आसन हैं-
- ताड़ासन
- पार्श्व ताड़ासन
- कटि चक्रासन
- ऊर्ध्व हस्तोतानासन
- वृक्षासन
ताड़ासन (Tadasana)

इस योग से आप अपनी योग जर्नी की शुरुआत आसानी से कर सकती हैं। इसे करना बेहद आसान भी है। इसमें दोनों पंजों को मिलाकर हाथों को ऊपर किया जाता है और शरीर को ऊपर की तरफ स्ट्रेच किया जाता है। यह आसन घुटनों, जांघों और टखनों को मजबूत बनाता है।
विधि
- पैरों के बीच कंधों के बीच में दूरी बनाकर जमीन पर खड़ी हो जाएं।
- सांस लेते हुए, दोनों हाथों की उंगलियों को आपस में जोड़कर बाजुओं को ऊपर उठाएं।
- अब, पैर की उंगलियों पर खड़ी हो जाएं।
- इस पोजीशन में जितनी देर हो सके धीमी और गहरी सांस लेते हुए रुकें।
- फिर गहरी सांस के साथ पहली पोजीशन में आएं।
- थोड़ी देर बाद मुद्रा को दोहराएं।
इसे जरूर पढ़ें:तन और मन को दुरुस्त रखने के लिए हर महिला को करने चाहिए ये 5 योग
पार्श्व ताड़ासन (Parshva Tadasana)
पार्श्व तड़ासन को एक वार्म-अप आसन माना जाता है। इस योग को करने से बाजुएं, कंधे और हिप्स मजबूत होते हैं। इसे तड़ासन की तरह ही किया जाता है। लेकिन शरीर को सीधी और उल्टी साइड में झुकाते हैं।
विधि
- इसे करने के लिए माउंटेन पोज में आ जाएं।
- फिर अपने दाएं हाथ को ऊपर की ओर स्ट्रेच करें।
- हिप्स को दाईं ओर मोड़ें। धीरे से बाईं ओर स्ट्रेच करें।
- अपने बाएं हाथ को थाइज के पास रखें।
- फिर बाएं हाथ को ऊपर की ओर लेकर जाएं और हिप्स से बाएं ओर मुड़ें।
- 4-6 सांस या उससे अधिक समय तक रुकें।
कटि चक्रासन (Kati Chakrasana)

यह आसन कमर को मजबूत बनाने के लिए किया जाता है। इसमें दोनों टांगों को अलग करके खड़े होकर कमर को साइड लेफ्ट राइट साइड घुमाया जाता है। यह कमर के लचीलेपन में मदद करता है और हिप्स को भी मजबूत बनाता है।
विधि
- इसे करने के लिए पैरों को आपस में मिलाकर सीधी खड़ी हो जाएं।
- सांस भरते हुए हथेलियां सामने रखें।
- फिर हाथों को जमीन के समानांतर करें।
- हाथों के बीच कंधे जितनी दूरी होनी चाहिए।
- सांस छोड़ते हुए कमर को पहले दाहिनी ओर घुमाएं।
- सिर को भी ज्यादा से ज्यादा दाहिनी ओर घुमाने की कोशिश करें।
- ध्यान रहे पैरों को अपनी जगह पर ही रखना है उन्हें हिलाना नहीं है।
ऊर्ध्व हस्तोतानासन (Urdhva Hastottanasana)
शरीर को एनर्जी से भरपूर बनाए रखने के लिए यह योग काफी मदद करता है। यह पूरे शरीर में एनर्जी के फ्लो को बढ़ाता है।
विधि
- इसे करने के लिए सीधी खड़ी हो जाएं।
- दोनों पैरों को आपस में मिला लें और पीठ को सीधा रखें।
- दोनों हाथों को सीधे रखते हुए एक साथ आगे से ऊपर की ओर ले जाएं।
- हाथों को आपस में मिला लें और पीठ, गर्दन व हाथों को एक सीथ में रखें।
- इस दौरान गर्दन को सीधा रखते हुए सिर को ऊपर की तरफ ले जाएं और हाथों की तरफ देखें।
इसे जरूर पढ़ें:40 की उम्र की हर महिला को ये 3 योगासन करने चाहिए, रहेंगी फिट और जवां
वृक्षासन (Vrikshasana)

इसे वृ्क्षासन इसलिए कहा जाता है क्योंकि इसे करते समय आपकी मुद्रा पेड़ के समान हो जाती है। इस योग को अपने दोनों हाथों को जोड़कर ऊपर किया जाता है।
विधि
- हाथों को साइड में रखते हुए सीधे खड़ी हो जाएं।
- अच्छा संतुलन बनाने के बाद गहरी सांस अंदर लें और हाथों से नमस्कार की मुद्रा बनाएं।
- फिर हाथों को सिर के ऊपर उठाते हुए हथेलियों को मिला दें।
- अब दाहिने पैर को मोड़ते हुए तलवे को बाईं थाई पर रख दें।
- बाएं पैर पर संतुलन बनाते हुए हथेलियां, सिर और कंधे एक ही सीध में हों।
- जब तक संभव हो ऐसे रहें।
- कुछ देर बाद दूसरे पैर से भी यह दोहराएं।
इन्हें आजमाएं और योग रुटीन को निर्धारित करें। एक बार जब आप इसके फ्लो में आ जाती हैं, तो पीछे मुड़कर नहीं देखा जाता है। इस आर्टिकल को शेयर और लाइक जरूर करें, साथ ही कमेंट भी करें। फिटनेस से जुड़े ऐसे ही और आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: Shutterstock
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।