सर्दियों में सुबह, शाम और दोपहर कभी भी पराठे मिल जाए तो मजा आ जाता है। अब बताइए कि कोई कैसे बिना पराठा खाए रह सकता है? बाकी किसी का नहीं, मैं खुद का ही बोलूं तो पराठा खाए बिना मैं तो नहीं रह सकती हूं। आपने कई लोगों से सुना होगा कि पराठे खाने से वजन बढ़ता है। ऐसे लोगों की सलाह पर क्या आपने भी पराठों को वजन कम करने के लिए त्याग दिया है?
वजन बढ़ना एक ऐसी आम समस्या है, जिसे घटाने के लिए हर कोई कुछ न कुछ नए जतन करता है। हम महिलाएं तो एक से बढ़कर एक डाइट फॉलो करने लगती हैं कि वजन कम हो जाए। मगर वजन कम करने के लिए पराठे न खाने से वजन जल्दी घटेगा ऐसा कोई दावा भी नहीं है।
यही बात लाइफस्टाइल कोच डाइटिशियन स्नेहल अळसुले ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताई है। उन्होंने पोस्ट में बड़े विस्तार से इस मिथक को झुठलाया है और पराठे को हेल्दी और स्वादिष्ट बनाने का नया तरीका भी बताया है। आइए इस आर्टिकल में जानते हैं कि पराठा खाने से वेट बढ़ेगा या नहीं!
क्या पराठा खाने से वाकई बढ़ता है वजन?
डॉ. स्नेहल कहती हैं, 'नहीं, पराठा आपको मोटा नहीं करेगा।' जब पूरे देश में सर्दी के मौसम में लोग गर्मागर्म पराठों का लुत्फ उठा रहे हैं तो आपको भी पराठे जरूर खाने चाहिए। लेकिन क्या पराठा एक स्वस्थ व्यंजन है? पराठे पारंपरिक रूप से स्वादिष्ट हो सकते हैं, लेकिन कुछ ट्विस्ट के साथ आप उन्हें स्वस्थ और पौष्टिक बना सकती हैं। ऐसे में वजन घटाने के सफर में ये पराठे भी आपका वजन नहीं बढ़ाएंगे।
इसे भी पढ़ें: महिलाओं के लिए सुपरफूड है मेथी का पराठा, सर्दियों में खाने से मिलते हैं कई फायदे
हाई फाइबर स्टफिंग से बनाएं पराठा
आप अपने पराठे में क्या भरती हैं, यह व्यंजन के पोषण भागफल को बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका रखता है। आप अपने पराठे के स्टफिंग को हाई फाइबर सब्जियों और दालों से बनाएं। स्टफिंग के लिए उच्च फाइबर वाली सब्जियां जैसे मूली या हरी पत्तेदार सब्जियां (हरी पत्तेदार सब्जियों के स्नैक्स) चुनें। इसके साथ ही आप पनीर, टोफू, दाल जैसे उच्च-प्रोटीन इंग्रीडिएंट्स भी भर सकती हैं।
View this post on Instagram
हेल्दी आटे का विकल्प चुनें
पराठे बनाने में आप जिस आटे का इस्तेमाल करते हैं, वो भी महत्वपूर्ण रखता है। आप अपने ग्लूटेन वाले आटे को ग्लूटेन-फ्री, फाइबर युक्त हेल्दी ऑप्शन से बदल सकती हैं। आटे के लिए उच्च-फाइबर आटा जैसे व्हीट ब्रान, जई का आटा, ज्वार, बाजरा, रागी आदि जैसे अलग-अलग आटे का विकल्प चुन सकती हैं (इस आटे की रोटी है हेल्दी)।
घी का करें उपयोग
आप पराठे को तेल से सेंकने की बजाय शुद्ध देसी घी से सेंकें। इससे उसमें न्यूट्रिशन वैल्यू बढ़ती है। घी लिनोलिक एसिड से भरपूर होता है जो मोटापे से लड़ने में मदद करता है। कई शोध के अनुसार, घी में पाया जाने वाला सीएलए शरीर की चर्बी को कम करने में मदद करता है। यह आपके पराठे को कैलोरी से मुक्त रखने के साथ फैट कंटेंट को भी कम करने में मदद करता है।
इसे भी पढ़ें: सर्दियों में गुड़ का पराठा खाने से दूर रहती हैं कई बीमारियां, बनाने का तरीका भी जानें
प्रोटीन एलिमेंट को जोड़ें
अब पराठे को सूखा-सूखा कैसे खाया जा सकता है? इसे थोड़ा सा और स्वादिष्ट और पौष्टिक बनाने के लिए आप इसका प्रोटीन एलिमेंट बढ़ा दें। पराठे के साथ प्लेन दही या मटर की ग्रेवी जरूर रखें। यह आपको लंबे समय तक फुल रखने में भी मदद करेगा। आप चाहें तो इसके साथ घर में बना थोड़ा-सा अचार लेना न भूलें।
डॉ. स्नेहल आगे कहती हैं, 'पराठा वास्तव में एक बेहतरीन रेसिपी है जिसे आप अपने वजन घटाने वाले आहार में भी कुछ बदलावों के साथ शामिल कर सकते हैं। बस ध्यान रखें कि आपका डाइट प्लान ऐसा हो जिसमें आप पराठे भी शामिल कर सकें।'
तो अब आपको अपना जवाब मिल ही गया है कि पराठे खाने से आप न मोटे होंगे और न ही वजन बढ़ेगा। बस इन टिप्स को फॉलो करें और अपने पराठे को और भी स्वादिष्ट और पौष्टिक बना लें।
हमें यकीन है कि जानकारी आपको पसंद आएगी। आप किस तरह से पराठों को अपने आहार में शामिल करती हैं वो हमें कमेंट कर जरूर बताएं। अगर यह लेख पसंद आया तो इसे लाइक और शेयर करना न भूलें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों