आखिर क्यों मानसून में फ्रिज में रखा खाना भी हो जाता है खराब? स्टोर करने से पहले जानें ये बातें

क्या आपने नोटिस किया है कि मानसून में फ्रिज में रखा खाना भी जल्दी खराब हो जाता है। उसमें से खट्टी बदबू आने लगती है। क्या आपने कभी सोचा है कि फ्रिज में रखने के बाद भी खाना क्यों खराब होता है?
image

बरसात शुरू हो गई है और इसी के साथ मानसून ने भी दस्तक दे दी है। बारिश होने से तेज धूप से राहत तो मिलती है, लेकिन उमस वाली गर्मी शुरू हो जाती है। यह मौसम बीमारी लेकर आता है। इसके साथ ही खाना भी इसी समय पर ज्यादा खराब होता है।

आपने देखा होगा कि मानसून में यदि खाना अच्छे से स्टोर करके फ्रिज में रख दो, तो भी कुछ देर में खराब हो जाता है। डेयरी प्रोडक्ट्स हों या फिर दाल या सब्जी 2 दिन से ज्यादा उसे फ्रिज में रखने से वह भी बदबू मारने लगता है।

क्या आपने कभी सोचा है कि ऐसा क्यों होता है? इस लेख में हम आपको बताएंगे कि मानसून में फ्रिज के खाने से बदबू क्यों आती है और आपको किन चीजों को ज्यादा समय तक स्टोर नहीं करना चाहिए।

आखिर क्यों मानसून में फ्रिज में रखा खाना भी हो जाता है खराब?

मानसून में वातावरण में नमी बहुत ज्यादा होती है और यही नमी खाने को जल्दी खराब करने का मेन कारण बनती है। मानसून में हवा में नमी का स्तर 70% से ऊपर चला जाता है। यह नमी फंगस, यीस्ट और बैक्टीरिया को पनपने के लिए सही वातावरण देती है। फ्रिज को जब आप बार-बार उसे खोलते हैं, तो बाहर की नमी अंदर घुस जाती है और खाने को खराब कर सकती है।

वहीं, अगर आपने गरम खाना बिना ठंडा किए सीधे फ्रिज में रख दिया, तो इससे भाप और नमी कंटेनर में ही कैद हो जाती है, जिससे उसमें बैक्टीरिया तेजी से पनपते हैं और खाना जल्दी खट्टा या सड़ा हुआ लगने लगता है।

why does food go bad in monsoon

मानसून में अगर बिजली की कटौती होती है या फ्रिज का तापमान सही से मेंटेन नहीं हो पाता, तो वह ठंडक नहीं दे पाता जो खाने को सुरक्षित रखने के लिए चाहिए। खाना 0°C से 5°C के बीच में ही सुरक्षित रहता है।

इसे भी पढ़ें: मानसून आने से पहले ऐसे स्टोर करें आटा और चावल, नहीं लगेगा एक भी घुन

कौन-कौन से फूड आइटम्स जल्दी खराब होते हैं?

  • दूध, दही, पनीर जैसी चीजें मानसून में बहुत जल्दी खट्टा होने लगती हैं, खासकर अगर इन्हें फ्रिज में रखते वक्त सही तापमान न हो।
  • चावल में नमी ज्यादा होती है और इसे अगर सही से ठंडा किए बिना स्टोर किया जाए तो जल्दी खट्टा हो सकता है।
  • पत्तेदार सब्जियां और टमाटर जैसी नर्म सब्जियां जल्दी गल जाती हैं। इन्हें अगर फ्रिज में बिना ढके रखा जाए तो इनमें फंगस लग सकता है।
  • मानसून में मांस-मछली जल्दी खराब होती है, इसलिए इन्हें ज्यादा दिन फ्रिज में रखना सही नहीं है।

फ्रिज में ज्यादा समय तक न रखें ये फूड आइटम्स-

1. पके हुए चावल

पके चावल नमी से भरपूर होते हैं और इनमें बैक्टीरिया बहुत तेजी से पनपते हैं। मानसून में यदि चावल को अधिक समय तक फ्रिज में रखा जाए, तो उसमें खटास आने लगती है और वह चिपचिपे हो जाते हैं। अगर आप चावल बचा रहे हैं, तो उसे अच्छे से ठंडा करके एयरटाइट डिब्बे में रखें और 6-8 घंटे में ही उपयोग कर लें

2. दाल-सब्जी

पकी हुई दाल या सब्जियों में अगर मसाले और तेल कम हैं, तो वे जल्दी खराब हो सकती हैं। मानसून में हवा में बैक्टीरिया की सक्रियता बढ़ जाती है, जिससे खाना जल्दी सड़ सकता है, भले ही वह फ्रिज में ही क्यों न रखा हो।
दाल-सब्जी को रात भर के लिए ही रखें और अगले दिन दोबारा अच्छी तरह उबालकर ही खाएं। कोशिश करें कि खाना हर बार ताजा बनाएं।

what items go bad quickly

3. कटे हुए फल

कटे हुए फल विशेष रूप से मानसून में जल्दी खट्टे हो जाते हैं। खरबूजा और तरबूज जैसे रसीले फलों में पानी की मात्रा अधिक होती है और इन्हें काटने के बाद अगर नमी बनी रहे तो ये फलों की सतह पर बैक्टीरिया का घर बन जाते हैं।
फल काटने से पहले धो लें, काटने के बाद उन्हें पेपर टॉवल से सुखा लें और तुरंत खाएं। अगर रखना ही है, तो अच्छी तरह से बंद डिब्बे में रखें और 24 घंटे से ज्यादा न रखें।

4. ब्रेड और रोटी

ब्रेड और रोटी जैसे आहार जल्द ही फंगस पकड़ लेते हैं, खासकर अगर नमी इन पर लग जाए। फ्रिज में रखने से इनकी शेल्फ लाइफ थोड़ी बढ़ती जरूर है, लेकिन मानसून में ये जोखिम भरे हो सकते हैं।
फ्रेश रोटी हर बार बनाएं और बची हुई रोटियों को सूती कपड़े में लपेटकर रखें। ब्रेड को फ्रिज में रखें, लेकिन 2 दिन के अंदर इस्तेमाल करें और किसी भी प्रकार का बदबू या धब्बा दिखे तो तुरंत फेंक दें।

इसे भी पढ़ें: क्या 24 घंटे फ्रिज चलाने से मोटर खराब हो जाती है? जानिए रेफ्रिजरेटर इस्तेमाल करने का सही तरीका

monsoon food storing tips

मानसून में खाना स्टोर करने के टिप्स-

  • गर्म खाना कभी भी सीधे फ्रिज में न रखें। पहले उसे रूम टेम्परेचर पर आने दें।
  • एयरटाइट कंटेनर का ही इस्तेमाल करें, ताकि नमी अंदर न जा सके। फ्रिज का तापमान पर नजर रखें। 0°C से 5°C के बीच का तापमान सही होता है।
  • फ्रिज को बार-बार खोलने से बचें, इससे अंदर की नमी बढ़ जाती है। बचे हुए खाने को दोबारा गर्म करने के बाद ही खाएं।
  • फ्रिज को हर हफ्ते एक बार साफ करें ताकि फंगस और बैक्टीरिया न पनपें।

मानसून में सिर्फ बाहर का ही नहीं, बल्कि घर का बना खाना भी जल्दी खराब हो सकता है। ऐसे में जरूरी है कि हम मौसम के अनुसार खाने के स्टोरेज के तरीके बदलें। हमें उम्मीद है कि यह लेख आपको पसंद आया हो। इसे लाइक और शेयर करना न भूलें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।

Image Credit: Freepik

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP