ऐसा कहा जाता है कि फल और सब्जियों का सेवन करने से स्वास्थ्य को कई तरह के लाभ मिलते हैं। यही कारण है कि अधिकतर लोग बाजार से हरी सब्जियों और तरह-तरह के फल लाकर उनका सेवन करते हैं। लेकिन क्या आपको पता है कि सेहत के लिए अच्छे माने जाने फल और सब्जियां कई बार स्वास्थ्य को मुश्किल में डाल सकते हैं।
दरअसल, कुछ फल और सब्जियों में पेस्टिसाइड्स बहुत ज्यादा होते हैं, जो साफ पानी से धोकर भी कई बार साफ नहीं होते हैं। जी हां, यह हम नहीं बल्कि अमेरिका की एक रिपोर्ट कहती है।
आपके हेल्दी डाइट का हिस्सा मानी जाने वाली हरी सब्जियां औरफल जैसे स्ट्रॉबेरी, केल, पालक और सेब, क्या वाकई साफ और सुरक्षित होते हैं? इसका जवाब है-नहीं! हर साल अमेरिका का Environmental Working Group (EWG) एक रिपोर्ट जारी करता है जिसे 'Dirty Dozen List' कहा जाता है, जिसमें उन फलों और सब्जियों की लिस्ट होती है, जिनमें सबसे ज्यादा कीटनाशकों के अंश पाए जाते हैं।
2025 की लिस्ट में स्ट्रॉबेरी, पालक, केल, सेब, अंगूर, शिमला मिर्च और चेरी जैसे फल-सब्जियां शामिल हैं। यानी वो चीजें जिन्हें हम सुपरफूड समझते हैं, असल में सुपर गंदी भी हो सकती हैं। इनमें मौजूद केमिकल्स, मिट्टी, कीड़े और यहां तक कि फंगस भी हमारी सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे में इन्हें सिर्फ पानी से धोना काफी नहीं होता। चलिए इस लेख में हम आपको बताएंगे ऐसे जबरदस्ट तरीके जिनसे आप इन फल और सब्जियों को डीप क्लीन कर सकती हैं।
1. नमक और हल्दी के पानी में भिगोना
ये तरीका बेहद प्रभावशाली है। मैंने अपनी नानी के बाद अक्सर अपनी मां को इसका इस्तेमाल करते देखा है। नमक और हल्दी दोनों में ही एंटीबैक्टीरियल और एंटीफंगल गुण होते हैं, जो कीड़े और पेस्टिसाइड्स के अंश का सफाया करने में मदद करते हैं।
क्या करें-
- सबसे पहले हरी सब्जी को छांटकर अलग रख लें। इसके बाद एक बड़े बर्तन में पानी भर लें।
- पानी में 1 बड़ा चम्मच नमक और 1/2 छोटा चम्मच हल्दी डालकर मिलाएं।
- हरी पत्तेदार सब्जियों जैसे पालक, केल, आदि को इसमें 10–15 मिनट के लिए भिगो दें।
- इसके बाद रनिंग वॉटर के नीचें इन्हें 3-4 बार धोकर सुखाएं और इस्तेमाल करें।
- आप पत्ता गोभी, हरी सब्जियों या गोभी जैसी सब्जी को ब्लांच भी कर सकती हैं।
- इसका फायद यह है कि इससे बैक्टीरिया साफ हो जाते हैं और मिट्टी भी निकल जाती है। इस तरीके से हरी सब्जी का रंग भी बरकरार रहता है।
2. सिरके और पानी का घोल
सिरका एक नेचुरल क्लीनर है जो फलों-सब्जियों पर जमी वैक्स को हटाने में भी मदद करता है, खासतौर पर सेब, अंगूर, स्ट्रॉबेरी और टमाटर जैसे फलों के लिए यह खासतौर से अच्छा है। यह कीटनाशकों को भी निष्क्रिय करने में मदद करता है।
क्या करें-
- इसके लिए फ्रूट्स को पहले एक बार धोकर साइड रखें। इसके बाद 1 भाग सिरका और 2 भाग पानी मिलाएं।
- सेब, स्ट्रॉबेरी जैसे फल इस घोल में 10 मिनट तक डुबोकर रखें। फिर बहते पानी में धो लें और कपड़े पर सुखा लें।
- इस तरीके से वैक्स और पेस्टिसाइड्स अच्छी तरह से साफ हो जाते हैं।
- इससे फलों के स्वाद में भी कोई कमी नहीं आती है और फ्रूट्स लंबे समय तक फ्रेश रहते हैं।
3. बेकिंग सोडा का उपयोग
बेकिंग सोडा के एल्कालाइन गुण केमिकल्स को ब्रेक करके साफ करने में मदद करते हैं। यह खासतौर पर स्ट्रॉबेरी, चेरी, अंगूर आदि के लिए फायदेमंद है। वहीं, यदि इसके साथ नमक भी मिलाया जाए, तो असर बेहतर होता है।
क्या करें-
- सबसे पहले एक बड़े कटोरे में 1 लीटर पानी लें। उसमें 1 छोटा चम्मच बेकिंग सोडा डालें।
- अगर आप नमक डालना चाहती हैं, तो उसे भी मिला सकती हैं।
- बाजार से लाई सब्जियों या फलों को इस घोल में 10-15 मिनट भिगोकर रखें। बाद में साफ पानी से धोकर सुखा लें।
- इससे फल और सब्जियां जल्दी सड़ती नहीं हैं और वे फ्रेश रहती हैं।
सब्जी और फलों को धोने और काटने के इन टिप्स पर दें ध्यान-
- हरी पत्तेदार सब्जियों को कभी सीधे न काटें, उन्हें पहले 4-5 बार साफ पानी से जरूर धोएं।
- यदि आप पैकेट वाले फल लेकर आई हैं, तो उन्हें धोना न भूलें, उन पर वैक्स कोटिंग हो सकती है।
- स्ट्रॉबेरी या अंगूर जैसे छोटे फलों को मेश स्ट्रेनर में रखकर धोना आसान और ज्यादा सेफ होता है।
- सब्जियों को धोने के बाद तुरंत फ्रिज में न रखें, पहले एयर ड्राई करें।
फलों और सब्जियों को देखकर उनके साफ या गंदे होने का अंदाजा लगाना मुश्किल है, इसलिए उन्हें इन तरीकों से धोकर डीप क्लीन करें। हमें उम्मीद है कि यह लेख आपको पसंद आया होगा। इसे लाइक करें और फेसबुक पर शेयर करना न भूलें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: Freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों