अमेरिका में सीरीयल्स नाश्ते के तौर पर खूब खाए जाते हैं। वहां का यह चलन भारत ने भी अपनाया है। आज कई घरों में इसे इसकी कुरकुरी बनावट के कारण पसंद किया जाता है। सुबह हल्का नाश्ता करने वाले लोग इसे ज्यादा पसंद करते हैं। इसे आमतौर पर दूध के साथ खाया जाता है।
कई लोग इसमें फ्रूट्स और हेल्दी सीड्स भी डालते हैं। मगर क्या आपको पता है कि इसे अलग-अलग तरह से खाया जा सकता है। आज चलिए इस आर्टिकल में हम आपको कॉर्नफ्लेक्स से जुड़े कुछ अमेजिंग हैक्स बताएं।
फ्राई करने के लिए करें इस्तेमाल
फ्राइड फूड तो आपको भी पसंद होगा न। अगर आपको नॉन-वेज खाना पसंद है, तो फिर महीने में एक-दो बार तो बाहर जाकर फ्राइड चिकन का मजा लेते होंगे। क्या आपको पता है कि आप बाजार जैसा फ्राइड चिकन घर में भी बना सकते हैं। फिश फ्राई करनी हो या फिर चिकन, अगर आप उनमें कुरकुरी बनावट चाहते हैं, तो कॉर्नफ्लेक्स का इस्तेमाल कर सकते हैं।
बचे हुए कॉर्नफ्लेक्स को थोड़ा-थोड़ा कूट लें। इसे ब्रेडक्रम्ब्स की जगह इस्तेमाल करें। अपने अपने मैरिनेटेड चिकन को कॉर्नफ्लेक्स में लपेटकर फ्रिज में ठंडा करने के लिए रख दें। बस कड़ाही में तेल गर्म करें और चिकन के टुकड़ों को भून लें। आपके फेवरेट रेस्तरां में जैसा फ्राइड चिकन मिलता है, आपको भी वैसा ही स्वाद घर में मिलेगा।
इसे भी पढ़ें: अमेरिका और भारत का पॉपुलर नाश्ता कॉर्न फ्लेक्स कैसे बना था?
कॉर्नफ्लेक्स से बना सकते हैं फ्रेंच टोस्ट
जी हां, फ्रेंच टोस्ट तो आप भी खाते ही होंगे। अगर आप उसमें क्रंची बनाना चाहते हैं, तो कॉर्नफ्लेक्स का इस्तेमाल किया जा सकता है। फ्रेंच टोस्ट बनाने के लिए अंडे, दूध, चीनी और चुटकी भर नमक का एक मिश्रण तैयार करें। उसमें कॉर्नफ्लेक्स को कूटकर मिला लें। बस इसमें ब्रेड की स्लाइसेस को भिगोएं और फिर तवे में बटर के साथ सुनहरा होने तक फ्राई करें। नाश्ते में इसका आनंद लें।
आइसक्रीम के ऊपर टॉपिंग्स बनाएं
अगर कॉर्नफ्लेक्स बच गया है, तो उसे हाथों से क्रश करें। घर पर आइसक्रीम बनाते हुए क्रश्ड कॉर्नफ्लेक्स मिलाएं और उसे फ्रिजर में जमाने के लिए रख दें। आप आइसक्रीम के ऊपर इसे स्प्रिंकल की तरह गार्निश करके भी सर्व कर सकते हैं। इतना ही नहीं, कॉर्नफ्लेक्स की आप आइसक्रीम भी बना सकते हैं। ये नई रेसिपी आपके बच्चों को भी पसंद आएगी।
कॉर्नफ्लेक्स लड्डू बनाएं
आप इतने तरह-तरह के लड्डू बनाते और खाते हैं। कभी कॉर्नफ्लेक्स के लड्डू बनाकर देखें हैं? अगर नहीं देखे, तो अब जरूर इन्हें बनाकर ट्राई कीजिएगा। इस लड्डू में जितने भी ड्राई फ्रूट्स आप डालना चाहते हैं, जैसे काजू, अखरोट, बादाम आदि को कॉर्नफ्लेक्स के साथ मिला लें। इसे अच्छे से पीस लें। इसके बाद इसमें घी, चीनी, नारियल पाउडर, इलायची पाउडर और मिल्कमेड मिलाएं। अच्छी तरह से चीजों को मिक्स करके हाथों से गोल-गोल लड्डू बना लें। यकीन मानिए, आपको ये लड्डू बहुत पसंद आएंगे।
क्रंची बिस्किट बना लें
बिल्कुल, कॉर्नफ्लेक्स से आप कुरकुरे बिस्किट बना सकते हैं। मैंने अपनी एक सहेली के यहां होममेड नटी बिस्किट खाए थे। मुझे वो इतने पसंद आए कि पूरी ट्रे 15 मिनट में सफाचट कर दी थी। जब उससे बिस्किट का नाम पूछा, तो उसने बताया कि ये कॉर्नफ्लेक्स से बनाए हैं। जैसे आप बिस्किट बनाते हैं, बस वैसी ही तैयारी कीजिए। क्रश्ड कॉर्नफ्लेक्स को वनिला, चीनी, मैदा, बेकिंग पाउडर, नट्स और कोक पाउडर और बटर के साथ मिलाकर माइक्रोवेव में बेक कर लीजिए। आपके बिस्किट बनकर तैयार हैं। इन्हें आप स्टोर करके भी रख सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: कॉर्न फ्लेक्स की इन 3 आसान डिशेज़ से स्नैक्स का लें मज़ा
तैयार करें सीजनिंग
जी हां, आप कॉर्नफ्लेक्स से सीजनिंग भी तैयार कर सकते हैं। फ्राइड या सलाद में ड्रेसिंग के बाद सीजनिंग के लिए कॉर्नफ्लेक्स का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए आप कॉर्नफ्लेक्स को अपने पसंदीदा मसालों के साथ ग्राइंड कर सकते हैं। उसमें थोड़ा नमक मिला लें और तैयार है आपका होममेड सीक्रेट मसाला जिसे ड्रेसिंग, फ्राइड फूड और मैरिनेशन में भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
कॉर्नफ्लेक्स से आप ये सारी चीजें भी बना सकते हैं क्या आपको पता था? अगर आपने कभी किसी अन्य चीज के लिए कॉर्नफ्लेक्स का इस्तेमाल किया है, तो हमें कमेंट करके बताएं। यदि आपको यह लेख पसंद आया, तो इसे लाइक और शेयर करना न भूलें। ऐसे ही आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: Freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों