आज के डिजिटल युग में जानकारी पाना जितना आसान है, उतना ही मुश्किल है सही जानकारी तक पहुंच पाना। ऐसे में इंटरनेट पर मौजूद भ्रामक जानकारी के चलते अक्सर लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। खासतौर पर बात अगर सेहत की हो तो जागरूकता बेहद जरूरी है, क्योंकि अक्सर लोग जानकारी के अभाव या गलत जानकारी के कारण स्वास्थ्य समस्याओं का शिकार हो जाते हैं।
हम इस बात को अच्छी तरह समझते हैं और अपने प्लेटफॉर्म पर रीडर्स के लिए सेहत से जुड़ी सही जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास करते हैं। इस आर्टिकल में हम कोलेस्ट्रॉल से जुड़े मिथ और फैक्ट्स की बात करने जा रहे हैं। दरअसल, फिटनेस को लेकर फिक्रमंद लोग अक्सर मोटापे और कोलेस्ट्रॉल को लेकर दुविधा में रहते हैं। इसलिए हमने सीनियर फिजिशियन वी. पी. सिंह से कोलेस्ट्रॉल पर बात की और उनसे मिली जानकारी यहां हम आपके साथ शेयर कर रहे हैं।
क्या होता है कोलेस्ट्रॉल?
सबसे पहले जान लेते हैं कि आखिर कोलेस्ट्रॉल होता क्या है? तो बता दें कि कोलेस्ट्रॉल एक तरह का फैट है, जिसका निर्माण लिवर करता है। गलत खानपान और शारीरिक गतिविधि में कमी के कारण कोलेस्ट्रॉल का स्तर शरीर में बढ़ता है। जैसे कि आप जितना अधिक ऑयली या जंकफूड का सेवन करते हैं है, शरीर में कोलेस्ट्रॉल का स्तर उतना ही अधिक बढ़ता जाता है। वहीं बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल दिल की सेहत के लिए हानिकारक होता है और इससे हार्ट अटैक से लेकर दिल की तमाम बीमारियों का खतरा हो सकता है।
कोलेस्ट्रॉल से जुड़े मिथ और फैक्ट्स
फिटनेस को लेकर फिक्रमंद लोग अक्सर ‘वेट लॉस’, ‘डाइटिंग’ और ‘कोलेस्ट्रॉल’ जैसे शब्दों के मायाजाल में फंसे नजर आते हैं। जबकि उन्हे असल में इनके बारे सही जानकारी नहीं होती है। कई बार तो लोग दूसरों से इनके बारे में सुनने के बाद अपने मन में इनके लिए कई सारी धारणाएं बना लेते हैं। तो चलिए कोलेस्ट्रॉल से जुड़े ऐसे ही कुछ मिथ और फैक्ट्स की बात कर लेते हैं।
यह भी पढ़ें- High Cholesterol :कोलेस्ट्रॉल को तेजी से कम करने का रामबाण उपाय, अपनी डायट में करें इन सुपरफूड्स को शामिल
दुबले लोगों को नहीं होती कोलेस्ट्रॉल की समस्या?
कोलेस्ट्रॉल से जुड़ा सबसे बड़ा मिथक यह है कि सिर्फ मोटे लोगों को ही कोलेस्ट्रॉल की समस्या होती है। दरअसल, अक्सर लोग मोटापे को कोलेस्ट्रॉल से जोड़ कर देखते हैं, जबकि इन दोनों का आपस में कोई सीधा संबंध नहीं है। बल्कि कोलेस्ट्रॉल सिर्फ शरीर के वजन और मोटापे के चलते नहीं बल्कि बढ़ती उम्र, फिजिकल एक्टिविटी की कमी या दूसरे कारणों से भी बढ़ सकता है। इनके अलावा आनुवंशिक कारणों की वजह से भी हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या हो सकती है।
कोलेस्ट्रॉल सेहत के लिए हानिकारक है?
वहीं कोलेस्ट्रॉल को लेकर दूसरा मिथ यह प्रचलित है कि कोलेस्ट्रॉल सेहत के लिए हानिकारक है। तो जैसा कि हमने शुरुआत में आपको बताया कि शरीर में एक निश्चित सीमा से अधिक कोलेस्ट्रॉल का स्तर खतरनाक होता है। पर वहीं निश्चित मात्रा में शरीर में मौजूद स्वस्थ कोलेस्ट्रॉल दिल के साथ शरीर के दूसरे अंगों के लिए सहायक होता है। असल में शरीर में दो तरह के कोलेस्ट्रॉल मौजूद होते हैं... पहला गुड कोलेस्ट्रॉल है जिसे हाई डेंसिटी लिपोप्रोटीन (HDL) कहते हैं तो दूसरा बैड कोलेस्ट्रॉल है जिसे लो डेंसिटी लिपोप्रोटीन (LDL) के रूप में जानते हैं। हेल्थ एक्सपर्ट की माने तो शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल 100 mg/dL से कम होना चाहिए, इससे अधिक होने पर दिल और उससे जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है।
कोलेस्ट्रॉल बढ़ने पर शरीर में कोई स्पष्ट लक्षण नजर नहीं आते?
कोलेस्ट्रॉल को लेकर लोगों में एक भ्रम यह भी होता है कि शरीर में कोलेस्ट्रॉल बढ़ने पर कोई स्पष्ट लक्षण नजर नहीं आते हैं। जबकि हेल्थ एक्सपर्ट बताते हैं कि हाई कोलेस्ट्रॉल की स्थिति में व्यक्ति को सांस फूलने, हाई बीपी, सीने में दर्द और अत्यधिक थकान जैसी समस्याएं होती हैं। इसलिए इनमें से किसी भी लक्षण के नजर आते ही आपको कोलेस्ट्रॉल की जांच करा लेनी चाहिए।
खानपान में बदलाव कर कोलेस्ट्रॉल पर नियंत्रण पा सकते हैं?
लोग अक्सर सोचते हैं कि सिर्फ खानपान में बदलाव के जरिए वो हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या से निजात पा सकते हैं, लेकिन यह उनका भ्रम है। दरअसल, कोलेस्ट्रॉल पर नियंत्रण के लिए आपको संतुलित भोजन के साथ अपनी दिनचर्या को भी नियमित करना होगा। इसके लिए आपको एक्सरसाइज और योगा के जरिए अपनी फिजिकल एक्टिविटी को बढ़ाना होगा, ताकि शरीर में कोलेस्ट्रॉल का स्तर नियंत्रित हो सके। इसके अलावा अगर किसी दूसरी शारीरिक समस्या के चलते आपको हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या तो फिर आपको उस स्वास्थय समस्या का इलाज करना होगा।
यह भी पढ़ें- अगर बढ़ रहा है कोलेस्ट्रॉल तो Expert के बताए ये टिप्स करेंगे मदद
उम्मीद करते हैं कि यह जानकारी आपके लिए उपयोगी साबित होगी और अगर यह जानकारी आपको अच्छी लगी हो, तो अपनी राय हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं। जानकारी से भरपूर लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहिए आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit:Freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों