बाजार में ऐसे कई डिश वॉशिंग सोप और लिक्विड आते हैं, जिनसे बर्तन धोने पर वह नए जैसे चमक जाते हैं। मगर खास बर्तन धोने में इस्तेमाल किए जाने वाले साबुन और लिक्विड से अन्य चीजों को साफ करने पर जरूरी नहीं है कि वह भी नई जैसी चमक उठें। हो सकता है कि आपका वह सामान खराब हो जाए और दोबारा इस्तेमाल करने लायक ही नहीं बचे।
जी हां, बर्तन धोने के लिए इस्तेमाल होने वाले साबुन को अन्य चीजों की साफ-सफाई के लिए तब तक इस्तेमाल न करें, जब तक आपको यह पता न हो कि उसका नतीजा अच्छा होगा या बुरा।
खासतौर पर कुछ चीजें ऐसी होती हैं, जिनको यदि आप बर्तन धोने वाले साबुन से साफ करेंगी तो उनका खराब होना निश्चित है। आज हम आपको बताएंगे कि वह कौन सी चीजें हैं, जिनको बर्तन धोने वाले साबुन से बिलकुल भी नहीं साफ करना चाहिए।
इसे जरूर पढ़ें: सर्दियों में बढ़ते बाथरूम की बदबू को इस तरह आसानी से करें दूर
कपड़े
कई घरों में किचन में इस्तेमाल किए जाने वाले कपड़ों को डिश वॉशिंग सोप से ही साफ कर दिया जाता है। इससे बहुत ज्यादा झाग बनता है, मगर कपड़ा अच्छे से साफ नहीं होता है। खासतौर पर कपड़े पर लगे दाग-धब्बे बर्तन धोने वाले साबुन से कभी भी दूर नहीं हो पाते हैं। यहां तक कि कपड़ा हार्ड हो जाता है और उसका रंग भी फेड हो जाता है। इतना ही नहीं, अगर आप भूल से भी वॉशिंग मशीन में कपड़े के साथ डिटर्जेंट पाउडर की जगह बर्तन धोने वाला लिक्विड सोप डाल दें, तो झाग तो बहुत निकलेगा मगर कपड़े न तो साफ हो पाएंगे और उनका रंग भी फेड हो जाएगा।
इसे जरूर पढ़ें:Hacks: बेबी पाउडर से करें घर की 5 मुश्किलें आसान
कास्ट आयरन से बने बर्तन
किचन में इस्तेमाल होने वाले कई बर्तन ऐसे होते हैं, जिन्हें आप बर्तन धोने वाले साबुन से नहीं साफ कर सकती हैं। इनमें से एक होते हैं कास्ट आयरन से बने बर्तन। इन बर्तनों को केवल पानी से साफ करने की हिदायत दी जाती है। नॉनस्टिक होने के कारण इनमें बहुत कम तेल में खाना पकाया जा सकता है, जिस कारण यह जलते नहीं और इनमें तेल नहीं जमता है। यदि आप इन बर्तनों को साफ करने के लिए बर्तन धोने वाला साबुन यूज करती हैं तो इन पर चढ़ी नॉन स्टिक लेयर डैमेज हो जाती है। नॉनस्टिक बर्तन को साफ करने का सही तरीका है कि आप उन्हें नमक से साफ करें।
कार
कई लोग अपनी कार को खुद ही साफ करते हैं। कार को साफ करने के लिए शैंपू, डिटर्जेंट और कार साफ करने के लिए खासतौर पर मिलने वाले लिक्विड का इस्तेमाल किया जाता है। मगर गलती से भी अपनी कार को बर्तन धोने वाले लिक्विड सोप से न साफ करें। ऐसा करने पर डिश वॉशिंग सोप में मौजूद कैमिकल्स आपकी कार के रंग को हानि पहुंचा सकते हैं। साथ ही कार के शीशे पर स्क्रैच मार्क्स भी आ सकते हैं। अगर आप खुद से कार को साफ कर रही हैं तो आपको केवल कैमिकल फ्री हेयर शैंपू का इस्तेमाल करना चाहिए। इतना ही नहीं, किसी भी तरह के साबुन और शैंपू को पहले पानी में मिक्स करके उसका झाग बना लेना चाहिए और फिर उस मिश्रण से कार को साफ करना चाहिए।
चमड़े का सामान
आपकी त्वचा की तरह चमड़े के सामान को भी मॉइश्चराइजर की जरूरत होती है। ऐसे में अगर आप चमड़े के फर्नीचर, कपड़े या किसी अन्य सामान को बर्तन धोने वाले साबुन से साफ करती हैं तो निश्चित रूप से वह खराब हो जाएंगे। बर्तन धोने के साबुन में मौजूद कैमिकल्स से चमड़े के सामान में सफेद धब्बे पड़ सकते हैं, साथ ही उसकी शाइन भी खत्म हो जाती है। इतना ही नहीं, हो सकता है कि आपको इसमें क्रैक्स भी नजर आने लग जाएं।
घर की फर्श
घर की फर्श को साफ करने के बहुत सारे घरेलू उपाय हैं। मगर कई लोग घर की फर्श को साफ करने के लिए डिटर्जेंट और डिश वॉशिंग सोप का इस्तेमाल करते हैं। अगर आप भी ऐसा कर रहे हैं तो न करें क्योंकि इससे आपकी फर्श साफ तो हो जाएगी, मगर उस पर सफेद रंग के अजीब से धब्बे नजर आने लग जाएंगे। फर्श को साफ करने के लिए नींबू, सिरका, चाय की पत्ती और अन्य घरेलू उपाय हैं, जिनका आप इस्तेमाल कर सकती हैं। आप चाहें तो बाजार में आने वाले फ्लोर क्लीनिंग प्रोडक्ट्स का भी इस्तेमाल कर सकती हैं।
अगर आपको यह आर्टिकल पसंद आया हो तो इसे शेयर और लाइक जरूर करें। साथ ही इसी तरह की रोचक टिप्स जानने के लिए पढ़ती रहें हरजिंदगी।