मेरी मम्मी को खट्टी दही नहीं पसंद। वह मलाईदार और गाढ़ी दही बहुत पसंद करती हैं। वहीं, मुझे जब तक खट्टापन महसूस न हो, तो खाने में मजा नहीं आता। जब दही खट्टी हो जाती है, तो मेरी मम्मी उसमें मलाई मिला देती है। इसके अलावा उन्हें अन्य चीजों में उपयोग कर लेती हैं।
आपमें से कई लोग भी ऐसा ही करते होंगे। कुछ तो खट्टी दही को खराब समझकर फेंक देते हैं। दही खट्टी इसलिए होती क्योंकि उसके बैक्टीरिया फर्मेंटेशन में बढ़ावा देते हैं। अगर आप एक-दो दिन से ज्यादा दही को स्टोर करते हैं, तो उसका खट्टा होना तय है। हालांकि, बहुत ज्यादा खट्टी हो जाने पर दही नहीं खानी चाहिए, लेकिन अगर उसका खट्टापन काफी ज्यादा नहीं बढ़ा है, तो आप उसे कई सारी रेसिपीज में इस्तेमाल कर सकते हैं। आइए इस आर्टिकल में हम आपको खट्टी दही रियूज करने के तरीके बताएं-
मैरिनेशन में करें खट्टी दही का इस्तेमाल
कई सारी चीजों को बनाते वक्त मैरिनेशन की आवश्यकता होती है। मैरिनेशन सब्जियों और मीट में मसाला भरने और उसे जूसी बनाने के लिए जरूरी होता है। पनीर, चिकन, मटन, फिश, सोया आदि जैसी चीजों को मैरिनेट करने के लिए आप दही का उपयोग कर सकते हैं। दही का एसिडिक नेचर प्रोटीन को नरम करने में मदद करता है। आप दही में अपनी पसंदीदा मसाले डालकर एक फ्लेवरफुल मैरिनेशन तैयार कर सकते हैं। उसमें सब्जियों, मीट और पॉल्ट्री को मिलाएं और बेहतरीन डिश तैयार कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: ज्यादा खट्टा हो गया है दही, तो फेंकने के बजाए ऐसे करें रियूज
भटूरे बनाने के लिए करें खट्टी दही का उपयोग
अगर आप दिल्ली में रहते हैं, तो ऐसा नहीं हो सकता कि आपने ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर में भटूरे न खाए हों। बाजार के भटूरे काफी फ्लफी होते हैं, आप उन्हें घर पर भी बना सकते हैं। भटूरे में दही डालने से उसमें अच्छी खमीर बनता है, जो भटूरे को सॉफ्ट और फ्लफी बनाने में मदद करता है। अगर दही खट्टी हो गई है, तो उसे फेंकने की बजाय भटूरों में डालकर अच्छी तरह से आटा गूंथ लें। आटे को कुछ देर ढककर रखें, ताकि यीस्ट अच्छी तरह से विकसित हो सके। एक बार खमीर हो जाने पर आटे की लोइयां बनाकर उसके भटूरे तल सकते हैं। वीकेंड पर घर पर छोले-भटूरे बनाकर आनंद उठाएं।
सॉर क्रीम चीज बनाएं
सैंडविच और बर्गर में स्प्रेड के रूप में सॉर क्रीम चीज भी लगाई जा सकती है। इसे बाजार से खरीदेंगे, तो यह आपको महंगी पड़ेगी। इससे अच्छा आप इसे घर पर ही बना लें। सॉर क्रीम चीज 10 मिनट में बनकर तैयार हो जाएगी। इसके लिए खट्टी दही का पानी स्ट्रेन करके उसे मलमल के कपड़े में बांधकर अच्छी तरह से निचोड़ना पड़ता है। इसे कुछ देर लटकाकर रख दें ताकि सारा पानी निकल जाए। जब दही इकट्ठा हो जाए, तो उसे एक कटोरे में निकालें और अपनी पसंद के अनुसार हर्ब्स और स्पाइसेस डालकर उसे मिक्स कर लें। आपका सॉर क्रीम चीज तैयार है, इसे कंटेनर में स्टोर करके फ्रिज में रख सकते हैं।
यैम कलन
ओणम केरल का एक बड़ा फेस्टिवल है। इस दौरान ओणम साद्या बनाने की परंपरा मनाई जाती है। इसमें कई सारी चीजें बनाई जाती हैं। उनमें एक कलन है। यह एक टैंगी और चटपटी केरला करी होती है, जो बहुत स्वादिष्ट होती है। इस कलन को बनाने के लिए खट्टी दही का इस्तेमाल किया जाता है। इसके बाद, यैम और कच्चे केले को इस करी में पकाया जाता है। दही को पकाते हुए इसमें नारियल का दूध या मलाई भी मिलाते हैं, जिससे यह डिश काफी ज्यादा क्रीमी हो जाती है। इसके फ्लेवर को चटपटा बनाने के लिए काफी सारे मसालों का इस्तेमाल किया जाता है। इसे बनाने के लिए भी नारियल के तेल का इस्तेमाल होता है।
इसे भी पढ़ें: बहुत खट्टी दही को मिनटों में करें ठीक, स्वाद भी हो जाएगा बेहतर
केक और मफिन
केक, मफिन, कुकीज और पैनकेक को बनाने के लिए भी आप खट्टी दही का इस्तेमाल कर सकते हैं। दही में पानी होता है, जो बेक्ड आइटम्स को नम रखने में मदद करता है । इससे बेक किए हुए आइटम्स ड्राई नहीं होते। इसके कारण फूड आइटम्स सॉफ्ट और फ्लफी बनते हैं। खट्टी दही केक, मफिन, पैनकेक आदि का स्वाद बढ़ाने में भी मदद करती है। यह केक, कपकेक और कुकीज जैसे डेजर्ट में स्वीटनेस को कॉम्प्लिमेंट करती है और उसे बैलेंस करने में मदद करती है। इसका उपयोग आप आटे को गूंथने के लिए, फिलिंग और डिप्स बनाने के लिए और फ्रॉस्टिंग में भी कर सकते हैं।
अब आप भी अगली बार खट्टी दही को फेंके नहीं। न ही उससे छाछ और कढ़ी बनाएं। अबकी बार खट्टी दही को इन चीजों में उपयोग करके देखें और अपने अनुभव हमारे साथ शेयर करें।
हमें उम्मीद है कि खट्टी दही को दोबारा उपयोग करने के ये टिप्स आपको पसंद आएंगे। अगर आपको यह लेख अच्छा लगा, तो इसे लाइक और शेयर करें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image credit: Freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों