बहुत खट्टी दही को मिनटों में करें ठीक, स्वाद भी हो जाएगा बेहतर

गर्मियों में खाने के साथ दही किसी भी रूप में शामिल हो, तो वह खाने का स्वाद भी बढ़ाती है और पाचन को भी ठीक रखती है। लस्सी हो, रायता या फिर सादी दही, स्वाद सबका बढ़िया लगता है। दही अच्छी भी वो लगती है, जो क्रीमी और मलाईदार होती है। हालांकि, कई बार स्वाद करने में पता चलता है कि दही बहुत खट्टी है। अब खट्टी दही से भी कई रेसिपीज बनाई जा सकती है, लेकिन अगर उस दही को खाने का मन हो और खट्टेपन की वजह से खाई न जाए, तो क्या करेंगे?
आज इस लेख में चलिए हम आपको ऐसे टिप्स बताते हैं, जिनकी मदद से आप खट्टी दही को ठीक कर सकते हैं। ये तरीके आसान हैं और दही के स्वाद को बिगाड़े बिना उसे ठीक करने में मदद कर सकते हैं।
ताजा दूध का उपयोग करें-
दही चाहे आपने बाजार से लाए हैं या फिर उसे घर पर फर्मेंट करके बनाया हो, उसका खट्टा होना स्वभाविक है। अगर आप दही को लंबे समय तक रखते हैं, तो भी दही खट्टी हो जाती है। हालांकि, आप उसे फ्रेश दूध से सही कर सकते हैं। दूध डालने से उसका खट्टापन कम हो सकता है।
क्या करें-
- दूध को गर्म करके पूरी तरह से ठंडा कर लें।
- दही में ठंडा दूध डालें और फिर अच्छी तरह से मिला लें।
- इसे 30 मिनट के लिए फ्रिज में रखें। फ्रिज से निकालकर फिर एक बार मिलाएं और दही का सेवन करें।
- दूध की ताजगी दही के खट्टेपन को प्रभावित करती है।
इसे भी पढ़ें: दही से जुड़े ये 5 हैक्स किचन में आएंगे बेहद काम
मसालों का लगाएं तड़का-
अगर दही खट्टी है, तो उसके खट्टेपन को कम करने के लिए उसमें जीरे का तड़का लगा सकते हैं। इससे न सिर्फ दही का स्वाद बढ़िया होगा, बल्कि खट्टापन भी संतुलित होगा। जीरे के अलावा भी आप दही को अन्य चीजों का तड़का लगा सकते हैं।
क्या करें-
- एक पैन में थोड़ा-सा तेल या घी डालकर गर्म कर लें।
- उसमें जीरा, हींग और एक लाल मिर्चट डालकर फूटने दें।
- दही को पहले ही फ्रिज से निकालकर रख लें। अब दही में यह तैयार तड़का डालें और अच्छी तरह से मिक्स करें।
- ऊपर से चुटकी भर नमक डालकर इसे खाने के साथ सर्व कर सकते हैं।
दही में मिलाएं मलाई-
ताजी मलाई भी दही के खट्टेपन को कम करने का काम करती है। मलाई की मिठास दही के साथ घुलती है, इसलिए उसका खट्टापन संतुलित होता है। आप दही में एक चम्मच फ्रेश मलाई मिला देंगे, तो उसका स्वाद भी बढ़ जाएगा।
क्या करें-
- दूध में से मलाई अलग निकालकर उसे ठंडा कर लें। दही को भी फ्रिज से निकाल लें।
- फ्रेश मलाई को दही में डालकर मिक्स करें और इसका सेवन करें।
- आप फ्रेश क्रीम को भी दही में डालकर मिला सकते हैं।
दही को परोसने से पहले कर लें ठंडा-
परोसने से पहले दही को रेफ्रिजरेटर में ठंडा करने से वास्तव में उसकी खटास को कम किया जा सकता है। यह दही के टेक्सचर में भी सुधार कर सकता है। जब दही को ठंडा किया जाता है, तो ठंडा तापमान फर्मेंटेशन के लिए जिम्मेदार बैक्टीरिया की एक्टिविटी को धीमा कर देता है। इसके कारण, लैक्टिक एसिड का उत्पादन कम हो जाता है, जो दही के खट्टे स्वाद में योगदान देता है। इसके अतिरिक्त, दही को ठंडा करने से उसका प्रोटीन सख्त हो जाता है और पानी की मात्रा डेंस हो जाती है, जिसके कारण गाढ़ी और मलाईदार दही मिलती है।
क्या करें-
- दही चाहे बाजार से लाए हैं या घर पर बनाई है। उसे फ्रिज में रखकर कम से कम एक घंटा रहने दें।
- ठंडी दही को फ्रिज से निकालें और कुछ मिनटों के लिए रूम टेंपरेचर पर रखें।
- खाने के साथ ठंडा-ठंडी दही परोसें और मजा लें।
इसे भी पढ़ें: ज्यादा खट्टी हो गई है कढ़ी, तो इन टिप्स से करें ठीक
दही में मिलाएं फल-
पके केले, आम या स्ट्रॉबेरी जैसे फलों को दही में मिलाना इसके खट्टे स्वाद को प्राकृतिक मिठास के साथ संतुलित करने का एक शानदार तरीका है। इससे न केवल खट्टेपन को कम करने में मदद मिलती है, बल्कि दही में फ्लेवर भी जुड़ता है, जो इसे अधिक स्वादिष्ट और आनंददायक बनाता है।
क्या करें-
- आप सीजनल या अपने पसंद के फलों को लेकर उन्हें बारीक-बारीक काट लें।
- दही को फ्रिज से निकालें और उसमें ठंडे फलों को डालकर मिक्स करें।
- इसे कुछ देर के लिए वापस फ्रिज में रख दें, ताकि फलों का रस दही में मिठास दे सके।
- फ्रिज से निकालें और मजेदार फ्रूट योगर्ट का आनंद लें।
ऐसे ही कई सारे तरीके हैं, जिनकी मदद से आप दही के खट्टेपन को कम कर सकते हैं। आप दही के खट्टेपन को कम करने के लिए क्या करते हैं, हमें जरूर बताएं। अगर आपको यह लेख पसंद आया, तो इसे लाइक और शेयर करना न भूलें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।