Tips: अच्छे और रसेदार नींबू खरीदते वक्त ध्यान रखें ये टिप्स

भारतीय रसोई में नींबू का प्रयोग बहुत होता है। नींबू केवल खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए ही नहीं बल्कि सेहत के लिहाज से भी काफी फायदेमंद होता है। इसका सेवन करने के साथ -साथ आप इसे त्वचा और बालों की अच्छी सेहत के लिए भी इस्तेमाल कर सकती हैं।
इतना ही नहीं, नींबू का प्रयोग घर की साफ-सफाई में भी किया जाता है। ऐसे में बहुत जरूरी है कि नींबू रसेदार हो। हालांकि, रसेदार नींबू के आने का सबसे अच्छा वक्त सर्दियों का मौसम होता है। मगर गर्मियों के मौसम में भी नींबू की कई वैरायटी आपको बाजार में मिल जाएंगी। दरअसल, नींबू का सबसे ज्यादा इस्तेमाल भी गर्मियों के मौसम में ही होता है क्योंकि यह शरीर को हाइड्रेटेड रखता है।
अगर आप बाजार में नींबू खरीदते वक्त कुछ बातों का ध्यान रखेंगी तो अच्छे और रसेदार नींबू चुनने में आपको आसानी होगी।
नींबू में मौजूद पोषक तत्व
- प्रोटीन- 1.1 ग्राम
- कार्बोहाइड्रेट- 9.32 ग्राम
- फाइबर-2.8 ग्राम
- कैल्शियम-26 मिलीग्राम
- सोडियम-2 मिलीग्राम
- जिंक-0.06 मिलीग्राम
- विटामिन-सी-53 मिलीग्राम
- सेलेनियम-0.4 माइक्रोग्राम
इसे जरूर पढ़ें: Tips: अच्छा और मीठा खरबूजा खरीदने के 5 टिप्स जानें
नींबू का रंग देखे
आपको बाजार में नींबू पीला और हरा, दो रंग का मिलेगा। मगर पीला नींबू (नींबू का इस तरीके से करेंगी इस्तेमाल तो फायदा नहीं होगा नुकसान) अधिक रसेदार होता है। गर्मियों के मौसम में भी आपको बाजार में पीले रंग का नींबू मिल जाएगा। मगर वह नींबू कभी न खरीदें जो हल्का सा भी हरापन लिए हुए हो। इस तरह के नींबू दिखने में भले ही आपको पके हुए लगें, मगर अंदर से यह कम रसेदार होते हैं। साथ ही इनके रस में कड़वाहट भी होती है।
नींबू को दबा कर देखें
नींबू को खरीदने से पहले उसे दबा कर जरूर देखें। अगर नींबू मुलायम है तो ही उसे खरीदें। इस बात का भी ध्यान रखें कि नींबू की स्किन पतली हो, अगर आप मोटी स्किन वाला नींबू खरीदती हैं तो वह अंदर से रसेदार नहीं होगा। अगर आप सोचती हैं कि आकार में बड़ा दिखने वाला नींबू ही अच्छा होता है तो ऐसा नहीं है। कई बार बड़े नींबू में केवल गूदा होता है और रस कम होता है। इसलिए छोटा नींबू भी यदि मुलायम नजर आए तो आप उसे खरीद सकती हैं।
इसे जरूर पढ़ें: Tips: कैसे चुने अच्छा और मीठा आम
ऐसा नींबू न खरीदें
- अगर आपको नींबू में काले दाग नजर आएं तो आप बिलकुल भी न खरीदें क्योंकि ऐसे नींबू अंदर से खराब होते हैं।
- अगर आपको नींबू कहीं से भी गला हुआ नजर आ रहा है तो आपको उसे भी नहीं खरीदना चाहिए क्योंकि इस तरह के नींबू बहुत जल्दी सड़ जाते हैं।
- अगर आपको नींबू की स्किन ड्राई नजर आए तो वह नींबू भी न खरीदें क्योंकि इस तरह के नींबू पुराने होते हैं और इनमें रस भी नहीं होता है।
इसे जरूर पढ़ें: बेहद काम के हैं नींबू के छिलके, इन 10 तरीकों से करें इस्तेमाल
नींबू को इस तरह से करें स्टोर
- सही नींबू के चुनाव के साथ-साथ नींबू को सही तरह से रखना भी जरूरी होता है। इसके लिए इन टिप्स को जरूर अपनाएं।
- नींबू को रूम टेम्प्रेचर पर ही रखा जा सकता है। इस तरह से आप 7 दिन तक नींबू का इस्तेमाल कर सकती हैं।
- वहीं अगर आप कई हफ्तों तक नींबू का इस्तेमाल करना चाहती हैं तो आपको उन्हें फ्रिज के अंदर रखना चाहिए।
- कभी भी आधे कटे हुए नींबू को बहुत दिनों तक न रखें, ऐसा करने पर उसका रस सूख जाता है।
नींबू के चुनाव और रख-रखाव से जुड़ी यह जानकारी आपको अच्छी लगी हो तो इसे शेयर और लाइक जरूर करें और साथ ही इसी तरह और भी किचन हैक्स पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।