Gujiya Recipes: गुजिया की ये वैरायटीज होली का जश्न करेंगी दोगुना, मावा के बिना आएगा स्वाद

होली का त्योहार रंगों और मिठाइयों से भरा होता है और गुजिया इस मौके की सबसे खास मिठाई मानी जाती है। बगैर गुजिया के होली का पूरा असंभव है समझिए। वैसे तो आमतौर पर इसे मावा से बनाया जाता है। कई लोग सूजी भी डालते हैं और कुछ दोनों को मिक्स करके गुजिया बनाते हैं।
अब एक तरह की गुजिया तो सभी के यहां बनती है, तो क्यों न आप इसमें थोड़ा एक्सपेरिमेंट करें। अगर आप बिना मावा की नई और स्वादिष्ट गुजिया ट्राई करना चाहते हैं, तो हम आपको ट्रेडिशनल से हटकर कुछ नए फ्लेवर से रूबरू करेंगे। ठंडाई वाली गुजिया से लेकर कॉफी गुजिया तक वाले फ्लेवर्स ट्राई करें और होली का आनंद लें।
1. ठंडाई गुजिया

होली में ठंडाई तो बनती है, बस आप इसकी गुजिया बनाकर देखें। स्वाद में मसालेदार और ठंडक देने वाली यह गुजिया होली के लिए एकदम परफेक्ट मिठाई है।
आवश्यक सामग्री:
- 2 कप मैदा
- ¼ कप घी (मोयन के लिए)
- ½ कप ठंडाई पाउडर
- ½ कप नारियल का बूरा
- ¼ कप बादाम-काजू पाउडर
- ½ कप चीनी पाउडर
- ¼ चम्मच इलायची पाउडर
- दूध जरूरत अनुसार
- तलने के लिए घी या तेल
इसे भी पढ़ें: Gujiya Recipe In Hindi: होली में 3 तरह से गुजिया बनाकर लगाएं स्वाद का तड़का
ठंडाई गुजिया बनाने का तरीका-
- इसके लिए मैदा में घी मिलाकर गूंथ लें और थोड़ा फर्म आटा तैयार करें।
- एक कटोरे में ठंडाई पाउडर, नारियल का बूरा, बादाम-काजू पाउडर, इलायची और चीनी को मिलाकर मिश्रण तैयार करें।
- गुजिया के लिए आटे की छोटी लोई बनाकर बेल लें और उसमें स्टफिंग भरें।
- किनारों को पानी लगाकर बंद करें और अपनी पसंद के अनुसार डिजाइन बना लें।
- बस जबसारी गुजिया तैयार हो जाए, तो उन्हें घी में सुनहरा होने तक तलें और ठंडा करके परोसें।
2. रोज गुलकंद गुजिया
गुलकंद की मिठास और गुलाब की खुशबू वाली गुजिया जब खाएंगे, तो मेहमान भी खुद को रोक नही पाएंगे। गुलाब और गुलकंद की मिठास से भरपूर यह गुजिया मुंह में रखते ही घुल जाएगी।
आवशयक सामग्री:
- 2 कप मैदा
- ¼ कप घी
- ½ कप गुलकंद
- 2 बड़े चम्मच ड्राई रोज पेटल्स
- ¼ कप नारियल बूरा
- ¼ कप कटे हुए मेवे (बादाम, काजू, पिस्ता)
- ½ चम्मच इलायची पाउडर
- तलने के लिए घी
रोज गुलकंद गुजिया बनाने की विधि:
- पहले मैदा और घी मिलाकर आटा गूंथ लें और उसे कुछ देर रेस्टिंग के लिए रखें।
- स्टफिंग के लिए एक कटोरे में गुलकंद, सूखे गुलाब की पंखुड़ियां, मेवे, नारियल और इलायची पाउडर मिलाएं।
- अब लोई बेलकर स्टफिंग भरें और किनारे अच्छी तरह से बंद करें।
- धीमी आंच पर घी में तलें और ठंडा होने के बाद परोसें।
3. पान गुजिया

अगर आपके साजन को पान खाने का शौक है, तो आप पान की गुजिया बनाएं। यह खास गुजिया पान और मीठे मसालों की खुशबू से भरपूर होती है।
आवश्यक सामग्री:
- 2 कप मैदा
- ¼ कप घी
- 2 पान के पत्ते (बारीक कटे हुए)
- ¼ कप गुलकंद
- ¼ कप नारियल बूरा
- ¼ कप कटे हुए ड्राई फ्रूट्स
- ½ चम्मच सौंफ पाउडर
- तलने के लिए घी
पान गुजिया बनाने का तरीका:
- परात में मैदा छानें और उसमें गुनगुना घी डालकर अच्छा आटा गूंथ लें।
- स्टफिंग बनाने के लिए पान के पत्ते, गुलकंद, नारियल, ड्राई फ्रूट्स और सौंफ पाउडर एक साथ मिलाएं।
- छोटी लोइया बेलकर उसे गुजिया बनाने वाले सांचे में डालें। एक चम्मच स्टफिंग भरें और किनारे बंद करें।
- धीमी आंच पर घी या तेल में इन्हें सुनहरा होने तक तलें।
4. खजूर गुजिया
अभी रमदान चल रहा है तो आपको खजूर आसानी से मिल जाएंगे। खजूर की गुजिया प्राकृतिक मिठास भी प्रदान करेगी और सेहत के लिए भी बेहतरीन विकल्प है।
आवश्यक सामग्री:
- 2 कप मैदा
- ¼ कप घी
- ½ कप खजूर (बीज निकालकर बारीक कटे हुए)
- ¼ कप कटे हुए मेवे
- ½ चम्मच इलायची पाउडर
- 1 टेबलस्पून तिल
- तलने के लिए घी
खजूर गुजिया बनाने का तरीका-
- आटा गूंथकर उसे ढककर रख दें।
- इसके बाद स्टफिंग तैयार करें। खजूर को बारीक-बारीक काट ले और फिर मेवे, इलायची पाउडर और तिल एक साथ मिलाएं।
- अब आटे को फिर से गूंथकर उसकी लोई लें। उन्हें पूड़ी के आकार में बेलकर स्टफिंग भरें। किनारों को अच्छे से बंद करके एक प्लेट में रखें।
- एक कड़ाही में तेल गर्म करें और गुजिया को धीमी आंच पर तलकर परोसें।
इसे भी पढ़ें: Mawa Gujiya Recipe in Hindi: इस बार त्यौहार पर बनाएं मावा गुजिया, नोट करें रेसिपी
5. कॉफी गुजिया

कॉफी प्रेमियों के लिए यह गुजिया एक नया और अनोखा स्वाद लेकर आती है। अगर आपके दोस्तों को कॉफी बहुत ज्यादा पसंद है, तो एक-एक गुजिया उनके नाम बनाइए।
आवश्यक सामग्री:
- 2 कप मैदा
- ¼ कप घी
- 1 टेबलस्पून इंस्टेंट कॉफी पाउडर
- ½ कप नारियल बूरा
- ¼ कप कटे हुए मेवे
- ¼ कप चीनी पाउडर
- 1 टेबलस्पून चॉकलेट चिप्स
- तलने के लिए तेल
कॉफी गुजिया बनाने की विधि:
- मैदा छानें और उसमें घी डालकर मिलाएं।
- स्टफिंग के लिए कॉफी पाउडर, नारियल, मेवे, चीनी और चॉकलेट चिप्स मिलाएं।
- बेलकर स्टफिंग भरें और किनारे सील करें। धीमी आंच पर गुजिया तलकर परोसें।
इस होली पर इन अनोखी गुजिया को जरूर ट्राई करें। आपको कौन-सी गुजिया सबसे ज्यादा पसंद आई? कमेंट में बताएं! हमें उम्मीद है यह लेख आपको पसंद आया होगा। इसे लाइक करें और फेसबुक पर शेयर करना न भूलें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।