सुबह-सुबह पेशाब का रंग पीला क्यों होता है?
क्या सुबह पीला पेशाब आना नॉर्मल होता है?
पीला पेशाब आना किसका लक्षण है?
क्या आपके मन में भी ऐसे ही सवाल आते हैं? यह आर्टिकल आपके लिए ही है! हम आपको बताएंगे कि सुबह का सबसे पहला पेशाब पीला क्यों होता है और यह कब चिंता का कारण बन सकता है? इसके बारे में हमें Dr. Siddharth Jain बता रहे हैं।
सुबह पेशाब पीला क्यों होता है?
सुबह के समय पेशाब का ज्यादा पीला दिखना नॉर्मल है। ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि जब आप रात को सो रहे होते हैं, तब आप लिक्विड नहीं पीते हैं। इसके बावजूद, किडनी ब्लड को फिल्टर करना और शरीर से टॉक्सिंस को बाहर निकालने का काम लगातार करती रहती हैं। इस प्रोसेस के दौरान, रात-भर में पेशाब अधिक गाढ़ा हो जाता है, जिससे सुबह वह गहरा पीला दिखाई देता है। यह एक नेचुरल प्रोसेस है।
जैसे-जैसे दिन चढ़ता है और आप पानी या अन्य लिक्विड पीती रहती हैं, आपका शरीर हाइड्रेट होता जाता है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से पेशाब पतला होता है और उसका रंग नेचुरली हल्का होने लगता है। आप खुद महसूस कर सकते हैं कि दिन-भर में आप जितना ज्यादा पानी पिएंगे, आपके पेशाब का रंग उतना ही साफ होता जाएगा।
इसे जरूर पढ़ें: यूरिन में नजर आने वाले ये संकेत नहीं हैं नॉर्मल! नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी
पेशाब के रंग पर असर डालने वाले अन्य कारक
पेशाब के रंग पर सिर्फ हाइड्रेशन ही नहीं, बल्कि कई अन्य चीजों का भी असर होता है। यह जानना जरूरी है कि क्या नॉर्मल है और कब आपको चिंता करनी चाहिए।
- डाइट और ड्रिंक्स: आपने क्या खाया या पिया है, इसका सीधा असर आपके पेशाब के रंग पर पड़ सकता है। कुछ फूड्स या ड्रिंक्स, जैसे चुकंदर, जामुन या गाजर, पेशाब के रंग को टेम्पररी बदल सकते हैं। उदाहरण के लिए, चुकंदर खाने के बाद पेशाब गुलाबी या लाल दिख सकता है।
- विटामिन सप्लीमेंट्स: विटामिन, खासकर विटामिन-बी बड़ा कारण हो सकता है, जो पेशाब के रंग पर असर डालता है। यदि आप विटामिन-बी सप्लीमेंट लेते हैं, तो आप अक्सर देखेंगे कि आपका पेशाब चमकीले पीले या कभी-कभी फ्लोरोसेंट पीले रंग का हो जाता है। यह पूरी तरह से नॉर्मल है, क्योंकि शरीर अतिरिक्त विटामिन को बाहर निकाल देता है, जिसकी उसे तुरंत जरूरत नहीं होती है। यह आपके शरीर द्वारा विटामिन को सही तरीके से अवशोषित करने का संकेत है।
- दवाएं: कुछ दवाएं भी पेशाब के रंग में बदलाव ला सकती हैं। यदि आप कोई नई दवा लेना शुरू करते हैं और आपके पेशाब का रंग बदलता है, तो यह उस दवा का साइड इफेक्ट हो सकता है। ऐसे में डॉक्टर से बात करें।
इसे जरूर पढ़ें: रुक-रुक कर पास होता है यूरिन? इन बीमारियों का हो सकता है संकेत
पेशाब का पीला कब चिंता का कारण बन सकता है?
हालांकि, सुबह के पेशाब का पीला होना नॉर्मल है, लेकिन कुछ कंडीशन ऐसी होती हैं, जब आपको डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
- यदि आपका सुबह का पेशाब बहुत गहरा या नारंगी रहता है, तब भी जब आप अच्छी तरह से हाइड्रेटेड हों और पर्याप्त पानी पी रहे हों, तो यह चिंता का विषय हो सकता है। यह शरीर में मौजूद किसी बीमारी का संकेत हो सकता है।
- अन्य लक्षणों के साथ रंग में बदलाव: इसके अलावा, यदि आप पेशाब के रंग में बदलाव के साथ-साथ अन्य लक्षणों को भी नोटिस करते हैं, तो यह और भी जरूरी हो जाता है कि आप बिना देर किए डॉक्टर के पास जाएं। इन लक्षणों में शामिल हैं:
- पेशाब करते समय दर्द या जलन: यह यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन या अन्य इन्फेक्शन का संकेत हो सकता है।
- बार-बार पेशाब आना: खासकर अगर आपको नॉर्मल से ज्यादा बार पेशाब आ रहा हो और साथ में अन्य लक्षण भी हों।
- पेट के निचले हिस्से में दर्द: यह किडनी, ब्लैडर या रिप्रोडक्टिव अंगों से जुड़ी समस्या का संकेत हो सकता है।
- बुखार: इंफेक्शन का नॉर्मल लक्षण।
- मतली या उल्टी: गंभीर डिहाइड्रेशन या किसी इंफेक्शन का संकेत।
- पेशाब में ब्लड दिखना: जो लाल या गुलाबी दिख सकता है, यह किसी बीमारी का संकेत हो सकता है, जैसे किडनी स्टोन, UTI या अन्य गंभीर बीमारियां।
- तेज बदबू वाला पेशाब: असामान्य या तेज गंध अक्सर इंफेक्शन का संकेत होती है।
- त्वचा या आंखों का पीला पड़ना : यह लिवर की गंभीर समस्या का संकेत है।

शरीर के संकेतों को समझना बेहद जरूरी होता है। इनमें से कोई भी लक्षण दिखने पर बिना देर किए डॉक्टर के पास जाएं। क्या आपके मन में पेशाब के रंग से जुड़े कोई और सवाल हैं? हमें आर्टिकल के ऊपर दिए गए कमेंट बॉक्स में बताएं। हम अपने आर्टिकल्स के जरिए आपकी समस्या को हल करने की कोशिश करेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: Freepik & Shutterstock
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों