अगर आप उन लोगों में से हैं, जिनके पेट में अक्सर गैस बनती हैं और उससे बचने या निजात पाने के लिए आपने खाली पेट गैस की गोली लेना शुरू कर दिया है, तो समझ लीजिए कि आप अपने शरीर के साथ खिलवाड़ कर रही हैं। लंबे समय तक गैस की गोली लेना शरीर को कई तरह से नुकसान पहुंचा सकता है। इस बारे में डॉ. सुरक्षित टी.के., सीनियर कंसल्टेंट - गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी और हेपेटोलॉजी, फोर्टिस एस्कॉर्ट्स, ओखला जानकारी दे रहे हैं।
कभी-कभार पेट में गैस होने पर गैस की गोली लेने में कोई बुराई नहीं है लेकिन लंबे समय तक गैस की गोली खाना शरीर को खोखला कर सकता है। आमतौर पर एसिडिटी, गैस और एसिड रिफ्लक्स जैसी दिक्कतों से तुरंत राहत पाने के लिए गैस की गोली का इस्तेमाल किया जाता है। कई बार कुछ दवाईयों के साइड-इफेक्ट के कारण पेट में गैस बनती है और इसे कम करने के लिए डॉक्टर खाली पेट गैस की गोली लेने की सलाह देते हैं। यह गोली पेट के एसिड को न्यूट्रलाइज करती है और इसके प्रभाव से जलन, अपच, या पेट दर्द में आराम मिलता है। लेकिन, क्या आप जानती हैं कि लंबे समय तक गैस की गोली लेने से शरीर में क्या होता है, चलिए इस बारे में एक्सपर्ट से जानते हैं।
लंबे समय तक गैस की गोली लेने से शरीर में क्या होता है?
- अगर आप लंबे वक्त तक गैस की गोली लेती हैं, तो इससे शरीर में जरूरी न्यूट्रिएंट्स की कमी हो सकती है। गैस की गोली में कैल्शियम, मैग्नीशियम और एल्युमिनियम जैसे तत्व होते हैं, जो शरीर में अन्य पोषक तत्वों के अवशोषण को प्रभावित कर सकते हैं।
- इससे विशेष रूप से विटामिन-बी12, आयरन और कैल्शियम की कमी हो सकती है, जिससे हड्डियों की कमजोरी, खून में हीमोग्लोबिन की कमी और अन्य कई दिक्कतें हो सकती हैं।
- एक्सपर्ट का कहना है कि अगर इन गोलियों का लंबे समय तक सेवन किया जाता है, तो यह किडनी पर दबाव डाल सकता है। खासकर अगर किसी को पहले से किडनी से जुड़ी कोई दिक्कत है, तो इनका सेवन और नुकसान पहुंचा सकता है। इससे किडनी स्टोन बनने या किडनी फेलियर जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं।
- गैस की गोली पेट के एसिड को न्यूट्रलाइज करने का काम करती है। लेकिन, जब इसका अधिक सेवन किया जाता है, तो पेट के नेचुरल एसिड का बैलेंस बिगड़ सकता है। इससे पाचन तंत्र में असंतुलन पैदा हो सकता है और पेट में गैस, सूजन, या अपच की समस्या बढ़ सकती है।
- गैस की गोलियां, शरीर में कैल्शियम के अब्जॉर्बशन पर असर डालती हैं, जिससे हड्डियां कमजोर हो सकती हैं और फ्रैक्चर का खतरा बढ़ सकता है।
यह भी पढ़ें-Dil Se Indian: पेट की गैस और ब्लोटिंग दूर करने लिए सुबह खाली पेट पिएं यह चाय
- बार-बार इन गोलियों का सेवन करने से शरीर में इनका प्रभाव कम हो सकता है, जिससे व्यक्ति को और अधिक गोली की आवश्यकता महसूस होती है, जिससे दवा पर निर्भरता बढ़ सकती है।
- गैस की गोलियों का सेवन डॉक्टर की सलाह से और केवल जरूरत पड़ने पर ही करना चाहिए। इनका अधिक उपयोग शरीर के लिए हानिकारक हो सकता है।
यह भी पढ़ें- पेट में जब बनने लगे गैस का गुब्बारा, तो गुनगुने पानी के साथ फांक लीजिए नानी मां का यह देसी चूर्ण
एक्सपर्ट का कहना है कि लंबे समय तक गैस की गोली लेना शरीर के लिए सही नहीं है। अगर आपको स्वास्थ्य से जुड़ी कोई समस्या है, तो हमें आर्टिकल के ऊपर दिए गए कमेंट बॉक्स में बताएं। हम अपने आर्टिकल्स के जरिए आपकी समस्या को हल करने की कोशिश करेंगे।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit:Freepik, Shutterstock
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों