होने वाली है डायबिटीज तो शरीर देता है ये संकेत, स्किन पर दिखते हैं ये लक्षण

हमारे शरीर में अगर कोई बड़ी बीमारी लगने वाली है तो उसका असर सबसे पहले स्किन पर जरूर दिखता है। स्किन के बदलाव हमें ये बताते हैं कि हमारी जिंदगी में क्या उतार-चढ़ाव आने वाले हैं। स्किन हमारे शरीर का सबसे बड़ा अंग होती है और अगर उस अंग पर कुछ हो रहा है तो उसे हमेशा नजरअंदाज़ करना ठीक भी नहीं है। ऐसे में डायबिटीज जैसा रोग जो इतना आम है, लेकिन उतना ही ज्यादा खतरनाक है उसे ठीक करना कितना मुश्किल हो जाएगा।
डायबिटीज की बीमारी अगर हो रही है या होने वाली है तो स्किन में किस तरह के बदलाव दिखते हैं और कैसे हमारी स्किन हमें ये बता सकती है कि हमें सतर्क हो जाना चाहिए ये जानने के लिए हमने डायटीशियन और होलिस्टिक न्यूट्रिशनिस्ट और डाइट पोडियम की फाउंडर शिखा महाजन से बात की। शिखा जी ने हमें बहुत सारे प्वाइंट्स बताए जिनपर ध्यान रखना जरूरी है।
शिखा महाजन का कहना है कि अगर आपकी स्किन में बदलाव हो रहे हैं तो इसके दो कारण हो सकते हैं-
1. आपको डायबिटीज है या प्री-डायबिटीज स्टेज पर आप हैं, लेकिन इसका डायग्नोसिस नहीं हुआ है।
2. आपको अपना डायबिटीज ट्रीटमेंट बदलने की जरूरत है।
इसे जरूर पढ़ें- शुरू हो रही है लिवर की बीमारी तो आपका शरीर आपको देता है ये संकेत
तो अब बात करते हैं उन सभी लक्षणों की जो डायबिटीज के कारण स्किन पर दिखना शुरू हो जाते हैं-
1. स्किन पर पीले, लाल या भूरे चकत्ते (पैच) पड़ जाना-
आपकी स्किन पर पीले, लाल या भूरे पैच पड़ सकते हैं जो नॉर्मल पिंपल की तरह या रैश की तरह दिख सकते हैं। छोटे-छोटे दाने उभर आते हैं और ये दिखने लगते हैं। ये पिंपल्स उसके बाद धीरे-धीरे फूलते जाते हैं और स्किन का पैच सख्त होता जाता है। आपको ये भी दिखेगा कि पैच के आस-पास की स्किन थोड़ी सी चमक रही है। ये स्किन कंडीशन कई फेज में आती है जिसमें एक्टिविटी, इनएक्टिविटी, फिर से उभर जाना जैसे फेज होते हैं।
2. डार्क स्किन एरिया जो वेलवेट की तरह दिखता है-
आपकी स्किन में असर दिखना शुरू हो जाएगा अगर आपके खून में इंसुलिन की मात्रा ज्यादा है तो। काले पैच या बैंड या स्किन गर्दन के पीछे, अंडरआर्म्स में, प्राइवेट पार्ट्स या किसी अन्य जगह पर हो सकती है। ये प्री-डायबिटीज का एक बहुत ही आम लक्षण है।
3. सख्त, मोटी होती स्किन-
आपके हाथों में आप देखेंगे कि स्किन टाइट हो रही है और वैक्सी टेक्सचर होता जा रहा है। ये स्किन का मोटा होना धीरे-धीरे चेहरे, कंधों और सीने पर भी होगा। कुछ रेयर मामलों में घुटनों, एड़ियों और कोहनियों की स्किन भी मोटी होने लगेगी। ऐसे में पैर सीधा करना, हाथों को मोड़ना भी मुश्किल होने लगेगा। आपकी स्किन का रंग भी इस दौरान बदलने लगेगा।
4. स्किन इन्फेक्शन्स-
डायबिटीज के मरीजों को स्किन इन्फेक्शन्स बहुत जल्दी हो जाते हैं और आप देखेंगे कि उन्हें इनमें से कोई एक स्किन इन्फेक्शन जरूर हो रहा है जैसे स्किन गर्म लगती है, सूजी हुई लगती है, स्किन में दर्द होता है, स्किन का ड्राई होना, व्हाइट डिस्चार्ज आदि समस्याएं होती हैं जो शरीर में कहीं भी हो सकती हैं। स्किन इन्फेक्शन पैरों की उंगलियों और नाखूनों के आस-पास हो सकता है और स्कैल्प की समस्या भी बन सकता है।
इसे जरूर पढ़ें- शुरू हो रही है किडनी की बीमारी तो आपका शरीर आपको देता है ये संकेत
5. घाव और नासूर-
अगर हमने शुरुआती चीज़ों को नजरअंदाज़ कर दिया तो ब्लड शुगर (ग्लूकोज) लेवल शरीर में बहुत ज्यादा बढ़ जाते हैं और ये सर्कुलेशन को डैमेज करने लगते हैं। ये कई नसों को भी डैमेज कर देते हैं और अगर इन्हें सही समय पर कंट्रोल नहीं किया गया तो लंबे समय तक रहने वाली डायबिटीज आपके शरीर में नासूर, घाव आदि बना देगी।
6. काले चकत्ते (शिन स्पॉट्स)-
स्किन की समस्या बहुत बड़ी हो जाती है अगर आपने अपनी डायबिटीज पर ध्यान नहीं दिया तो। स्किन में सेल्युलाइट्स पड़ने लगते हैं और धीरे-धीरे काले चकत्ते दिखने लगते हैं। डायबिटीज के मरीजों को इस तरह के शिन स्पॉट्स बहुत ज्यादा दिखाई देते हैं। ये हाथ, पैर, पीठ आदि कहीं भी हो सकते हैं। हालांकि, अधिकतर ये हाथ, पैर पर ही होते हैं।
अगर आपको ये सारी समस्याएं दिख रही हैं तो आपको तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। डॉक्टर ही आपके डायबिटीज लेवल को देखकर ये बता सकता है कि आपकी समस्या कितनी बड़ी है।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।