दिनभर की भागदौड़, काम का दबाव और डिजिटल थकान जब नींद को निगल जाए, तब सुकून भरी रात किसी सपने से कम नहीं लगती। आप बिस्तर पर लेटी रहती हैं, आंखें बंद करती हैं, लेकिन दिमाग भागता रहता है। कल की मीटिंग, घर के काम, रिश्तों की उलझनें और खुद से भी सवाल अक्सर तैरते रहते हैं। क्या इसका कोई हल है? ऐसे में योग महिलाओं की थकान मिटाने का काम कर सकता है। ऐसे कई योगासन हैं, जो स्ट्रेस को कम करके नींद की कमी को पूरा करने में मदद कर सकते हैं।
के जे सोमैया धर्म अध्ययन संस्थान, सोमैया विद्याविहार विश्वविद्यालय, मुंबई की निदेशक सुश्री पल्लवी नलावडे-जम्भाले ऐसे योगासनों के बारे में बताती हैं, जो स्ट्रेस को खत्म करके अच्छी नींद पाने में मदद कर सकते हैं।
इन योगासनों की खास बात ये है कि इन्हें आप अपने बिस्तर पर ही कर सकती हैं और वो भी बिना किसी योगा मैट या भारी-भरकम प्रैक्टिस के। बस 10 मिनट, 3 आसन और फिर आपको एकदम बच्चे जैसी नींद आएगी, जो गहरी और सुकूनभरी होगी।
1. अर्ध पवनमुक्तासन (Ardha Pavanmuktasana):
इस आसन का नाम ही बताता है कि यह शरीर से 'वात' यानी गैस और तनाव को मुक्त करता है। इसे करने के लिए बिस्तर पर पीठ के बल लेट जाएं। अब धीरे-धीरे दाहिने पैर को घुटने से मोड़कर अपनी छाती की ओर लाएं और दोनों हाथों से जांघ को पकड़ लें। इस स्थिति में 30 सेकंड तक रहें और फिर धीरे-धीरे पैर सीधा करें। अब यही प्रक्रिया बाएं पैर से दोहराएं।
क्या हैं इसके फायदे:
- पीठ और कूल्हों में तनाव घर कर जाता है, यह आसन उस तनाव को कम करता है।
- रात में खाना खाने के बाद उसे पचाने में अगर आप स्ट्रगल करती हैं, तो यह आसन उसे डाजेस्ट करने में आसान बनाता है। इससे नींद में बाधा नहीं आती।
- लंबे समय तक खड़े रहने या बैठने से आई अकड़न को शांत करता है। बिस्तर पर करते ही आपको हल्कापन और रिलैक्सेशन महसूस होता है।
2. पश्चिमोत्तानासन (Paschimottanasana):
अब बिस्तर पर बैठ जाएं, दोनों पैर सामने की ओर सीधे फैलाएं। सांस लेते हुए हाथों को ऊपर उठाएं और फिर सांस छोड़ते हुए धीरे-धीरे आगे की ओर झुकें, कोशिश करें कि हाथ पैर की उंगलियों तक पहुंचे। बस खिंचाव का जोर न डालें, जितना आराम से झुक सकें, उतना ही काफी है।
क्या हैं इसके फायदे:
- मेरुदंड को लंबा करने में मदद करता है, जिससे मानसिक तनाव दूर होता है।
- यह मुद्रा आत्मचिंतन और शांति को बढ़ावा देती है।
- सांस की गति धीमी और गहरी हो जाती है, जिससे मस्तिष्क को आराम मिलता है।
- थकान, भावनात्मक अस्थिरता और मासिक धर्म के दौरान होने वाली बेचैनी को भी दूर करता है।
3. सुप्त बद्ध कोणासन (Supta Baddha Konasana ):
यह सबसे अधिक आरामदायक मुद्रा है। इसे करने के लिए पीठ के बल लेट जाएं, फिर दोनों पैरों के तलवों को आपस में मिलाकर घुटनों को दोनों ओर ढीला छोड़ दें। चाहें तो दोनों घुटनों के नीचे तकिया रख सकती हैं ताकि सपोर्ट मिले। अब दोनों हाथों को शरीर से थोड़ी दूरी पर फैलाकर आराम से रखें और आंखें बंद कर लें।
क्या हैं इसके फायदे:
- कूल्हों को खोलने में मदद करता है, जिससे तनाव और थकावट दूर होती है।
- अगर आपको पीरियड पेन होता है या अक्सर मानसिक रूप से थका हुआ फील करती हैं, तो यह आसन आपको आराम दिला सकता है।
- आपको फोकस करने में आसानी होती है, जिससे दिमाग शांत और स्थिर होता है और नींद अच्छी आती है।
- यह स्थिति शरीर को 'रेस्ट एंड डाइजेस्ट' मोड में लाने में मदद करती है, जो गहरी नींद के लिए जरूरी है।
बस ध्यान रखें कि हर आसन के दौरान अपनी सांस को सामान्य और गहरा बनाए रखें। नियमित रूप से इन योगासनों को अपनाने से न केवल नींद में सुधार होगा, बल्कि आपकी मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य भी बेहतर होगी।
तो अब जब अगली बार नींद न आए, तो नींद की गोली की जगह इन 3 योगासनों को आजमाएं और फिर देखिए, कैसे आप भी बच्चे की तरह मुस्कुराते हुए सो जाती हैं।
हमें उम्मीद है कि यह लेख आपको पसंद आया होगा। इसे लाइक करें और फेसबुक पर शेयर करन न भूलें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: Freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों