फैटी लिवर की समस्या से पाना है छुटकारा तो अपने आहार में शामिल कर लें ये चीजें

फैटी लिवर की समस्या गलत खानपान के कारण पेश आती है। ऐसे में इससे निजात के लिए खान-पान में उचित परिवर्तन जरूरी है और इसके लिए आपको कुछ विशेष खाद्य पदार्थों को अपने आहार में शामिल करना होगा।

 
foods to cure fatty liver problem

आधुनिक जीवनशैली में जिस तरह से खान-पान का चलन पूरी तरह से बदल चुका है, उसका सबसे अधिक प्रभाव हमारी सेहत पर पड़ा है। खासतौर पर फास्ट फूड के इस दौर में पेट और लिवर की समस्याएं आम हो चुकी हैं। जैसे कि फैटी लिवर की समस्या तेजी से लोगों में बढ़ रही है और इसकी सबसे बड़ी वजह असंतुलित आहार है। ऐसे में लिवर की समस्याओं से राहत के लिए खान-पान का ध्यान रखना बेहद जरूरी हो जाता है।

इस आर्टिकल में आपको कुछ ऐसे खाद्य पदार्थों के बारे में बता रहे हैं, जिसके सेवन से फैटी लिवर की समस्या से काफी हद तक राहत पाई जा सकती है।दरअसल, इस बारे में हमने लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के डॉ. सतीश कुमार से बात की और उनसे मिली जानकारी यहां आपके साथ शेयर कर रहे हैं।

हमारे हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. सतीश कुमार कहते हैं कि लिवर हमारे शरीर का बेहद महत्वपूर्ण अंग है जो पाचन से लेकर उत्सर्जन की प्रकिया में अहम भूमिका निभाता है। वैसे तो यह अंग 500 से अधिक कार्य करता है, पर विशेष तौर पर इसका कार्य पाचन प्रणाली से जुड़ा होता है। ऐसे में आहार के रूप में लिए गए खाद्य पदार्थ लिवर को काफी हद तक प्रभावित करते हैं, जैसे कि खराब खान-पान का लिवर पर काफी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है तो वहीं संतुलित भोजन लिवर की सेहत में सुधार लाता है।

क्यों होती है फैटी लिवर की समस्या ?

बात करें फैटी लिवर की तो लिवर में अतिरिक्त फैट जमा होने की स्थिति, फैटी लिवर की समस्या के रूप में जाना जाती है, जोकि गलत खानपान के कारण पेश आती है। इसमें भी दो तरह की समस्याएं लोगों को पेश आती हैं, पहली 'एल्कोहॉलिक फैटी लिवर' की जो कि अल्कोहल के अधिक सेवन के कारण होती है। वहीं दूसरी है 'नॉन एल्कोहॉलिक फैटी लिवर' जो असंतुलित आहार के कारण उत्पन्न होती है। इसके अलावा नॉन एल्कोहॉलिक फैटी लिवर की समस्या मोटापा और मधुमेह की वजह से भी हो सकती है। \

what is fatty liver

वैसे देखा जाए तो दोनों ही वजहों से होने वाली फैटी लिवर की समस्या अपने आप में बेहद गंभीर है, जो आगे चलकर लिवर में सूजन, लिवर सिरोसिस, लिवर कैंसर या लिवर फेलियर की वजह बन सकती है। ऐसे में समय रहते ही इसकी पहचान और उचित ट्रीटमेंट जरूरी है। इसकी पहचान आप कुछ लक्षणों से कर सकते हैं जैसे कि लिवर में फैट बढ़ने के कारण पेट की दाहिनी ओर दर्द का अनुभव हो सकता है। वहीं इसके सामान्य लक्षणों में शारीरिक थकान, जी मिचलाना और भूख न लगना है।

निजात के लिए करें आहार में परिवर्तन

ऐसे किसी भी लक्षण के शरीर में दिखने के साथ ही आपको किसी लिवर रोग विशेषज्ञ (हेपेटोलॉजिस्ट) से संपर्क करना चाहिए, जो उचित जांच के जरिए शरीर में फैटी लिवर की वास्तविक स्थिति के बारे में आपको बताएंगे। वैसे देखा जाए तो फैटी लिवर की समस्या का कोई निश्चित इलाज वर्तमान समय में उपलब्ध नहीं है, बल्कि इसके लिए डॉक्टर आपको आहार में उचित परिवर्तन, मधुमेह पर नियंत्रण और वजन कम करने की परामर्श देते हैं।

खासकर फैटी लिवर पर नियंत्रण दिलाने में आहार की अहम भूमिका होती है और इसलिए आहार में कुछ चीजों को शामिल करना जरूरी है। चलिए अब उन खाद्य पदार्थों के बारे में जान लेते हैं, जिनके सेवन से फैटी लिवर की समस्या को नियंत्रित किया जा सकता है।

लहसुन

garlic for fatty liver problem

फैटी लिवर की समस्या में लहसुन का सेवन काफी लाभकारी होता है। असल में एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर लहसुन का सेवन शरीर में जमा गंदगी और वसा को बाहर निकालने में मददगार होता है। ऐसे में फैटी लिवर की समस्या से पीड़ित व्यक्ति को रोजाना लहसुन की कुछ कलियां खाने की सलाह दी जाती है।

ब्रोकली

Broccoli for fatty liver

ब्रोकली का सेवन लिवर की सेहत के लिए फायदेमंद होता है। दरअसल, इसके सेवन से लिवर के एंजाइम के स्तर में कमी आती है और इससे नॉन-अल्कोहलिक फैटी लीवर की समस्या में काफी हद तक राहत मिलती है।

पालक

spinach for fatty liver

फैटी लिवर की समस्या से निजात में पालक का सेवन भी असरदार होता है। इसमें पाए जाने वाले हाई एंटीऑक्सीडेंट और पॉलीफेनोल्स शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में सहायक होते हैं। ऐसे में फैटी लिवर के मरीज को पालक के सेवन की सलाह दी जाती है।

कॉफी

Coffee for fatty liver

कॉफी का सेवन भी लिवर से जुड़ी समस्याओं के लिए लाभकारी माना जाता है। असल में जब शरीर में कैफीन पचता है तो इससे पैराक्सैन्थिन नामक रसायन बनाता है, जो कि फैटी लिवर को कम करने में सहायक होता है।

सिट्रस फल

citrus fruits for fatty liver

लिवर को स्वस्थ रखने में संतरा, अंगूर, नींबू, कीनू जैसे सिट्रस फलों का सेवन काफी हद तक लाभकारी माना जाता है। दरअसल, इन फलों में पाए जाने वाला विटामिन सी लिवर में फैट के जमा होने से रोकता है। इसके अलावा इनमें प्रचुर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट्स पाया जाता है जो शरीर में जमा गंदगी को बाहर निकालने में मददगार होता है।

इस तरह के खाद्य पदार्थों के सेवन से आप फैटी लिवर की समस्या को बढ़ने से रोका जा सकता है और काफी हद तक इसको नियंत्रित भी किया जा सकता है। उम्मीद करते हैं कि सेहत से जुड़ी यह जानकारी आपके लिए उपयोगी साबित होगी और अगर यह जानकारी आपको अच्छी लगी हो तो इसे अपने दोस्तों और परिचितों के साथ शेयर करना न भूलें। साथ ही अपनी राय हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं।

यह भी पढ़ें- फैटी लिवर बीमारी से जुड़ी यह चार बातें जरूर जानें

आपकी राय हमारे लिए महत्वपूर्ण है! हमारे इस रीडर सर्वे को भरने के लिए थोड़ा समय जरूर निकालें। इससे हमें आपकी प्राथमिकताओं को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी। यहां क्लिक करें

Image Credit:Freepik

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP