सफाई से लेकर बिना चिपके डोसा बनाने तक, लोहे के बर्तनों से जुड़े ये 10 हैक्स आएंगे आपके काम

लोहे के बर्तन में खाना बनाना काफी ज्यादा फायदेमंद साबित होता है। ये न सिर्फ सेहत के लिए अच्छा है बल्कि इसे लेकर कहा जा सकता है कि कुछ चीज़ों का स्वाद हमेशा लोहे के बर्तन में ही आता है। लोहे के बर्तन में खाना फायदेमंद है ये सब जानते हैं, लेकिन इससे जुड़ी मेंटेनेंस की मेहनत और अलग-अलग तरह की परेशानियों के कारण कई लोग इसे इस्तेमाल करने से बचना चाहते हैं। लोहे के बर्तनों में आप कई चीजें बना सकती हैं और ये सालों साल चल सकता है।
मीट, मछली, अंडे बनाने से लेकर शुद्ध शाकाहारी खाने तक सब कुछ अगर आप एक ही बर्तन में बना सकते हैं तो उससे जुड़े कुछ हैक्स भी आपको पता होने चाहिए। तो चलिए आज आपको हम लोहे के बर्तनों के बारे में कुछ जानकारी देते हैं, ये हैक्स आपके रोजाना के काम को काफी आसान बना देंगे।
1. पहली बार लोहे के बर्तन को कैसे धोएं?
लोहे के बर्तन को अगर ज्यादा साबुन से रगड़ा जाए तो ये जल्दी खराब हो जाता है और इसमें जंग लग जाती है। इसलिए इसे सिर्फ गर्म पानी डालकर धोएं और अगर बहुत ज्यादा गंदा है तो थोड़ा सा लिक्विड सोप यूज करें। लेकिन इसे गीला न छोड़ें वर्ना जंग लग जाएगी। इसे किसी सूखे कपड़े से साफ करके थोड़ा सा कुकिंग ऑयल इसमें लगा दें। ये तरीका आपके लोहे के बर्तन की शेल्फ लाइफ को और भी ज्यादा बढ़ा देगा। हां, इसमें तेल हर वॉश के बाद लगाना जरूरी होता है।

इसे जरूर पढ़ें- लोहे के बर्तन में बना रहे हैं खाना तो संजीव कपूर के ये दो टिप्स हमेशा रखें याद
2. लोहे के तवे पर कैसे बनाएं डोसा ताकि वो चिपके नहीं?
अगर आप लोहे का तवा इस्तेमाल कर रही हैं तो कोई भी चीज़ जैसे डोसा या चीला आदि बनाते समय उसमें पहले आधा प्याज काटकर उसे तेल में डुबोकर इसमें रगड़ दें, इस समय तवा थोड़ा गर्म होना चाहिए। इसके अलावा, आप तवे को गर्म करके उसमें थोड़ा सा नमक छिड़क कर उसे कपड़े से पोंछ कर थोड़ा तेल लगा सकते हैं। इसके बाद दोबारा उसे गैस पर चढ़ा दें।
3. लोहे के तवे या कढ़ाही को कैसे बनाएं नॉन-स्टिक?
अगर आपको लोहे के तवे या कढ़ाही को नॉन स्टिक बनाना है तो आप उसके लिए आप ब्रेड में थोड़ा सा तेल लेकर उस तवे पर रगड़ दें। ऐसा ही कढ़ाही के साथ भी किया जा सकता है, यहां प्याज वाले हैक से अलग ये बात है कि आपको ब्रेड में सिर्फ 2-3 बूंद तेल ही लगेगा। आपको बस ग्रीस या तेल पूरे तवे पर फैलाना है। इसी के साथ, हर बार डोसा या कुछ सूखा बनाने के बाद एक माइक्रोफाइबर कपड़े से उसे पोंछ लें।

4. देसी स्टाइल पैन पिज्जा लोहे के स्किलेट या कढ़ाही में कैसे बनाएं?
लोहे के बर्तन हीट को आसानी से रिटेन कर लेते हैं और इसलिए ये जरूरी है कि आप अपने लोहे के बर्तनों को ठीक से हीट करें। आपको बस करना ये है कि कोई ढक्कन लगाकर लोहे के तवे को पहले 10 मिनट गर्म कर लें। इसे ग्रीस करना न भूलें और आपको अगर प्याज की बदबू आने का डर है तो आप ब्रेड से अपने तवे को सीजन करें और इसे गर्म करने के बाद इसमें पिज्जा बेस डालें। ये पूरी तरह से ओवन का काम करेगा। हां, आपका पिज्जा काफी जल्दी पक जाएगा तो ध्यान रखें कि ये जले नहीं। चाहें तो थोड़ा तेल और लगा लें।
5. मसाले रोस्ट करने के लिए कैसे इस्तेमाल करें लोहे का तवा?
कई मसालों को ड्राई रोस्ट करने की जरूरत होती है, लेकिन लोहे के बर्तनों में हमेशा तेल लगा होता है। ऐसे में ये जरूरी है कि आपको इसे रोस्ट करने का तरीका पता हो। आपको करना ये है कि पहले तवे पर सूखा ब्रेड फेर लेना है। यानी इस बार ब्रेड में तेल नहीं होगा। ऐसे में ब्रेड पहले से लगे तेल को सोख लेगी और आप आसानी से मसालों को ड्राई रोस्ट कर पाएंगे।

6. अगर लोहे के बर्तन में जला हुआ खाना है तो क्या करें?
अगर लोहे के बर्तन में जला हुआ खाना है तो उसे साफ करने के लिए नमक का इस्तेमाल करें। आपको थोड़े से ऑयल के साथ नमक मिलाकर इसे स्क्रब करना होगा। देखिए लोहे के बर्तनों को अगर आप नॉर्मल बर्तन की तरह साफ करेंगे तो वो जल्दी खराब होंगे। इसलिए तेल ज्यादा लगाकर उसे रगड़ें और फिर धोना है तो उसे लिक्विड सोप वाले पानी से बस निकाल लें। इसे साबुन से बिल्कुल न रगड़ें और हमेशा पोंछकर ही सुखाएं।
7. लोहे के बर्तनों की मेंटेनेंस कैसे करें?
लोहे के बर्तनों की मेंटेनेंस के लिए आप उसे रोज़ाना सादे पानी से साफ जरूर करें। ऐसा इसलिए क्योंकि हमेशा तेल लगा होने के कारण इसमें धूल-मिट्टी के साथ कुछ कीड़े-मकोड़े भी आ जाते हैं और ऐसे में रोज़ाना आप इसे सादे पानी या गुनगुने पानी से साफ जरूर करें।

8. किस तरह की कर्छी इस्तेमाल की जाए?
लोहे के बर्तनों के लिए आप स्टील या फिर लोहे की कर्छी ही इस्तेमाल करें। एल्यूमीनियम या नॉन स्टिक लकड़ी या प्लास्टिक की कर्छी से बचें क्योंकि ये ज्यादा गर्म होकर खराब होने लगेगी। लोहे के बर्तनों का तापमान काफी बढ़ जाता है और ऐसे में ये जरूरी है कि आप सावधानी रखें।
इसे जरूर पढ़ें- अपनी लोहे की कढ़ाही की ऐसे करें सफाई और मेंटेनेंस
9. लोहे के बर्तनों में तेल कितना इस्तेमाल करें?
अगर आपका लोहे का बर्तन पूरी तरह से कास्ट है यानी उसमें पहले से ही तेल है और अब उसमें जंग नहीं लगती है तो पकाने के लिए एक या दो छोटी चम्मच तेल से ज्यादा नहीं लगेगा। अगर आपको इसका प्रोसेस नहीं आता है तो बेहतर होगा कि आप बाज़ार से ही सीधे कास्ट आयरन के बर्तन खरीदें। लोहे के बर्तनों में तेल कम ही इस्तेमाल करें।
10. लोहे की कढ़ाई में काला हो जाता है खाना तो क्या करें?
आयरन रिएक्शन के कारण लोहे की कढ़ाई में खाने का रंग बदला हुआ दिखता है। आपका खाना एकदम काला न दिखे इसके लिए आफ लोहे की कढ़ाई में उसे पकाएं तो जरूर, लेकिन स्टोर करने के लिए कांच, बोन चाइना या स्टील का बर्तन इस्तेमाल करनें। न ही एल्यूमीनियम, न प्लास्टिक और न ही नॉन-स्टिक।
ये सारे हैक्स आपके रोज़मर्रा के काम के लिए काफी लाभकारी साबित हो सकते हैं। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।