लोहे के बर्तन में बना रहे हैं खाना तो संजीव कपूर के ये दो टिप्स हमेशा रखें याद

खाना बनाने के कई तरीके होते हैं और हम कई तरह के बर्तनों का इस्तेमाल अपने किचन में करते हैं। किचन में अगर आप सही तरह से खाना बनाते हैं तो ये हेल्दी भी होता है और आपको परेशानी से दूर भी रखता है। जहां तक खाना पकाने वाले बर्तनों का सवाल है तो सबसे पहले मिट्टी के बर्तन और लोहे के बर्तनों में खाना पकाने को अच्छा माना जाता है। पर सवाल ये उठता है कि आखिर आप सही तरह से कैसे इनमें खाना पका सकते हैं?
लोहे के बर्तनों की बात की जाए तो अधिकतर लोगों को लगता है कि इनमें खाना बनाने से खाना काला हो जाता है और खाना जलने भी लगता है, पर ऐसा नहीं है। लोहे के बर्तनों में खाना बनाने से शरीर में आयरन की कमी को भी दूर किया जा सकता है और ये सेहत के लिए अच्छे होते हैं।
चर्चित शेफ संजीव कपूर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लोहे के बर्तनों में खाना पकाने को लेकर कुछ नियम बताए हैं।
आयरन कढ़ाई या तवे को हमेशा सुरक्षित माना जाता है, लेकिन आपको ये ध्यान रखने की जरूरत है कि आयरन के बर्तनों में खाना पकाने के कुछ खास नियम भी होते हैं-

इसे जरूर पढ़ें- मिनटों में हो सकती है दिवाली वाले बड़े बर्तनों की सफाई, स्टील, एल्यूमीनियम और लोहे पर काम करेंगे ये हैक्स
1. आयरन की कढ़ाई में खाना पकाने के लिए कुछ खास नियम-
आयरन की कढ़ाई में कई तरह की सब्जियां पकाई जाती हैं और इन्हें हेल्दी ऑप्शन माना जाता है, लेकिन अगर देखा जाए तो इसमें भी कई तरह की सब्जियों को नहीं पकाना चाहिए। शेफ संजीव कपूर के मुताबिक लोहे की कढ़ाई में खाना पकाते समय ये दो काम नहीं करने चाहिए-
नींबू या खटाई सब्जी में नहीं डालनी चाहिए:
अगर खटाई आप सब्जी में डालेंगे तो ये आयरन के साथ रिएक्ट करेगी और एसिडिक हो जाएगी। ऐसे में आयरन की कढ़ाई से खाने में मेटालिक टेस्ट आ जाएगा।

लोहे की कढ़ाई में कभी नहीं छोड़ना चाहिए खाना:
खाना लोहे की कढ़ाई में अगर आप बना रहे हैं तो ये बहुत जरूरी है कि आप इसमें कभी भी काफी देर के लिए खाना छोड़ें नहीं। ऐसे में खाना काला पड़ता जाएगा और आपको इससे और ज्यादा परेशानी होगी।
अगर लोहे के तवे में बना रहे हैं खाना तो ध्यान रखें-
अगर आप लोहे के तवे पर खाना बना रहे हैं और डोसा या चीला जैसी कोई चीज़ बना रहे हैं तो ये जरूरी है कि आप तवे को सीजन कर दें। यानि तवे में थोड़ा सा तेल होना चाहिए। तवे को सीजन करने का तरीका भी अलग होता है-
आधे कटे हुए प्याज या मसलिन के कपड़े को तेल में डुबोकर तवे पर अच्छी तरह से फैला लें और उसके बाद आप अपने तवे को गैस पर अच्छी तरह से गर्म कर लें। इसे तब तक गर्म करना है जब तक इसमें से धुआं नहीं आने लगता। ऐसा करने पर आपका तवा सीजन हो जाएगा और अब आप तवे पर डोसा और चीला जैसी चीज़ें बना सकते हैं। ऐसे में खाना आपके तवे पर चिपकेगा नहीं।
View this post on Instagram
इसे जरूर पढ़ें- लोहे और मिट्टी के बर्तनों में बना खाना रखता है आपका ताउम्र जवां
लोहे के बर्तनों में कभी नहीं बनाना चाहिए ये खाना-
लोहे के बर्तनों में कुछ खास तरह का खाना नहीं पकाना चाहिए जिससे आपको परेशानी हो सकती है-
- सिट्रिक और एसिडिक फूड्स जैसे खटाई और नींबू
- दूध या डेयरी प्रोडक्ट्स से भरा खाना
- मछली को लोहे के बर्तनों में नहीं पकाना चाहिए
- मीठा खाना कभी लोहे के बर्तनों में नहीं पकाना चाहिए
ये सारे टिप्स अगर आप ध्यान रखेंगे तो लोहे के बर्तनों में भी आप अच्छी तरह से खाना पका पाएंगे और साथ ही साथ अपनी सेहत को भी बेहतर बना पाएंगे। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।