Sat Sep 12, 2026 | Updated 02:39 AM IST

हैदराबाद में इन मंदिरों को नहीं देखा तो समझ लीजिए कि कुछ नहीं देखा

अगर आप हैदराबाद में हैं तो इन मंदिरों का दौरा करके आप शहर के आध्यात्मिक पक्ष को भी बेहद आसानी से एक्सप्लोर कर सकती हैं।
Updated:- 2021-03-25, 11:50 IST
famous hyderabad temples m

तेलंगाना राज्य की राजधानी हैदराबाद की गिनती भारत के सबसे विकसित शहरों में होती है। यह शहर एक प्रमुख आईटी हब है, लेकिन प्रौद्योगिकी के विकास के बावजूद भी यहां का आध्यात्मिक आकर्षण भी कम नहीं है। इस शहर में आपको समृद्ध इतिहास और स्वादिष्ट भोजन के अलावा कई आकर्षण पर्यटन स्थल देखने को मिलेंगे।

चारमीनार, हुसैन सागर झील, बिड़ला मंदिर और सालार जंग संग्रहालय जैसी जगहें हैदराबाद को देश-विदेश में एक अलग पहचान देते हैं। वहीं अगर शहर में स्थित मंदिरों की बात की जाए तो यह भी एक अलग स्थान रखते हैं।

अगर आप यहां पर हैं तो रत्नालयम मंदिर, पेडम्मा मंदिर, श्री आदिनाथ जैन मंदिर आदि जैसे कुछ आकर्षण मंदिरों का दौरा कर सकती हैं और इस बिजी शहर में भी कुछ शांति प्राप्त कर सकती हैं। तो चलिए आज हम आपको हैदराबाद में स्थित कुछ बेहतरीन मंदिरों के बारे में बता रहे हैं-

जगन्नाथ मंदिर

famous hyderabad temples jagannath mandir

ओडिया समुदाय द्वारा निर्मित जगन्नाथ मंदिर बंजारा हिल्स के सुंदर इलाके में स्थित है। आधुनिक वास्तुकला और डिजाइन में बना यह तेलंगाना में सबसे प्रसिद्ध मंदिरों में से एक है। भगवान जगन्नाथ को समर्पित इस मंदिर में भगवान बलराम और सुभद्रा की मूर्तियां भी मौजूद हैं। साथ ही, मुख्य परिसर के अंदर छोटे मंदिर हैं, जो भगवान शिव, पार्वती, हनुमान और गणेश को समर्पित हैं।

इसे जरूर पढ़ें:Jagannath Puri Rath Yatra - इस मजार से क्‍या है भगवान जगन्‍नाथ का रिश्‍ता, जानें रहस्‍य

मंदिर का निर्माण पुरी के जगन्नाथ मंदिर की प्रतिकृति के रूप में किया गया था और मंदिर के अंदर पत्थर की नक्काशी और 70 फीट ऊंचे शिखर निश्चित रूप से दर्शनीय हैं। यहां पर रथ यात्रा जैसे त्यौहारों को बहुत भव्यता और जीवंतता के साथ मनाया जाता है।

रत्नाल्यम मंदिर

famous hyderabad temples ratnalayam mandir

भगवान वेंकटेश्वर, देवी पद्मावती, और देवी अंदल को समर्पित, रत्नालयम हैदराबाद के पास सबसे प्रसिद्ध मंदिरों में से एक है। यह एक सदियों पुराना मंदिर है, और इस मंदिर में भगवान विष्णु को अपनी पत्नियों के साथ आदिशेष पर विश्राम करते हुए फव्वारे को देखने का अपना एक अलग ही आनंद है। इस मंदिर में यज्ञशाला, प्रवचन हॉल, एक विशाल उद्यान और भगवान कृष्ण की एक आकर्षक मूर्ति शामिल है। भक्तों को अक्सर मंदिर के केंद्रीय कक्ष में विष्णु सहस्रनाम का जाप करते देखा जाता है।

बिड़ला मंदिर

famous hyderabad temples birla mandir

एक 280 फीट ऊँची पहाड़ी पर निर्मित, बिड़ला मंदिर (दिल्ली के फेमस मंदिर) हैदराबाद शहर में सबसे सुंदर और प्रसिद्ध मंदिरों में से एक है। यह मंदिर तिरुमाला के भगवान वेंकटेश्वर को समर्पित है। मंदिर का निर्माण दो हजार टन सफेद राजस्थानी संगमरमर से किया गया है, जो इसे अन्य मंदिरों से काफी अलग व विशेष बनाता है।

इस जगह को हैदराबाद के प्रमुख पर्यटक आकर्षणों में शामिल किया जाता है। मुख्य मंदिर के साथ, मंदिर में भगवान गणेश, ब्रह्मा, सरस्वती, विष्णु, शिव और हनुमान की अन्य मूर्तियां हैं। अपने पहाड़ी स्थान के कारण, यह मंदिर हैदराबाद शहर और हुसैन सागर झील के शानदार दृश्य पेश करता है।

पेडम्मा मंदिर

famous hyderabad temples pedamma mandir

हैदराबाद के आसपास के प्रसिद्ध मंदिरों की सूची में पेडम्मा मंदिर भी है। यह स्थानीय लोगों के बीच सबसे प्रसिद्ध मंदिर है, जहाँ वे हैदराबाद के पास के मूल गाँवों के पीठासीन देवता के रूप में संतान लक्ष्मी (सिंह पर बैठी देवी लक्ष्मी) की पूजा करते हैं।

इसे जरूर पढ़ें:भक्ति में लीन होना है तो इन प्रमुख जैन मंदिरों में दर्शन के लिए एक बार पहुंचे

रंगीन गोपुरम, मुख्य गर्भगृह, प्रार्थना हॉल, और मूर्तियां न केवल भक्तों को बल्कि अन्य पर्यटकों को भी आकर्षित करती हैं। वैसे तो आप इस मंदिर में कभी भी जा सकती हैं, लेकिन इस मंदिर में जाने का सबसे अच्छा समय बोनालु उत्सव और रथ सप्तमी के दौरान है, जिसे जून और जुलाई में मनाया जाता है।

श्री आदिनाथ जैन मंदिर

famous hyderabad temples shri adinath jain mandir

हैदराबाद के बाहरी इलाके में एक प्रसिद्ध और महत्वपूर्ण जैन मंदिर श्री आदिनाथ जैन मंदिर है। यह प्राचीन मंदिर जैन समुदाय के दिगंबर संप्रदाय से संबंधित है और इसमें सुंदर वास्तुकला, पत्थर की नक्काशी और लकड़ी की नक्काशी है।

पार्श्वनाथ की मुख्य मूर्ति, जो जेट काले ग्रेनाइट पत्थर से बनी है, 11 फीट ऊंची है और 7 सर्पों वाली खड़ी मुद्रा में दिखाई देती है। इस मंदिर के अन्य आकर्षण मानव-स्तम्भ और महान तीर्थ सम्मेद शिखरजी के मॉडल हैं। मंदिर में एक धर्मशाला भी है, जहां पर आराम करने के लिए कमरे और शुद्ध जैन भोजन विकल्पों उपलब्ध है।

अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।