गर्मियों का मौसम अपने साथ कई तरह की दिक्कतें लेकर आता है। तेज हवाएं और बढ़ता पारे के कारण बहुत सारी शारीरिक समस्याएं जन्म लेती हैं। पाचन का खराब होना भी इनमें से एक है, जो दूसरी शारीरिक समस्याओं को भी बढ़ावा देता है। इसलिए गर्मियों में पाचन को दुरुस्त रखना बेहद जरूरी है और इसके लिए आपको अपनी कुछ आदतों में बदलाव लाना होगा।
इस आर्टिकल में हम आपको इसी बारे में जानकारी देने जा रहे हैं। बता दें कि हमने इस बारे में लखनऊ के जनरल फिजिशियन डॉ. बृजेंद्र सिंह से बात की है और उनसे मिली जानकारी यहां आपके साथ शेयर कर रहे हैं। तो चलिए जानते हैं कि गर्मियों में पाचन संबंधी समस्याओं से बचने के लिए आदतों में किस तरह का बदलाव लाना होगा।
आहार संबंधी आदतों में लाएं ये बदलाव
- पाचन को दुरुस्त बनाने के लिए आहार संबंधी आदतों में बदलाव लाना जरूरी है। इसके लिए आपको हैवी मील के बजाय छोटे-छोटे मील लेने चाहिए। इससे भोजन को पचने में आसानी होगी और आप पाचन संबंधी समस्याओं से बच पाएंगे।
- भोजन आसानी से पच सके, इसके लिए आपको भोजन के समय का ध्यान रखना होगा। अगर आप देर रात में भोजन करते हैं तो तुरंत अपनी ये आदत बदल दें और रात में जल्दी भोजन करना शुरू करें।
- आहार में तरल पदार्थों को अधिक से अधिक शामिल करें, यह न सिर्फ पाचन संबंधी समस्याओं से आपको बचाएंगे बल्कि यह डिहाइड्रेशन से भी बचाएंगे।
- अगर आप अधिक कार्ब्स वाला भोजन लेते हैं तो गर्मियों में ऐसा करने से बचें। अपने आहार में कार्ब्स के बजाय फाइबर युक्त फलों और सब्जियों को शामिल करें ताकि पाचन बेहतर हो सके।
- अगर आप चाय-कॉफी के शौकीन हैं तो आपको अपने इस शौक को गर्मियों के दिनों में छोड़ना पड़ेगा। गर्मियों में कैफीन का अधिक सेवन पाचन पर बुरा असर डालता है। इसलिए आपको इससे दूरी बनानी होगी।
- गर्मियों में बचा हुआ खाना खाने से बचें, यह सीधे तौर पर पाचन को खराब कर सकता है। इससे डायरिया, फूड पॉइजनिंग और दूसरी समस्याएं पेश आ सकती हैं।
- गर्मियों के दिनों में अधिक तैलीय खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें। ऐसा भोजन पाचन संबंधी समस्याओं को सीधे तौर पर बढ़ाता है। इसलिए गर्मियों के दिनों संतुलित और सादा भोजन ग्रहण करना ही बेहतर है।

दैनिक गतिविधियों में लाएं ये बदलाव
- अगर आप गर्मियों में धूप की डर से घर से बाहर नहीं निकलते हैं तो आपको अपनी यह आदत जरूर बदलनी चाहिए। दरअसल, शारीरिक गतिविधि में कमी का सीधा प्रभाव बॉडी के मेटाबॉलिज्म पर पड़ता है।
- शरीर के मेटाबॉलिज्म दुरुस्त रखने के लिए सुबह और शाम के वक्त योग, एक्सरसाइज और दूसरी गतिविधियों में हिस्सा ले सकते हैं। इससे पाचन बेहतर होगा और पाचन से जुड़ी समस्याओं से बच पाएंगे।
- गर्मियों में अगर आपको हैवी एक्सरसाइज करना पसंद नहीं है तो आप एरोबिक एक्सरसाइज को अपने डेली रूटीन में शामिल कर सकते हैं। इसके लिए आप वाकिंग, जॉगिंग, डांसिंग और साइकिलिंग को आजमा सकते हैं।
- आपके मेटाबॉलिज्म पर नींद का भी काफी हद तक असर पड़ता है। इसलिए पाचन को दुरुस्त रखने के लिए पर्याप्त नींद लेना भी जरूरी है। इसलिए कोशिश करें कि हर रोज कम से कम 7 से 8 घंटे की नींद जरूर लें।
- सोने और जागने का समय भी निश्चित रखें, देर रात तक जागने से भी पाचन पर असर पड़ता है। इसलिए रात में एक निश्चित समय पर सोने की कोशिश करें।
- अगर गर्मियों में आपको स्विमिंग करना पसंद है तो ध्यान रखें कि कभी भोजन के तुरंत बाद स्विमिंग न करें। इससे पाचन अग्नि विपरीत प्रभाव पड़ता है और पाचन संबंधी समस्याएं उत्पन्न होती हैं।
इस तरह से आहार और दैनिक गतिविधियों में कुछ बदलाव लाकर आप गर्मियों में पाचन संबंधी समस्याओं से बच सकते हैं। उम्मीद करते हैं कि सेहत और सौंदर्य से जुड़ी यह जानकारी आपके लिए उपयोगी साबित होगी। अगर यह जानकारी आपको अच्छी लगी हो तो इसे अपने दोस्तों और परिचितों के साथ शेयर करना न भूलें।
यह भी पढ़ें- गर्मी में इन सब्जियों को खाने से पाचन रहेगा दुरुस्त
आपकी राय हमारे लिए महत्वपूर्ण है! हमारे इस रीडर सर्वे को भरने के लिए थोड़ा समय जरूर निकालें। इससे हमें आपकी प्राथमिकताओं को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी। यहां क्लिक करें-
Image Credit: Freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों