हिन्दू धर्म में तुलसी के पौधे को बहुत ज्यादा पवित्र माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि जिस घर में तुलसी का पौधा होता है वहां माता लक्ष्मी की कृपा सदैव बनी रहती है। यही नहीं तुलसी को विष्णु प्रिया भी कहा जाता है इसलिए जिस घर में ये पौधा होता है वहां भगवान विष्णु का वास भी होता है। मान्यता यह भी है कि भगवान विष्णु को यदि भोग में तुलसी दल न रखा जाए तो उन्हें वह भोग स्वीकार नहीं होता है।
सनातन धर्म में तुलसी का पौधा सही नियमों और सही जगह पर लगाने की सलाह दी जाती है और यह भी बताया जाता है कि यह पौधा घर में लगा है तो कुछ नियमों का पालन करना अनिवार्य होता है। अयोध्या के जाने माने पंडित राधे शरण शास्त्री जी का कहना है कि तुलसी का पौधा घर में समृद्धि का प्रतीक है लेकिन यदि आप तुलसी के लिए बनाए नियमों का पालन नहीं कर सकते हैं तो आपको ये पौधा भूलकर भी नहीं लगाना चाहिए। आइए जानें कि किस तरह के घरों में तुलसी का पौधा रखना वर्जित माना जाता है।
ऐसी मान्यता है कि जिन घरों में मांस और मदिरा का सेवन होता है वहां तुलसी का पौधा भूलकर भी नहीं लगाना चाहिए। ऐसा कहा जाता है कि ऐसे घरों में तुलसी का पौधा लगाने का सीधा मतलब है माता लक्ष्मी और विष्णु भगवान को नाराज करना। यदि आपके घर में तुलसी का पौधा है तो भूलकर भी आपको मांस मदिरा का सेवन नहीं करना चाहिए और कभी भी इन चीजों का सेवन करने के बाद तुलसी का स्पर्श भी नहीं करना चाहिए। मांस या मदिरा का सेवन करके तुलसी का स्पर्श करने से घर की आर्थिक स्थिति खराब होने के साथ आपका स्वास्थ्य भी प्रभावित हो सकता है।
इसे जरूर पढ़ें:एक्सपर्ट टिप्स: घर में आने वाली परेशानियों का संकेत दे सकता है तुलसी का पौधा, जानें कैसे
ऐसी मान्यता है कि तुलसी के पौधे के लिए सबसे अच्छी दिशा उत्तर और उत्तर पूर्व है। यह भी माना जाता है कि गलत दिशा में लगाया गया तुलसी का पौधा घर में अशांति का कारण बनता है। यदि आपके घर में तुलसी के पौधे के लिए सही दिशा नहीं है तो अपने घर में भूलकर भी यह पौधा न रखें। घर की दक्षिण दिशा में कभी भी यह पौधा नहीं रखना चाहिए अन्यथा यह दुखों का कारण बन सकता है।
यह विडियो भी देखें
यदि आपके घर में स्त्री का अपमान होता है और लड़ाई झगड़े होते हैं तो उन घरों में आपको भूलकर भी तुलसी का पौधा नहीं रखना चाहिए। क्योंकि स्त्री का अपमान करने का मतलब है माता लक्ष्मी का अपमान और ऐसे घर में यदि तुलसी होती है और आप तुलसी पूजन करते हैं तो आपको कभी भी पूजा का सही फल नहीं मिलता है।
अगर आपके घर में तुलसी का पौधा लगाने के लिए बड़ा गार्डन या क्यारी है तब भी आपको तुलसी का पौधा जमीन में न लगाकर गमले में ही लगाना चाहिए। तुलसी को लगाने का सबसे अच्छा स्थान गमले में आंगन के बीचों बीच होता है। इस स्थान पर यदि आप गमले में तुलसी नहीं लगा सकते हैं तो इसे घर से हटा दें क्योंकि जमीन में लगी तुलसी रोगों का कारण भी बनती है।
इसे जरूर पढ़ें:Astro Tips: घर में कब लगाएं तुलसी का पौधा?
यदि आपके घर में तुलसी का पौधा है तो आपको यहां बताए नियमों का पालन जरूर करना चाहिए अन्यथा आप इस पौधे को घर से तुरंत हटा दें। अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit: pixabay.com
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।