Cheap Gardening Hacks| कई लोगों के लिए घर का सबसे खूबसूरत हिस्सा गार्डन ही होता है और उन्हें हमेशा ही अपने पौधों की देखभाल करना अच्छा लगता है। गार्डन में रखे हुए पौधों की देखभाल करने के लिए काफी सारे ऑप्शन्स होते हैं, लेकिन कई लोगों की ये शिकायत होती है कि सारी चीज़ें सही करने के बाद भी उनके पौधों में ठीक तरह से फूल नहीं आते। अगर किसी फूल वाले पौधे में फूल ही ना आएं तो ये यकीनन खराब लगता है।
कई बार महंगे फर्टिलाइजर भी पौधों को फूलों से भर नहीं पाते हैं। ऐसे में क्यों ना कुछ क्विक हैक्स फॉलो किए जाएं जिनकी मदद से आप अपने फूलों के पौधों में बहुत ज्यादा फूल ला सकते हैं। यहां हम आपको पौधों की केयर करने के टिप्स और कुछ DIY फर्टिलाइजर के बारे में बताएंगे। इन हैक्स को करने में आपके ज्यादा पैसे भी नहीं खर्च होंगे और सिर्फ 10 ही रुपए के अंदर आप अपने पौधों को फूलों से भर देंगे।
पौधों में फूल लाने के लिए फर्टिलाइजर-
अगर आप पौधों में फूल लाने के लिए काफी मेहनत कर चुके हैं तो आप इस तरह के फर्टिलाइजर्स का इस्तेमाल कर सकते हैं-
1. कैल्शियम के लिए अंडों से बना फर्टिलाइजर-
अगर आपके घर में ऐसे पौधे लगे हैं जिनके लिए मिट्टी में कैल्शियम का होना बहुत जरूरी है तो आप ये तरीका अपना सकते हैं। ये फर्टिलाइजर बनाना काफी आसान है और इसे आप एक साथ ही ट्राई कर सकते हैं। आपको करना ये है कि अंडों के छिलकों को धोकर सुखा लेना है और इसे क्रश कर लेना है। इन्हें पाउडर की तरह पीसना है और फिर मिट्टी के साथ मिला देना है। आप महीने में एक बार ये ट्राई कर सकते हैं। ऐसे पौधे जिनके लिए कैल्शियम से भरपूर मिट्टी चाहिए उनके लिए ये अच्छा साबित हो सकता है।
इसे जरूर पढ़ें- मोगरे के पेड़ में चाहिए ढेरों फूल तो करें ये काम, खुशबू से महकने लगेगा आपका घर
2. कॉफी का फर्टिलाइजर-
मोगरा और गुलाब जैसे पौधे जिन्हें नाइट्रोजन से भरपूर मिट्टी चाहिए उनके लिए कॉफी ग्राउंड्स बहुत ही अच्छा फर्टिलाइजर साबित हो सकता है। आपको इसके लिए कुछ भी करने की जरूरत नहीं है बस कॉफी ग्राउंड्स को मिट्टी के साथ मिला दें। इसे बहुत ज्यादा ना मिलाएं, एक छोटे पौधे के लिए 1 टेबल स्पून कॉफी ग्राउंड्स काफी होगा। इसे भी 15-20 दिन में एक बार इस्तेमाल करना चाहिए।
3. प्याज का पानी-
ये एक ऐसा फर्टिलाइजर है जो मिट्टी में कई माइक्रोन्यूट्रिएंट्स पर असर करता है और कम से कम खर्च और मेहनत में बहुत अच्छा फर्टिलाइजर बन जाता है। आपको करना ये है कि प्याज और लहसुन के छिलकों को 1 बाल्टी पानी में 3 दिनों के लिए रखना है। इसमें ठीक-ठाक अमाउंट में आपको छिलके डालने हैं और प्याज और लहसुन के अलावा कोई नहीं डालना। इस पानी को 3 दिन बाद छानकर इसमें थोड़ा और पानी मिलाकर पौधों में डालना है। इसे आप 1 महीने में एक बार कर सकते हैं और ये बेहद असरदार तरीका है फास्फोरस, नाइट्रोजन और अन्य माइक्रोन्यूट्रिएंट्स को मिट्टी में मिलाने का।
पानी में मिलाकर डालें ये चीज़-
पानी में आप NPK फर्टिलाइजर की एक चम्मच घोलें और इसे अपने पौधों में डालें। 5 लीटर पानी में सिर्फ 1 चम्मच ही फर्टिलाइजर लगता है और इसके पूरे पैकेट की कीमत 50 से 200 रुपए तक होगी। एक बार इस्तेमाल करने के लिए सिर्फ 1 ही चम्मच लगेगी जिसे आप लगभग 10 रुपए का मान सकते हैं। ये आराम से नर्सरी, सीड स्टोर और ऑनलाइन उपलब्ध होता है और ये थोड़ा सा फर्टिलाइजर ही कई सारे पौधों के काम आ सकता है।
इसे जरूर पढ़ें- पौधों में नहीं आ रहे फल या फिर सब्जियां, तो इस्तेमाल करें ये होममेड लिक्विड फर्टिलाइजर
फूल वाले पौधों की देखभाल के लिए क्या करें?
अगर आपके फूल वाले पौधे बहुत ज्यादा फूल पैदा नहीं कर रहे हैं तो उनकी देखभाल के लिए ये काम जरूर करें-
- रूट ट्रिमिंग हर साल करनी चाहिए जिसमें आप गमले से पौधे को निकाल कर उसकी रूट्स को थोड़ा सा साफ कर और ट्रिम कर दोबारा पॉट में डालें।
- फूलों वाले पौधों की प्रूनिंग ज्यादा करनी होती है और इसलिए ये जरूरी है कि आप उन्हें 15-20 दिन में थोड़ा-थोड़ा छांटते रहें।
- मिट्टी हमेशा मॉइश्चर से भरपूर होनी चाहिए, लेकिन गीली नहीं होनी चाहिए।
- अगर आपको लगता है कि पौधे की मिट्टी में न्यूट्रिएंट्स भरपूर नहीं हैं तो आपको इसे फर्टिलाइज करने की जरूरत है।
- फूलों वाले पौधों को कीड़ों से बचाना जरूरी है। इसके लिए पेस्टिसाइड या नीम का तेल जरूर इस्तेमाल करें।
ये सारे टिप्स आपके गार्डन को बेहतर बनाने के लिए काम आ सकते हैं। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: Freepik/ Shutterstock
क्या आपको ये आर्टिकल पसंद आया ?
आपकी स्किन और शरीर आपकी ही तरह अलग है। आप तक अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी लाना हमारा प्रयास है, लेकिन फिर भी किसी भी होम रेमेडी, हैक या फिटनेस टिप को ट्राई करने से पहले आप अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें। किसी भी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।