बनवाना चाहती हैं ई-पासपोर्ट? तो घर बैठे मोबाइल से करें एप्लाई, जानिए स्टेप बाय स्टेप प्रोसेस

भारत ने पासपोर्ट के सिस्टम को और भी ज्यादा आधुनिक बनाने के लिए एक नया तरीका शुरू किया है। अब भारत में ऐसे पासपोर्ट बन रहे हैं, जिनमें एक छोटी सी चिप लगी होगी, जैसे एटीएम कार्ड में लगी होती है। विदेश मंत्रालय का कहना है कि इन नए पासपोर्ट से सुरक्षा और भी बढ़ जाएगी और विदेश आने-जाने की प्रोसेस में आसानी हो जाएगी।
अभी यह नए तरह का ई-पासपोर्ट भारत के 13 शहरों में बनना शुरू हो गया है और सरकार की योजना है कि इस साल के आखिर तक पूरे देश में यही पासपोर्ट बनेगा।
ई-पासपोर्ट क्या है?
यह ई-पासपोर्ट बिल्कुल आपको पुराने पासपोर्ट की तरह ही दिखाई देगा, लेकिन इसमें एक छोटा-सा बदलाव किया गया है। इसके पिछले कवर के अंदर एक छोटी सी कंप्यूटर चिप और एक एंटीना लगा हुआ है। यह चिप आपके बारे में जरूरी जानकारी जैसे आपकी फोटो, उंगलियों के निशान, जन्म तारीख और पासपोर्ट नंबर को सुरक्षित तरीके से रखती है। नॉर्मल पासपोर्ट से अलग पहचान बनाने के लिए इसके कवर के नीचे एक सुनहरे रंग का 'ई-पासपोर्ट' का निशान बना होता है।
इसे भी पढ़ें- भारतीय पासपोर्ट के अलग-अलग रंगों में से कौन सा है सबसे ज्यादा शक्तिशाली, जानें
भारत के 13 शहरों में ई-पासपोर्ट की सुविधा
हालांकि, यह नया ई-पासपोर्ट भारत के इन 13 शहरों के पासपोर्ट ऑफिस में मिल रहा है।
- दिल्ली
- चेन्नई
- हैदराबाद
- नागपुर
- भुवनेश्वर
- जम्मू
- गोवा
- शिमला
- रायपुर
- अमृतसर
- जयपुर
- सूरत
- रांची
विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा है कि इस साल के आखिर तक भारत के जितने भी पासपोर्ट सेवा केंद्र हैं, उन सभी में ई-पासपोर्ट बनने लगेंगे।
ई-पासपोर्ट की विशेषताएं
ई-पासपोर्ट में जो चिप लगी है, उसमें जो भी जानकारी है, उसे खास तरीके से लॉक किया गया है ताकि कोई इसे चुरा या बदल न सके। यह बिल्कुल वैसा ही है जैसे आप अपने कंप्यूटर या मोबाइल को पासवर्ड से सुरक्षित रखते हैं। विदेश मंत्रालय का कहना है कि इसके लिए एक खास सिस्टम का इस्तेमाल किया जाता है जिससे यह पता चलता है कि डेटा असली है। आपकी जो भी जानकारी पासपोर्ट में हैं, वह वैसी ही बनी रहे और उसमें गड़बड़ी न हो और जब किसी दूसरे देश जाएं, तो आपकी पहचान का गलत इस्तेमाल न हो सके।
इससे यह पक्का होता है कि आपका पासपोर्ट असली है और कोई नकली पासपोर्ट नहीं बना सकता। इससे धोखाधड़ी से बचने में बहुत मदद मिलती है।
इसे भी पढ़ें- तत्काल पासपोर्ट अप्लाई करना है तो यहां जानें पूरी प्रक्रिया
ई-पासपोर्ट के फायदे क्या हैं?
जब आप एयरपोर्ट पहुंचेंगे, तो ई-पासपोर्ट की वजह से आपका काम जल्दी हो जाएगा। वहां ऑटोमेटिक मशीनें लगी होंगी जो इसे तुरंत स्कैन कर लेंगी और आपको लंबी लाइनों में खड़े होकर मैन्युअल चेकिंग कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
ई-पासपोर्ट में जो चिप लगी है, उसमें आपकी जरूरी जानकारी लॉक रहती है। इससे आपकी पहचान चोरी होने या कोई आपके डॉक्यूमेंट्स का गलत इस्तेमाल करने का खतरा बहुत कम हो जाता है।
यह ई-पासपोर्ट अंतर्राष्ट्रीय नियमों के हिसाब से बना है और अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, ब्राजील और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में तो यह पहले से ही इस्तेमाल हो रहा है।
ई-पासपोर्ट के लिए आवेदन कैसे करें?
- सबसे पहले पासपोर्ट सेवा की वेबसाइट https://www.passportindia.gov.in/ पर जाएं।
- वहां पर अपने पास के पासपोर्ट सेवा केंद्र या पोस्ट ऑफिस के पासपोर्ट सेवा केंद्र पर जाने के लिए एक डेट और समय बुक कर लें।
- जब आपकी अपॉइंटमेंट की डेट आए, तो वहां जाकर अपनी बायोमेट्रिक जानकारी दें।
- बायोमेट्रिक जानकारी मतलब आपकी उंगलियों के निशान और फोटो वगरह।
- अगर आपका शहर उन 13 शहरों में से है जहां अभी ई-पासपोर्ट बन रहे हैं, तो आपको जो नया पासपोर्ट मिलेगा वह अपने आप ही ई-पासपोर्ट होगा।
विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि ई-पासपोर्ट पर स्विच करना अनिवार्य नहीं है। सभी मौजूदा पासपोर्ट अपनी एक्सपायरी डेट तक वैध रहेंगे।
हमारी स्टोरीज से जुड़े आपके कुछ सवाल हैं, तो आप हमें आर्टिकल के ऊपर दिए कमेंट बॉक्स में बताएं। हम आप तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।