चींटियों की वजह से खोने लगी है पौधों की रौनक तो इन घरेलू नुस्खों से पाएं छुटकारा

बारिश के मौसम में कई अन्य कीट पतंगों के साथ चींटियां भी बहुतायत में होती हैं। ये चींटियां घर के भीतर रखी हुई खाने की चीज़ों को तो नुकसान पहुंचाती ही हैं और गार्डन के साथ घर के भीतर के पौधों को भी नुकसान पहुंचाती हैं। कई बार ये चींटियां इतनी ज्यादा नुकसानदेह होती हैं कि ये पौधे की जड़ों और पत्तियों तक को नष्ट कर देती हैं।
कुछ उपायों से ये चींटियां घर के भीतर से तो हट जाती हैं लेकिन अगर ये गार्डन या पौधों में लग जाती हैं तो इन्हें दूर करना थोड़ा मुश्किल होता है। यही नहीं ये पौधे की खूबसूरती को भी नष्ट कर देती हैं। इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे घरेलू नुस्खे बताने जा रहे हैं जिनसे आप चींटियों को हटाकर अपने प्लांट्स और गार्डन को सुरक्षित रख सकती हैं।
बेकिंग सोडा और चीनी का पाउडर

आप बेकिंग सोडा और चीनी पाउडर से चींटियों को दूर हटाने की सामग्री तैयार कर सकती हैं। इन दोनों सामग्रियों को किसी तेल जैसे लौंग या नीम तेल की कुछ बूंदों के साथ मिलाएं इस मिश्रण को चींटियों वाले स्थान के पास डालें। इससे चीटियां आकर्षित होती हैं और पौधों को छोड़कर इसी मिश्रण में इकठ्ठा होकर भागने लगती हैं।
सफ़ेद सिरका

सिरका, चीटियों को भगाने में काफी असरदार साबित होता है। चींटियों को भगाने के लिए, बराबर मात्रा में पानी और सफ़ेद सिरका मिलाएं और अपने बगीचे में चींटियों वाले स्थान पर इस घोल का छिड़काव करें। सिरके की तेज गंध चींटियों को छिड़काव वाली जगहों से दूर कर देगी। यदि पौधों के भीतर चींटियां छिपी बैठी होती हैं तब भी वो सिरके से दूर भागने लगती हैं।
इसे जरूर पढ़ें:अगर कम स्पेस में बनाया है होम गार्डन, तो सब्जियों से लेकर फूल उगाने तक ये 5 टिप्स आएंगे काम
नींबू का रस

नींबू की साइट्रस सुगंध चींटियों को रोकने का काम करती है। जबकि इसकी अम्लीय प्रकृति चींटियों को नष्ट कर देती है। इसके लिए आप कॉटन बॉल्स को लेमन एसेंशियल ऑयल में भिगो लें या नींबू के रस में डुबोएं और उन्हें खिड़कियों, दहलीज, अलमारियों और अन्य क्षेत्रों पर रखने के साथ पौधों के पास भी रखें। इससे बहुत जल्द ही चींटियां गमले या गार्डन से दूर भागने लगती हैं।
खीरे के छिलके

खीरे के छिलके का इस्तेमाल आप अपने गार्डन की चींटियों को दूर भगाने के लिए कर सकती हैं। चींटियां स्वाभाविक रूप से खीरे की गंध को पसंद नहीं करती हैं। चींटियों को भगाने के लिए कड़वे स्वाद वाले खीरे सबसे अच्छे होते हैं, लेकिन आप सामान्य खीरे भी ले सकती हैं। इसके लिए गार्डन या प्लांटर में हर दूसरे दिन खीरे के छिलके डालें। इन छिलकों को हर अगले दिन बदलते रहें। यह प्रक्रिया तब तक करें जब तक कि सभी चीटियां गायब न हो जाएं।
लाल मिर्च

लाल मिर्च की तेज, तीखी गंध उन संकेतों को नष्ट कर देती है जिनका उपयोग चींटियां संवाद करने और अपने घोंसले की ओर बढ़ने के लिए करती हैं। एक उपयुक्त संकेत के अभाव में, वे अपना घर बनाने और जीवित रहने में विफल होने लगती हैं। चीटियों को भगाने के लिए खुली जगह पर लाल मिर्च छिड़कना एक अच्छा विकल्प है। आप चींटियों के लिए अधिक शक्तिशाली अवरोध बनाने के लिए हल्दी पाउडर और लाल मिर्च के बराबर भागों को मिला सकती हैं और चींटियों वाली जगह पर इसका छिड़काव कर सकती हैं।
इसे जरूर पढ़ें:Gardening Tips: गुड़हल के पौधे में लग जाएं सफ़ेद कीड़े तो ये 3 ट्रिक्स आएंगे काम
लिक्विड डिश सोप

चीटियों को खत्म करने के लिए डिश सोप अद्भुत काम करता है। इससे चींटियों का दम घुटता है और उनकी कोशिकाओं को तोड़ देता है। जिससे वो या तो दूर भागने लगती हैं या फिर मर जाती हैं। इसके लिए एक कटोरी पानी में एक-एक चम्मच लिक्विड डिश सोप और बेकिंग सोडा मिलाएं। अच्छी तरह मिलाएं और घोल को उन जगहों पर फैलाएं जहां आप चींटियों को प्रवेश करते हुए देखती हैं। आप गार्डन में पौधों के बीच भी इसका स्प्रे कर सकती हैं। ये स्प्रे पौधों को खराब नहीं करता है।
उपर्युक्त सभी घरेलू नुस्खों से आप अपने गार्डन के या भीतर के पौधों को चींटियों से बचाने के साथ पौधों की खूबसूरती भी बनाए रख सकती हैं। अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit: freepik and unsplash
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।