मकर संक्रांति से एक दिन पहले लोहड़ी का त्योहार मनाया जाता है। यह त्योहार पंजाबी समुदाय के लिए खास माना जाता है। लोहड़ी का नाम सुनते ही मूंगफली, रेवड़ी और गजक जैसी चीजों का ख्याल आने लगता है। लेकिन, आज हम मूंगफली-रेवड़ी या गजक की नहीं, बल्कि लोहड़ी स्पेशल थाली में मीठे का जायका लगाने वाली एक पारंपरिक पंजाबी डिश के बारे में बात करने जा रहे हैं। जी हां, यह डिश और कोई नहीं बल्कि गन्ने के रस की खीर है। गन्ने के रस की खीर स्वाद के मामले में बेमिसाल तो होती ही है, साथ ही सेहत के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है।
लोहड़ी के मौके पर सरसों का साग और मक्के की रोटी के साथ गन्ने के रस की खीर फेस्टिवल का मजा दोगुना कर सकती है। अब आप सोच रही होंगी कि गन्ने के रस की खीर कैसे बनाई जा सकती है। क्योंकि, गन्ने का रस डालते ही दूध फट जाता है। लेकिन, यही तो इस पंजाबी खीर को अन्य से अलग बनाती है। आइए, यहां जानते हैं कि गन्ने के रस की खीर कैसे बनाई जा सकती है।
गन्ने के रस की खीर बनाने की विधि

गन्ने के रस की खीर पंजाब की ट्रेडिशनल डिश है। यह पंजाब के गांवों में खूब बनाई जाती है। गन्ने के रस की खीर बनाने के लिए सबसे पहले चावल लें और उसे अच्छे से धोकर पानी में भिगो लें। चावल को पानी में 15 मिनट से लेकर आधे घंटे के लिए भिगा रहने दें।
इसे भी पढ़ें: लोहड़ी में घर पर बनाएं स्वादिष्ट मावा चिक्की, जानें आसान रेसिपी
चावल के भिगोने का समय पूरा होने तक, गन्ने का रस पका लें। गन्ने का रस पकाने के लिए एक गहरा पैन लें। पैन में गन्ने का रस डालें और गैस पर 15 मिनट के लिए पकाएं।
गन्ने का रस जब पकाएंगी, तब ऊपर इंप्योरिटीज आ जाएंगी। उन इंप्योरिटीज को एक चम्मच की मदद से हल्के हाथ से हटा लें। अगर आप इन इंप्योरिटीज को नहीं हटाएंगी, तो खीर बहुत ज्यादा गाढ़े रंग और अजीब-से टेस्ट की बन सकती है। अब भीगे चावल लें और उन्हें हाथ से हल्का मसलकर गन्ने के रस में डाल दें।
चावल और गन्ने के रस को 15 मिनट के लिए हल्की गैस पर पकने के लिए छोड़ दें। समय पूरा होने के बाद गैस बंद कर दें और चम्मच से चावल को अच्छे से मिक्स कर लें।
वहीं, एक दूसरा पैन लें और उसमें कटा नारियल और मूंगफली के दानों को बिना घी या तेल के भून लें। जब नारियल और मूंगफली हल्की ब्राउन हो जाएं तो गैस बंद कर दें।
इसे भी पढ़ें: लोहड़ी पर जरूर बनाएं ये चीज़ें, जश्न में नहीं आएगी कमी
नारियल और मूंगफली के दानों को खीर में डाल दें। फिर चम्मच की मदद से अच्छी तरह से मिक्स कर दें। आपकी गन्ने की खीर अब बनकर तैयार है।
खीर को कटोरियों में डालें और फिर गार्निशिंग के लिए उस पर कटे बादाम, इलायची, काजू, पिस्ता-किशमिश डाल दें।
अब लोहड़ी की स्पेशल थाली में गन्ने के रस की खीर सर्व कर सकती हैं। गर्मागर्म खाने के साथ-साथ गन्ने के रस की इस खीर को ठंडा भी खाया जा सकता है। गन्ने के रस की ठंडी खीर को दही के साथ मिक्स करके भी खाया जा सकता है।
दही के साथ गन्ने के रस की खीर का स्वाद एक अलग ही एक्सपीरियंस दे सकता है। क्योंकि घर का जमा मीठा दही गन्ने के रस की खीर का स्वाद और भी बढ़ा देता है। पंजाब की यह खीर टेस्टी होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है।
हमारी स्टोरी से रिलेटेड अगर कोई सवाल है, तो आप हमें कमेंट बॉक्स में बता सकते हैं। हम आप तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।
अगर आपको स्टोरी अच्छी लगी है, इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हर जिंदगी से।
Image Credit: Freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों