मीठा नहीं अब बनाएं आलू और सूजी के डोनट्स,मास्टर शेफ पंकज भदौरिया से जानें रेसिपी

चाय और स्नैक्स हमारे लिए बहुत जरूरी है। दोपहर में खाना खाने के बाद, शाम को चाय के साथ कुछ नमकीन और स्वादिष्ट चाहिए ही होता है। ऑफिस में तो ब्रेड पकोड़े और समोसे चलते ही रहते हैं, लेकिन घर पर क्या खाएं समझ नहीं आता है। रोज-रोज स्नैक तैयार करना एक टास्क लगता है। वहीं, घरवाले भी अक्सर कुछ नया बनाने की फरमाइश कर देते हैं।
अगर आप भी इस दुविधा में अक्सर फंस जाते हैं, तो मास्टर शेफ पंकज भदौरिया की मदद ले सकते हैं। पंकज भदौरिया अक्सर नई रेसिपीज अपने फैन्स के साथ शेयर करती हैं। इस बार भी उन्होंने एक मजेदार रेसिपी शेयर की है। आलू और सूजी के लजीज डोनट्स कैसे बनाने हैं, आप उनसे सीख सकते हैं। अब डोनट्स की बात आती है, तो लोग बेकरी के मीठी डोनट्स को याद करते हैं। मगर ऐसा किसने कहा कि डोनट्स सिर्फ मीठे होते हैं।
आलू सूजी डोनट Recipe Card
आइए आज आपको मास्टर शेफ पंकज भदौरिया की नायाब रेसिपी आलू सूजी के डोनट के बारे में बताएं।
Ingredients
- 3 मध्यम आकार के आलू
- 1 ½ कप पानी
- 1 प्याज
- 1 बड़ा चम्मच कटी हुई हरी मिर्च
- 1 छोटा चम्मच राई
- स्वादानुसार नमक
- 1 छोटा चम्मच चिली फ्लेक्स
- 1 बड़ा चम्मच कटा हुआ अदरक
- 1 बड़ा चम्मच तिल
- 2 बड़ा चम्मच धनिया
- 1 कप सूजी
- 1 बड़ा चम्मच तेल
- 1 छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
- तेल तलने के लिए
Step
- Step 1:
आलू को कद्दूकस करके एक पैन में पानी के साथ पकाएं।
- Step 2:
इसमें नमक, चिली प्लेक्स, प्याज, हरी मिर्च, राई, तिल और अदरक डालकर मिक्स करें।
- Step 3:
पैन में सूजी डालकर अच्छी तरह से पकने तक 3-4 मिनट के लिए पकाएं।
- Step 4:
आंच बंद करके इसे ठंडा करें और फिर धनिया और तेल डालकर स्मूथ आटा गूंथ लें।
- Step 5:
लोइयों को बॉल के आकार में रोल करें और फिर उनमें बीच में छेद करें।
- Step 6:
एक कड़ाही में तेल डालकर गर्म करें और उसमें डोनट डालकर डीप फ्राई करें। तैयार स्नैक को चाय के साथ खाएं।
आप यह रेसिपी सीखकर घर पर नमकीन डोनट्स ट्राई कर सकते हैं। स्नैक हो या सुबह का नाश्त यह रेसिपी दिन में किसी भी समय खाई जा सकती है। चलिए हम भी पंकज जी की इस रेसिपी को बनाने का तरीका जानें।
इसे भी पढ़ें: सूजी से बनाएं ऐसा क्रिस्पी नाश्ता, देखते ही आ जाएगा मुंह में पानी
आलू और सूजी के डोनट्स बनाने का तरीका-
- मीडियम आकार के आलू को छीलकर एक कटोरे पानी में रखें। इसी बीच प्याज, हरी मिर्च और धनिया बारीक-बारीक काट लें। अदरक को भी कद्दूकस करके रख लें।
- अब आलू को कद्दूकस करें। एक पैन को गैस पर गर्म करने के लिए रखें और उसमें एक कप पानी डालकर गर्म करें। इस पैन में कद्दूकस किया आलू डालकर उसे पकने दें।
- आलू जब नरम होने लगे, तो उसमें बारीक कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च, राई, अदरक, घर पर तैयार चिली फ्लेक्स, तिल और नमक डालकर मिक्स करें। इस मिश्रण को 5-6 मिनट के लिए पकाएं।
- इसके बाद पैन में सूजी डालें और उसे आलू वाले मिश्रण में अच्छी तरह से मिला लें। करछी के पिछले हिस्से से मिश्रण को दबा-दबाकर मिक्स करें। इससे उसमें बनने वाली गांठें टूट जाएंगी। आलू और सूजी के इस मिक्स को तब तक पकाएं, जब तक कि यह पैन के किनारे न छोड़ने लगे।
इसे भी पढ़ें: सिर्फ 30 मिनट में तैयार करें आलू से ये स्वादिष्ट और क्रिस्पी स्नैक्स
- मिश्रण तैयार होने पर आंच बंद कर दें और इसमें ऊपर से ताजा हरा धनिया डालकर मिक्स करें। इसे ठंडा होने के लिए अलग रख दें।
- अब इसमें एक बड़ा चम्मच तेल डालकर अच्छी तरह से गूंथ लें। गूंथे हुए मिश्रण की लोइयां लेकर उसकी बॉल्स बनाएं और फिर उसमें बीच से छेद करें। इसे बिल्कुल वैसे तैयार करना है, जैसा आप वड़ा बनाते वक्त करते हैं।
- सारी लोइयों से इसी तरह से डोनट्स बनाकर प्लेट पर रखते जाएं। दूसरी ओर एक कड़ाही में तेल डालकर गर्म करें। डोनट्स को तेल में डालकर डीप फ्राई करें। जब उनमें सुनहरा रंग आ जाए, तो उन्हें एक पेपर टॉवल पर निकालकर रखें।
- आपका स्वादिष्ट स्नैक तैयार है। इसे चटनी के साथ सर्व करें और चाय के साथ आनंद लें।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।